Last Updated:
Jehanabad Student Organic Fertilizer Innovation: हमारे आस-पास ऐसी कई चीजें हैं, जो काम की हैं लेकिन जाने-अनजाने में उनका सही इस्तेमाल नहीं हो पाता है. कई बार यही चीजें हमारे इकोसिस्टम को प्रभावित करती हैं. जलकुंभी भी इन्हीं में से एक है, जो जलीय जीवों को प्रभावित करती है. हालांकि, अगर आपको यह मालूम हो जाए कि जलकुंभी किसानों की साथी बन सकती है, तो कैसा महसूस होगा? इस काम को कर दिखाया है जहानाबाद जिले स्थित डीएवी स्कूल की राजनंदनी ने. 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस प्रतियोगिता में जलकुंभी से प्रोजेक्ट तैयार कर वह राज्य स्तरीय अवॉर्डी बनी हैं. अब वह राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी.
दरअसल, राजनंदनी ने हमारे इकोसिस्टम में वेस्ट के रूप में मौजूद जलकुंभी पर रिसर्च किया. इस दौरान पता लगा कि यह वेस्ट नहीं, बल्कि किसानों की मददगार है. ऐसे में उन्होंने इस पर काम करना शुरू कर दिया. कई किताबों में पढ़ा, इंटरनेट का सहारा लिया और साइंस टीचर के साथ गाइड टीचर से बात की. इस तरह पाया कि जलकुंभी और गुड़ की मदद से जैविक खाद तैयार की जा सकती है.
क्योंकि हमारे यहां खेतों में रासायनिक खाद का खूब प्रयोग किया जाता है. इससे न सिर्फ मिट्टी की गुणवत्ता खराब हो रही है, बल्कि हमारे शरीर पर भी बुरा असर पड़ रहा है. इस तरह जलकुंभी से जल के इकोसिस्टम पर पड़ने वाले असर का समाधान निकालने की प्रक्रिया शुरू की. वे कहती हैं, अभी प्रोजेक्ट को घर पर तैयार किया है और इसके लिए गुड़, पानी और जलकुंभी का सहारा लिया.
इन सभी चीजों को एक डिब्बे में बंद कर कुछ दिनों तक सड़ने दिया. इस तरह कुछ दिनों बाद जब यह प्रोजेक्ट तैयार हुआ, तो इसे मैंने पहले प्रखंड स्तर पर, फिर जिला स्तर पर और अब राज्य स्तरीय 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस प्रतियोगिता में प्रस्तुत किया. वहां मेरे प्रोजेक्ट का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन हुआ.
Add News18 as
Preferred Source on Google
राजनंदनी ने कहा कि जुलाई में मुझे इसकी जानकारी मिली और अगस्त से काम करना शुरू कर दिया. इस तरह सभी टीचर्स के मार्गदर्शन और खुद की रिसर्च का बखूबी इस्तेमाल करते हुए हमने जलकुंभी से एक ऐसी खाद तैयार की है, जो पौधों की जड़ों में डालने से उनकी ग्रोथ, उत्पादन और ओवरऑल विकास में मददगार साबित होगी. हमारे जजों को यह शोध अच्छा लगा, जिसके चलते इस प्रोजेक्ट को अब मैं राष्ट्रीय स्तर पर लेकर जाने वाली हूं.
खास बात यह है कि जिस चीज से मैं खाद तैयार कर रही हूं, वह हमारे जल और जलीय जीवों को काफी प्रभावित करती है. देखा जाए तो यह एक तरह की परेशानी सबके लिए बन चुकी है. अगर यह प्रोजेक्ट सफल होता है, तो न सिर्फ जल से जलकुंभी हटेगी, बल्कि जलीय जीवों को भी काफी राहत मिलेगी.