जहानाबाद: बिहार के जहानाबाद जिला मुख्यालय से 20 KM दूर एक गांव में संयुक्त परिवार है. जहां नौकरी, पेशा अलग अलग लोग हैं, लेकिन तीज त्योहार के समय आंगन में पंगत पर संगत की परंपरा जिंदा है. यहां 75 सदस्यों का परिवार एक ही छत के नीचे रहता है. जिले के घोसी प्रखंड के सेरथुआ गांव के इस परिवार की मिसाल हर कोई देता है. इस परिवार में ब्रजनंदन शर्मा सबसे बड़े हैं और उनकी उम्र करीब 75 साल हो रही है. सेरथुआ के ब्रजनंदन शर्मा अपने घर में 7 भाई, 11 बेटा, 12 बेटी के साथ बहु, दामाद और बच्चों के साथ रहते हैं. आइये जानते हैं इस परिवार के बारे में.
इस घर में एक चूल्हा जलता है. जहां पर परिवार के सभी सदस्यों का खाना बनता है. किचन भी है, जहां चूल्हा पर खाना बनने के बाद सबका खाना रखा जाता है. घर की महिलाएं मिलकर एक साथ सुबह और शाम का खाना बनाती हैं. जानकारी के अनुसार, वैसे परिवार में 7 लोग सरकारी नौकरी करते है और तीन सदस्य बिजनेस करते हैं. वहीं, जमीन का बंटवारा भी अब तक नहीं हुआ है. इस घर के बच्चों को यह भी नहीं मालूम है कि हमारी जमीन कहां है? हर कोई दादा और पिताजी को कमा कर पैसे या अन्य जो सामान है, देता रहता है.
एक ही घर में बनता है 55 किलो ठेकुआ
छठ महापर्व का समय चल रहा है. ऐसे में इस घर में भी छठ पूजा हो रहा है और एक साथ 13 व्रती छठ पूजा कर रही हैं. घर में एक साथ 11 पसेरी ठेकुआ बनता है. इसके लिए 15 से 20 किलोग्राम तक की घी की व्यवस्था करनी होती है. जानकारी के अनुसार, इस वक्त ब्रजनंदन शर्मा के परिवार में 60 सदस्य की मौजूदगी है और उन सभी सदस्यों का खाना एक साथ पकता है.
7 भाई, 11 बेटे और 12 बेटियों का है यह परिवार
घर के सबसे बड़े सदस्य ब्रजनंदन शर्मा ने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि हमारा घर में 75 सदस्यों का संयुक्त परिवार एक साथ आज भी टीका है. हम लोग 7 भाई हैं, जिसमें कुछ चचेरे भी हैं, लेकिन कभी यह महसूस ही नहीं हुआ कि हमलोग अलग हैं. एक साथ पले बढ़ें और अपने बच्चों को खेती बाड़ी करके शादी ब्याह की. इस तरह से हम सबका समाज आगे बढ़ा. संयुक्त परिवार टिकने का सबसे बड़ा कारण है कि मन में कभी विकार ही नहीं आया कि हम अलग हैं और हमारा भाई अलग. त्याग करते हुए परिवार को सींचा है, जिसके चलते हमारा परिवार संयुक्त है. बहुत गर्व महसूस होता.
बाहर रहने के बाद भी नहीं रहती है टेंशन
वहीं, घर के युवा सदस्य सच्चिदानंद गौतम बताते हैं कि हम लोग बहुत गर्व महसूस करते हैं. संयुक्त परिवार होने के चलते यह महसूस नहीं रहता है कि हमारी मां कैसी होंगी और चाची को कौन देख भाल करेगा? बहुत शांति से कोलकाता में रहकर जॉब करता और एंजॉय करता. हमारे घर में जब परिवार की एकजुटता होती है तो त्योहार के समान लगता. बाहर से बुलाने की जरूरत ही नहीं होती है.
एक ही चूल्हा पर महिलाएं बनाती हैं खाना
उधर घर की महिला सदस्य मगहिया कल्याणी कहती हैं कि हम बहुत सौभाग्यशाली हैं, जिसमें ऐसा घर मिला है. यहां 50 से अधिक सदस्य रहते हैं और एक साथ खाना पीना बनता, लेकिन कभी यह एहसास नहीं होता कि हम दूसरों के लिए कुछ भी कर रहे हैं. आज तक घर में बंटवारा नाम की बात नहीं सुनी है. यह शब्द क्या है? सबकुछ एक साथ है, जिससे बहुत आनंदमयी जीवन व्यतीत होता है.