US-Pakistan Relations: ईरान को आर्थिक रूप से घेरने के लिए अमेरिका उसके पड़ोसी देशों पर दबाव बढ़ा रहा है. वह चाहता है कि पाकिस्तान, तुर्की और इराक ईरान के साथ अपने सीमा पार व्यापार पर रोक लगाएं और आने-जाने वाले सामान की जांच सख्त करें. लेकिन ये देश अमेरिका की बात पूरी तरह मानने को तैयार नहीं हैं. पाकिस्तान ने भी ईरान से लगने वाली सीमाओं को पूरी तरह बंद नहीं किया है. अब अमेरिका ने सऊदी अरब से मदद मांगी है, ताकि वह पाकिस्तान और तुर्की को अपनी बात मानने के लिए राजी कर सके.
बिजनेस इनसाइड अफ्रीका की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारियों ने सऊदी अरब से कहा है कि वह पाकिस्तान और तुर्की के साथ अपने सैन्य संबंधों का इस्तेमाल कर दोनों देशों पर दबाव बनाए. अमेरिका चाहता है कि ये देश ईरान के साथ व्यापार के रास्तों पर सख्ती करें. वॉशिंगटन को लगता है कि इससे ईरान तक सामान और दूसरी मदद पहुंचाना मुश्किल होगा.
पाकिस्तान क्यों नहीं बंद कर रहा ईरान से लगे रास्ते?
तुर्की और इराक भी अमेरिका के साथ नहीं
अमेरिका की मांग को लेकर पाकिस्तान अकेला नहीं है. तुर्की ने भी अपने बॉर्डर नियमों में बड़े बदलाव नहीं किए हैं. इराक ने तो साफ कहा है कि ईरान से लगने वाले सभी रास्ते बंद करना उसके लिए आसान नहीं होगा. इराक के विदेश मंत्री फौद हुसैन के मुताबिक, अमेरिका चाहता था कि ईरान के साथ दो सीमा चौकियों को छोड़कर बाकी सभी रास्ते बंद कर दिए जाएं. उन्होंने कहा कि ऐसा करने से इराक की अर्थव्यवस्था को नुकसान होगा. इराक ने तस्करी रोकने के लिए शीब सीमा चौकी को कुछ समय के लिए बंद किया है, लेकिन सभी रास्ते बंद करने से परहेज किया है.
सऊदी अरब से क्यों मांगी मदद?
अमेरिका को उम्मीद है कि सऊदी अरब के कहने पर पाकिस्तान और तुर्की सीमा पर सख्ती कर सकते हैं. दोनों देशों के साथ मक्का पैक्ट के जरिए सऊदी अरब के सैन्य संबंध हैं, इसलिए अमेरिका उसे इस मामले में अहम मान रहा है. हालांकि, ईरान को लेकर अमेरिका और सऊदी अरब के बीच पहले भी मतभेद रहे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई में सऊदी अरब ने अमेरिका से ईरान पर आर्थिक दबाव बढ़ाने को कहा था. सितंबर में जब सऊदी ने हूती विद्रोहियों पर हमले करने को कहा तो राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इससे इनकार कर दिया. अमेरिका ने सिर्फ खुफिया जानकारी और निशाना तय करने में मदद दी.
ईरान को घेरने के लिए अमेरिका का नया अभियान
अमेरिका ने 7 नवंबर को ‘टास्क फोर्स आयरन गेट’ शुरू किया. इसका मकसद ईरान की जमीन और कैस्पियन सागर के रास्ते हथियार, सैन्य तकनीक और प्रतिबंधित सामान की आवाजाही रोकना है. अमेरिका की नजर हूती, हिज्बुल्लाह और हमास जैसे ईरान समर्थित संगठनों तक पहुंचने वाली मदद पर भी है.