दो विकेट हाथ में और चाहिए थे 86 रन, PAK के खिलाफ भारत ने ऐसे पलटा मैच
Last Updated:
IND vs PAK U19 Asia Cup Final Turning Point: मनल चौहान और मोहित उल्वा के बीच नौवें विकेट के लिए हुई 35 गेंदों में 57 रन की साझेदारी मुकाबले का सबसे बाद टर्निंग पॉइंट साबित हुई. इस पार्टनरशिप ने न सिर्फ भारत को मैच में वापस लाया, बल्कि मोहित में वो आत्मविश्वास जगाया, जिससे उन्होंने आखिरी गेंद तक मैच खींचकर जीत दिला दी.
मनल चौहान और मोहित उल्वा ने लिखी जीत की इबारत.
नई दिल्ली. भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर-19 एशिया कप का एक रोमांचक फाइनल मुकाबला खेला गया. फैंस की धड़कनें बढ़ाने वाले इस खिताबी मुकाबले में आखिर गेंद पर भारत ने जीत दर्ज की. पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 337 रन बनाए थे. 338 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने आखिरी गेंद पर खिताबी जीत दर्ज की. टीम इंडिया के रन चेज के दौरान एक समय ऐसा आया था, जब पाकिस्तान का पलड़ा पूरी तरह से भारी नजर आ रहा था, लेकिन भारत ने नौवें और 10वें नंबर के बल्लेबाज ने वो करिश्मा कर दिखाया, जो क्रिकेट इतिहास के पन्नों में सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया. चलिए इस मुकाबले के सबसे बड़ी टर्निंग पॉइंट के बारे में आपको बताते हैं.
252 रन पर गिर चुके थे 8 विकेट
टारगेट का पीछा करते हुए भारतीय टीम को आर्यवीर सहवाग और लक्ष्य रायचंदानी ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई. दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 95 रन साझेदारी हुई. आर्यवीर 58 रन की पारी खेलकर आउट हो गए, लेकिन लक्ष्य ने एक छोर संभाले रखा और अर्धशतक पूरा किया. लक्ष्य ने वीके विनीत के साथ दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी करके भारतीय पारी को संभाले रखा. हालांकि, विनीत (24) के आउट होने के बाद भारतीय पारी लड़खड़ा गई. 146 रन पर भारत का दूसरा विकेट गिरा. इसके बाद आलम यह रहा कि 251 के स्कोर तक आते-आते भारत ने 6 और विकेट गंवा दिए. स्कोर अब 251/8 हो गया. इस दौरान लक्ष्य 80 रन की पारी खेलकर आउट हुए. अन्वय द्रविड़ का बल्ला नहीं चला. वो 19 रन ही बना सके. अर्जुन राजपूत भी सस्ते में चलते बने. यहां से भारत का जीतना मुश्किल लगने लगा, लेकिन बाजी इसके बाद ही पलटी.
मनल-मोहित ने बदला मैच का रुख
पाकिस्तान को जीत दिखने लगी थी, क्योंकि भारत को जब आठवां झटका लगा तब उसे 51 गेंदों में 86 रन की दरकार थी और हाथ में सिर्फ दो ही विकेट थे. भारतीय खेमे में भी शांति सी छा चुकी थी, लेकिन क्रीज पर मोहित उल्वा तो कुछ और ही ठान कर आए थे. शुरुआती कुछ गेंदों में मोहित ने पहले मनल का साथ दिया. इसके बाद अपने हाथ खोलने शुरू किए. दूसरी ओर, मनल मौका मिलते ही बड़े शॉट खेल रहे थे. कुछ गेंदें खेलकर ही मोहित भी बाउंड्री लगाने लगे. देखते ही देखते इन दोनों की अर्धशतकीय साझेदारी से भारत ने 300 रन का स्कोर पार कर लिया, जिसने भारत की जीत की उम्मीदें जगा दीं. भारतीय खेमे में भी चेहरे खिल उठे. तभी भारत को नौवां झटका लग गया. मनल टीम के 309 रन के स्कोर पर आउट हो गए. उनकी पारी 47 रन पर खत्म हुई.
अब चाहिए थे 16 गेंदों में 29 रन
मनल के आउट होने के बाद भारत को जीत के लिए 16 गेंदों में 29 रन बनाने थे, लेकिन सबसे बड़ा डर ये था कि एक ही विकेट बचा हुआ है और 11वें नंबर के बल्लेबाज चिगुरुपति वेंकट को मोहित का साथ देना होगा. हालांकि, वेंकट ने 48 ओवर की समाप्ति तक एक चौका लगाकर भारत के स्कोर को 313/9 पहुंचा दिया. आखिरी दो ओवर में अब 25 रन चाहिए थे. 49वें ओवर में मोहित की दो बाउंड्री और वेंकट के एक चौके सहित कुल 17 रन आ गए, जिससे अब भारत को आखिरी ओवर में जीत के लिए 8 रन बनाने थे. टीम इंडिया और उनके फैंस को अब जीत आसान लगने लगी, लेकिन इस ओवर में भी भरपूर ड्रामा देखने को मिला.