11723 से बढ़कर 12543 हुए मतदान केंद्र, कौन से बूथ संवेदनशील और क्रिटिकल? पुराने रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

11723 से बढ़कर 12543 हुए मतदान केंद्र, कौन से बूथ संवेदनशील और क्रिटिकल? पुराने रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस


Uttarakhand Assembly Election 2027: उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं. इस बार चुनाव में मतदान केंद्रों की बढ़ी संख्या के साथ पुलिस और प्रशासन के सामने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी नई चुनौती है. मतदाताओं की संख्या, भौगोलिक परिस्थितियों और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद मतदान केंद्रों का पुनर्गठन किया गया है. अब प्रशासन इन केंद्रों को सामान्य, संवेदनशील और क्रिटिकल श्रेणियों में बांटने की तैयारी कर रहा है. इसके लिए पुलिस और प्रशासन पुराने चुनावी रिकॉर्ड से लेकर मौजूदा स्थानीय परिस्थितियों तक का आकलन कर रहे हैं.

वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रदेशभर में 11,723 मतदान केंद्र थे, जबकि पुनर्गठन के बाद इनकी संख्या बढ़कर 12,543 हो गई है. यानी पिछले लोकसभा चुनाव की तुलना में 820 मतदान केंद्र बढ़े हैं. मतदान केंद्रों की संख्या में यह इजाफा केवल प्रशासनिक व्यवस्था का विस्तार नहीं है, बल्कि चुनाव के दौरान सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी भी बढ़ाता है. अब हर मतदान केंद्र पर पर्याप्त सुरक्षा बल, निगरानी और मतदान संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है.

पुराने चुनावी रिकॉर्ड से होगी संवेदनशील बूथों की पहचान

मतदान केंद्रों को संवेदनशील और क्रिटिकल श्रेणियों में चिह्नित करने के लिए पिछले चुनावों के दौरान सामने आई घटनाओं को आधार बनाया जाएगा. जिन क्षेत्रों में मतदान के दौरान विवाद, हिंसा, मतदाताओं को डराने-धमकाने, दबाव बनाने या मतदान प्रक्रिया प्रभावित करने की शिकायतें मिली थीं, उन केंद्रों का विशेष रूप से परीक्षण किया जाएगा. इसके अलावा स्थानीय स्तर पर राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों, क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े पहलुओं को भी ध्यान में रखा जाएगा.

गढ़वाल रेंज के आईजी राजीव स्वरूप के मुताबिक, मतदान केंद्रों के वर्गीकरण की प्रक्रिया में पुराने चुनावी अनुभव और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखा जा रहा है. संवेदनशील और क्रिटिकल मतदान केंद्रों की पहचान के बाद उसी के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था तैयार की जाएगी. उनका कहना है कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पहले से आकलन और तैयारी जरूरी है.

सुरक्षा के लिहाज से अलग-अलग होगी रणनीति

देहरादून पुलिस भी चुनावी तैयारियों के तहत मतदान केंद्रों का आकलन कर रही है. एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के मुताबिक, पिछले चुनावों में सामने आई घटनाओं और वर्तमान परिस्थितियों के आधार पर मतदान केंद्रों की संवेदनशीलता का आकलन किया जाएगा. पुलिस पुराने रिकॉर्ड के साथ स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटा रही है, ताकि सामान्य, संवेदनशील और क्रिटिकल बूथों की पहचान की जा सके. श्रेणी के अनुसार ही सुरक्षा बलों की तैनाती और निगरानी की व्यवस्था तय होगी.

बूथ बढ़े तो निगरानी की जिम्मेदारी भी बढ़ी

प्रदेश में मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ने के बाद प्रशासन के सामने सुरक्षा बलों की उपलब्धता और उनकी प्रभावी तैनाती का सवाल भी अहम होगा. सामान्य बूथों पर नियमित सुरक्षा व्यवस्था रहेगी, जबकि संवेदनशील और क्रिटिकल केंद्रों पर अतिरिक्त निगरानी और जरूरत के मुताबिक विशेष सुरक्षा इंतजाम किए जा सकते हैं. चुनाव नजदीक आने के साथ इस पूरी व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जाएगा.

दरअसल, चुनाव की निष्पक्षता केवल मतदान की प्रक्रिया पूरी कराने से सुनिश्चित नहीं होती, बल्कि हर मतदाता को बिना किसी दबाव और भय के वोट डालने का माहौल देना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है. ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव में बढ़े हुए मतदान केंद्रों के साथ संवेदनशील और क्रिटिकल बूथों की पहचान पुलिस-प्रशासन की तैयारियों की अहम कसौटी बनने जा रही है.



Source link