Tata Group : 150 साल में पहली बार बदलेगा टाटा समूह के कामकाज का तरीका, नोएल ने खुद दिया संकेत

Tata Group : 150 साल में पहली बार बदलेगा टाटा समूह के कामकाज का तरीका, नोएल ने खुद दिया संकेत


Last Updated:

Tata Group : टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा ने कहा है कि टाटा संस की शेयर बाजार में लिस्टिंग के बाद समूह के कामकाज का तरीका बदल जाएगा. उन्होंने कहा कि समूह के 150 साल के इतिहास में पहली बार ऐसा होगा जब परोपकार के बजाय मुनाफे को प्राथमिकता दी जा सकती है.

Zoom

टाटा संस की लिस्टिंग के बाद समूह में कामकाज का तरीका बदल सकता है.

नई दिल्ली. टाटा समूह के कामकाज का तरीका पूरी तरह बदलने वाला है. ऐसा 150 साल में पहली बार होगा जब टाटा समूह के आंतरिक कामकाज में बदलाव आएगा. यह संकेत टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा ने खुद दिया है. उन्होंने कहा कि टाटा संस को शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराने के बाद 150 साल से अधिक पुराने इस समूह के काम करने का तरीका बुनियादी रूप से बदल जाएगा. उन्होंने जोर देकर कहा कि कंपनी की सबसे बड़ी हिस्सेदार संस्था समूह के गैर-सूचीबद्ध स्वरूप को बनाए रखने के लिए नियामकों के साथ बातचीत करने में रचनात्मक भूमिका निभाएगी.

नोएल ने एक कार्यक्रम में कहा कि कुछ लोग समूह की होल्डिंग कंपनी को सूचीबद्ध कराने का प्रस्ताव रख रहे हैं, लेकिन उन्हें डर है कि लिस्टिंग के बाद शेयरधारकों की संख्या बढ़ने से इसका ध्यान परोपकार से हटकर मुनाफे पर केंद्रित हो जाएगा. उन्होंने इस पर चिंता भी जताई और कहा कि टाटा संस की लिस्टिंग पूरे समूह की कार्यशैली बदल जाएगी. उन्होंने कहा कि किसी दिन यदि हमारे 30-40 हजार शेयरधारक हो जाते हैं तो परोपकार के ऊपर मुनाफे को प्राथमिकता मिल सकती है. मुझे लगता है कि इससे टाटा के काम करने का तरीका बुनियादी रूप से बदल जाएगा.

समाधान निकालने की चल रही कोशिश
नोएल ने कहा कि टाटा ट्रस्ट नियामकों और अन्य पक्षों के साथ मिलकर एक ऐसा समाधान निकालने की कोशिश करने में रचनात्मक भूमिका निभाएगा, जिससे टाटा की कार्यशैली वैसी ही बनी रहे जैसी वह है. नोएल ने कहा कि ‘टाटा की कार्यशैली’ निरंतरता का प्रतिनिधित्व करती है. समूह के करिश्माई उद्यमी रतन टाटा के निधन के बाद टाटा ट्रस्ट की कमान संभालने वाले नोएल ने कहा कि मौजूदा मॉडल में मालिक की न तो मृत्यु हो सकती है, न वह सेवानिवृत्त हो सकता है और न ही उसे खरीदा जा सकता है.

समूह में चल रहा मतभेद
नोएल टाटा की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब देश के सबसे बड़े कारोबारी समूह के शीर्ष स्तर पर मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं. नोएल के नेतृत्व वाला टाटा ट्रस्ट लिस्टिंग के खिलाफ है. वहीं, चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के नेतृत्व वाले टाटा संस के प्रबंधन का कहना है कि उसे देश के कानून का पालन करना होगा और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के निर्देशों के अनुसार कंपनी को सूचीबद्ध कराना होगा.



Source link