बेटे की मन्नत से आस्था शुरू, सामाजिक विरोध के बाद भी 25 साल से नजमा का छठ जारी
Last Updated:
Gopalganj Najma Khatun Chhath Faith Story: गोपालगंज के विशम्भरपुर गांव की मुस्लिम महिला नजमा खातून पिछले 25 वर्षों से पूरी श्रद्धा के साथ छठ महापर्व कर रही हैं. मन्नत पूरी होने के बाद उन्होंने यह व्रत शुरू किया था. जानिए आस्था की इस अनोखी कहानी को.
आलोक कुमार/गोपालगंज: लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ सामाजिक सद्भाव, विश्वास और अटूट श्रद्धा का प्रतीक है. इस पर्व की महिमा ऐसी है कि आस्था के सामने धर्म की सीमाएं भी छोटी पड़ जाती हैं. गोपालगंज जिले के थावे प्रखंड अंतर्गत विशम्भरपुर गांव की रहने वाली मुस्लिम महिला नजमा खातून पिछले 25 वर्षों से पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ छठ महापर्व कर रही हैं. उनकी आस्था और विश्वास की कहानी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है. जानें नजमा की कहानी.
जिउतिया और छठ दोनों पर्व दोनों करती
लोकल 18 से बातचीत में नजमा खातून ने बताया कि वह जिउतिया और छठ दोनों पर्व करती हैं. उनकी पांच बेटियों के जन्म के बाद एक बेटे का जन्म हुआ था, लेकिन उसका एक पैर ठीक से काम नहीं करता था. इसी दौरान एक रात उनके सपने में छठी मइया आईं. उन्होंने सपने में बेटे का पैर ठीक होने की बात कही और छठ व्रत करने का संदेश दिया. उस समय गांव के लोग छठ पूजा करने घाट जा रहे थे. बेटे की परेशानी को देखते हुए नजमा खातून ने मन ही मन संकल्प लिया कि यदि उनके बेटे का पैर ठीक हो जाएगा तो वह अगले वर्ष से छठ व्रत करेंगी.
बेटे का पैर ठीक होने के बाद शुरू किया छठ व्रत
नजमा खातून के अनुसार, इसके बाद उनके बेटे का पैर ठीक हो गया. उन्होंने इसे छठी मइया का आशीर्वाद और अपनी मन्नत पूरी होना माना. इसके बाद उन्होंने छठ व्रत करना शुरू कर दिया. तब से लगातार 25 वर्षों से वह पूरी निष्ठा और श्रद्धा के साथ इस कठिन व्रत को करती आ रही हैं. उन्होंने बताया कि उनके पति मुस्लिम मियां ने भी पांच वर्षों तक उनके साथ छठ व्रत किया था. नजमा खातून कहती हैं कि छठ पूजा के प्रति उनकी गहरी आस्था और लगाव है. मुस्लिम समाज के कुछ लोग उनके इस फैसले का विरोध भी करते हैं, लेकिन उन्हें इसकी परवाह नहीं है. वह कहती हैं, ”मैं आधी हिंदू और आधी मुस्लिम हूं. यदि मेरे समाज के लोग मुझे छोड़ भी देंगे तो भी मुझे कोई फर्क नहीं पड़ेगा. मेरी आस्था मेरे विश्वास से जुड़ी है और मैं इसे पूरी श्रद्धा से निभाती रहूंगी.”
देवरानी भी पांच वर्षों से कर रही हैं छठ
इसी परिवार की एक और महिला, नजमा खातून की देवरानी और हनीफ मियां की पत्नी सैरुन खातून भी पिछले पांच वर्षों से छठ व्रत कर रही हैं. उन्होंने बताया कि करीब पांच वर्ष पहले उनके पति गंभीर बीमारी से पीड़ित हो गए थे. उस दौरान उन्होंने छठी मइया से मन्नत मांगी थी. मन्नत पूरी होने के बाद उन्होंने भी छठ व्रत करना शुरू कर दिया. तब से वह लगातार इस परंपरा को निभा रही हैं. विशम्भरपुर गांव की इन दोनों महिलाओं की कहानी आस्था, विश्वास और सामाजिक सद्भाव का संदेश देती है. इनकी श्रद्धा बताती है कि धार्मिक आस्था व्यक्तिगत विश्वास का विषय है और यह किसी एक धर्म या समुदाय की सीमा में बंधी नहीं होती. छठ के प्रति इनका समर्पण आपसी सम्मान, धार्मिक एकता और सामाजिक सौहार्द की सुंदर मिसाल पेश कर रहा है.