Last Updated:
Narkui River Story: सीधी की नरकुई नदी को लोग अछूत मानते हैं. मान्यता के अनुसार, भगवान राम द्वारा राक्षस नरकासुर के वध के बाद यह नदी रक्त से बहने लगी थी. मवाई गांव के लोग आज भी इसका पानी पीने के लिए इस्तेमाल नहीं करते और राजा-महाराजा भी इसे हाथी से पार करते थे.
रिपोर्ट: ओंकार प्रसाद मिश्र
Sidhi News: सीधी जिले में एक बेहद अनोखी और रहस्यमयी नदी है. इस नदी का नाम नरकुई है. स्थानीय लोग आज भी इस नदी का पानी पीने के लिए उपयोग नहीं करते हैं. लोग इस नदी से काफी दूरी बनाकर रहते हैं. पौराणिक और स्थानीय मान्यताओं के कारण इसे अछूत माना जाता है.
सीधी के मवाई गांव के रहने वाले निवासी राकेश सिंह ने इस नदी के रहस्य की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि प्राचीन काल में यहां नरकासुर नाम का एक राक्षस रहता था. उस समय भगवान श्रीराम चित्रकूट में निवास कर रहे थे. पौराणिक कहानी के अनुसार, जब राक्षस नरकासुर पेशाब करता था, तो उसकी छींटें चित्रकूट तक जाते थे.
खून की नदी क्यों पड़ा नाम
नरकासुर की इस हरकत से क्रोधित होकर भगवान श्रीराम ने चित्रकूट से ही अपना धनुष-बाण चलाया था. बाण के प्रहार से राक्षस नरकासुर का अंत हो गया. वध के समय यह नदी लगातार एक घंटे तक नरकासुर के रक्त से बहती रही. राक्षस के खून से बहने के कारण यह नदी पूरी तरह से लहूलुहान हो गई थी. इसी वजह से नरकुई नदी को ‘खून की नदी’ भी कहा जाता है.
नदी से राजा दूर रहते थे
मान्यता है कि राक्षस के रक्त के प्रभाव से यह नदी अछूत हो गई थी. पहले के जमाने में राजा-रजवाड़े और राजा-महाराजा भी इस नदी के समीप आने से बचते थे. वे नदी के जल में अपना पैर भी नहीं रखते थे. जब भी राजाओं को यह नदी पार करनी होती थी, तो वे हाथी पर सवार होकर इसे पार करते थे.
राक्षस जुड़े कई प्रमाण मौजूद
आज भी क्षेत्र में नरकासुर राक्षस से जुड़े कई प्रमाण देखने को मिलते हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, राक्षस का दाहिना हाथ और एक कुठला आज भी यहां बना हुआ है. आज भी स्थानीय लोग इस नदी का पानी पीने के उपयोग में नहीं लाते हैं. हालांकि, नदी के किनारे बसे लोग कपड़े धोने या अन्य दैनिक कामों में इसके जल का उपयोग कर लेते हैं. लेकिन, पीने के जल के रूप में इसका इस्तेमाल आज भी कोई नहीं करता है.