manish returns to muzaffarpur from canada and celebrates chhath festival

manish returns to muzaffarpur from canada and celebrates chhath festival


Last Updated:

Bihar Chhath Festival: कनाडा में 20 साल से रह रहे मनीष सिंह और उनकी पत्नी प्रियंका तीन साल बाद मुजफ्फरपुर के प्रतापपुर गांव छठ मनाने लौटे हैं. माइनस 40 डिग्री ठंड के बावजूद वे कनाडा में भी छठ मनाते हैं.

ख़बरें फटाफट

मुजफ्फरपुर: बिहार का महापर्व छठ केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था, परंपरा और गहरी भावनाओं का प्रतीक है. इसकी एक अनूठी झलक मुजफ्फरपुर के एक ऐसे परिवार में देखने को मिली है, जो पिछले करीब 20 वर्षों से कनाडा में रह रहा है. विदेश में बसने के बावजूद इस परिवार का अपनी मिट्टी और छठ महापर्व से जुड़ाव आज भी उतना ही गहरा है. यही वजह है कि तीन साल के लंबे अंतराल के बाद पूरा परिवार छठ मनाने के लिए अपने पैतृक गांव बिहार लौटा है. हम बात कर रहे हैं मुजफ्फरपुर जिले के मड़वन प्रखंड अंतर्गत करजा थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव निवासी मनीष सिंह और उनकी पत्नी प्रियंका की. मनीष ने बताया कि वे करीब 20 वर्षों से कनाडा में सेटल हैं, जबकि शादी के बाद उनकी पत्नी भी पिछले 11 वर्षों से उनके साथ वहीं रह रही हैं. आमतौर पर वे हर साल छठ मनाने बिहार आते थे, लेकिन इस बार कुछ व्यक्तिगत परिस्थितियों के कारण तीन साल का गैप हो गया. करीब एक सप्ताह पहले ही वे अपने परिवार के साथ गांव पहुंचे हैं. अब छठ की तैयारियों में पूरी तरह जुट गए हैं.

होटल मैनेजमेंट से लेकर कनाडा में सफल बिजनेस तक
मनीष ने बताया कि उन्होंने मुजफ्फरपुर से होटल मैनेजमेंट में ग्रेजुएशन किया था. इसके बाद वे कनाडा चले गए और वहां अपना रेस्टोरेंट बिजनेस शुरू किया. आज वे अपनी पत्नी के साथ मिलकर अपना फैमिली बिजनेस सफलतापूर्वक संभाल रहे हैं. उनके परिवार में उनकी पत्नी प्रियंका, सात साल की बेटी अतुल्या और 14 महीने का बेटा वरदान भी शामिल हैं.

“छठ हमारे लिए सिर्फ एक पर्व नहीं, इमोशन है”
छठ के प्रति अपनी भावनाएं जाहिर करते हुए मनीष कहते हैं कि छठ को सिर्फ एक पर्व कहना सही नहीं होगा. यह बिहारियों की पहचान और जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा है. उन्होंने आगे कहा, “छठ हमारे लिए एक इमोशन है. इसके सामने बाकी सारे त्योहार फीके पड़ जाते हैं. हम पूरे साल इसी इंतजार में रहते हैं कि छठ में अपने गांव और परिवार के बीच आना है. हमारी छुट्टियों से लेकर सालभर की प्लानिंग तक सब कुछ छठ के हिसाब से ही तय होती है. यही नहीं उनके परिवार में शादी-ब्याह और दूसरी जरूरी योजनाएं भी छठ के कैलेंडर को ध्यान में रखकर ही बनाई जाती हैं.

कनाडा में कैसे शुरू हुई छठ पूजा?
मनीष ने बताया कि कनाडा में भी भारतीय समुदाय के लोग अपने त्योहार मनाते हैं, लेकिन छठ का आयोजन करना थोड़ा चुनौतीपूर्ण होता है. वहां अलग-अलग राज्यों के लोग रहते हैं. ऐसे में सभी को एकजुट करना आसान नहीं था. कनाडा में भारतीय सांस्कृतिक सोसायटी और मंदिर के बोर्ड सदस्यों से बातचीत के बाद वहां छठ आयोजन की शुरुआत हुई. शुरुआत में महज पांच परिवार मंदिर में एक साथ छठ मनाते थे, लेकिन अब यह संख्या बढ़कर 20 से अधिक परिवारों तक पहुंच चुकी है.

माइनस 40 डिग्री की ठंड भी नहीं डिगा पाई आस्था
कनाडा की कड़ाके की ठंड भी इनकी अटूट आस्था के आगे बाधा नहीं बन सकी. मनीष की पत्नी प्रियंका ने बताया कि वहां कभी-कभी तापमान माइनस 40 डिग्री तक पहुंच जाता है. उन्हें वर्ष 2018 का पहला आयोजन याद है, जब माइनस 10 से 15 डिग्री तापमान में भी लोगों ने पूरे विधि-विधान से छठ किया था. ठंड से बचने के लिए मोटे जैकेट, कैप, हूडी और बूट पहनने पड़ते हैं, लेकिन व्रतियों और श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आती. तीन साल बाद अपने गांव लौटे इस परिवार के लिए यह छठ सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि अपनी जड़ों, मिट्टी, परिवार और संस्कृति से दोबारा जुड़ने का एक खास अवसर है. सात समंदर पार रहने के बावजूद मनीष और प्रियंका का संदेश बिल्कुल साफ है. जगह बदल सकती है, देश बदल सकता है, लेकिन एक बिहारी के दिल से छठ की आस्था और अपनी मातृभूमि का जुड़ाव कभी कम नहीं हो सकता.



Source link