अंतिम गेंद पर मिली हार से सदमें पाकिस्तानी कप्तान फरहान यूसुफ? जानें क्या कहा
Last Updated:
मेंस अंडर-19 एशिया कप में भारत के खिलाफ अंतिम गेंद पर मिली हार के बाद पाकिस्तानी टीम के कप्तान फरहान यूसुफ सदमें में हैं. फरहान की अगुवाई में पाकिस्तान ने मैच में भारत को 338 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य दिया था, लेकिन आखिरी गेंद पर बाजी पलट गई. मैच के बाद फरहान ने माना कि भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने उसकी टीम से अच्छा खेल दिखाया.
पाकिस्तान अंडर-19 टीम के कप्तान फरहान यूसुफ
नई दिल्ली: मेंस अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को अंतिम गेंद पर 1 विकेट से हराया. पाकिस्तान के कप्तान फहरहान यूसुफ को ये हार ताउम्र याद रहेगी, क्योंकि उनकी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 337 रन का स्कोर खड़ा किया, लेकिन अंतिम ओवर में उनके गेंदबाज 8 रन को डिफेंड नहीं कर पाए. इस करीबी हार से फरहान काफी हताश नजर आए. मैच के बाद उन्होंने माना कि उनकी टीम ने एक अच्छा स्कोर खड़ा किया था, लेकिन भारत ने उनसे अच्छा क्रिकेट खेला और 338 रन बनाकर मैच को अपने नाम किया.
मैच के बाद फरहान ने कहा, “हम एक अच्छा स्कोर बनाने में कामयाब रहे थे, लेकिन भारत ने बेहतरीन क्रिकेट खेला. हमारी गेंदबाजी में सटीकता की कमी थी, जिसकी वजह से भारत इस लक्ष्य को हासिल कर सका. हमारे तेज गेंदबाजों ने काफी ज्यादा समय लिया, जिसके कारण हमें मैच में ओवर-रेट पेनल्टी का सामना करना पड़ा. मैं फैंस को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं और उनसे अपील करता हूं कि वे पाकिस्तान को अपना समर्थन देना जारी रखें.”
मोहित-मनाल की पार्टनरशिप को फरहान ने माना एक्स फैक्टर
भारत के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तानी कप्तान फरहान ने मोहित और मनाल चौहाल के बीच हुई पार्टनरशिप को एक्स फैक्टर माना. मोहित और मनाल के बीच 57 रनों की अहम साझेदारी हुई, जिससे टीम इंडिया की जीत की उम्मीद बनी रही. हालांकि, मनाल 32 गेंद में 47 रनों की पारी खेलकर आउट हो गए थे, लेकिन मोहित अंतिम गेंद तक डटे रहे.
मनाल जब आउट हुए थे तब भारत को जीत के लिए 36 रन की जरूरत और उसके पास सिर्फ एक विकेट बचा हुआ था. इसके बाद मोहित ने मोर्चा संभाला और अंतिम गेंद पर चौका जड़कर टीम इंडिया को चैंपियन बनाया. 10वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे मोहित 26 गेंद में 49 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें 5 चौके और 3 छक्का भी शामिल रहा.