Gold Price Prediction: एक हफ्ते में ₹5,100 सस्ता हुआ सोना, क्या और घटेंगे दाम?

Gold Price Prediction: एक हफ्ते में ₹5,100 सस्ता हुआ सोना, क्या और घटेंगे दाम?


Agency:एजेंसियां

Last Updated:

Gold Rate Forecast : सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी है. एक हफ्ते में सोना भारतीय और अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में चार फीसदी गिर गया. भारतीय सर्राफा बाजार में 6 नवंबर की सुबह 24 कैरेट सोने का भाव ₹1,41,023 प्रति 10 ग्राम था जो 13 नवंबर को आते-आते लुढ़ककर ₹1,35,884 प्रति 10 ग्राम हो गया. यानी एक ही सप्ताह में सोना ₹5,139 सस्ता हो गया.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में शुक्रवार को हाजिर सोने (Spot Gold) की कीमत में 0.5 फीसदी की मामूली रिकवरी दिखी और यह 3,894.52 डॉलर प्रति औंस पर पहुंचा. वहीं, दिसंबर डिलीवरी वाले अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर का भाव भी 0.4 फीसदी बढ़कर 3,898.70 डॉलर प्रति औंस हो गया है. लेकिन इस हल्की तेजी के बावजूद साप्ताहिक आधार पर सोना करीब 4 फीसदी टूट चुका है.

सोने की इस गिरावट के पीछे कई समीकरण काम कर रहे हैं. सबसे बड़ी वजह अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने की बढ़ती आशंका और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों से महंगाई बढ़ने की चिंता है. गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में करीब 3 फीसदी की भारी गिरावट दर्ज की गई थी, जिससे भाव एक साल से भी अधिक समय के निचले स्तर पर पहुंच गया.

मध्य पूर्व में शांति की उम्मीदें कमजोर पड़ने से कच्चे तेल में तेजी आई, जिससे महंगाई बढ़ने और ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची बने रहने का डर पैदा हो गया. चूंकि सोने पर निवेशकों को कोई सीधा ब्याज नहीं मिलता, इसलिए ब्याज दरें बढ़ने की आहट से इसका आकर्षण कम हो गया है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, बाजार में इस भारी बिकवाली को तेज करने में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक बयान ने भी आग में घी डालने का काम किया है. एचडीएफसी सिक्‍योरिटीज के कमोडिटी सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी के मुताबिक, ट्रंप ने हाल ही में कहा कि वॉशिंगटन को तेहरान के साथ किसी शांति समझौते की जरूरत नहीं है. उनके इस बयान के बाद जल्द कूटनीतिक समाधान निकलने की उम्मीदें कमजोर पड़ गईं, जिससे निवेशकों ने घबराहट में सोने की बिकवाली शुरू कर दी. इस दबाव के चलते गुरुवार को सोना 52 सप्ताह के नए निचले स्तर तक फिसल गया.

सोने के अलावा इस सप्‍ताह अन्य कीमती धातुओं पर भी दबाव साफ दिख रहा है. हाजिर चांदी 50.05 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रही और प्लैटिनम 0.31 फीसदी गिरकर 1,513.92 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, हालांकि पैलेडियम में 2 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई.

अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में आई मंदी का असर भारतीय सर्राफा बाजार पर भी पड़ा. 14 नवंबर को दिल्ली में 999 फाइन चांदी की कीमत घटकर ₹1,76,640 प्रति किलो रह गई, जबकि मुंबई में यह ₹1,76,940 प्रति किलो के स्तर पर कारोबार कर रही है. Giottus.com के सीईओ विक्रम सुब्बुराज के अनुसार, अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड की यील्ड में बढ़ोतरी और अमेरिकी डॉलर की लगातार मजबूती के कारण कीमती धातुओं पर चौतरफा दबाव बना हुआ है, जिससे चांदी भी संभल नहीं पा रही है.

क्या सोने के दाम आगे भी और गिरेंगे या यहां से फिर तेजी लौटेगी? इस पर बाजार के जानकारों की राय काफी दिलचस्प है. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, विज्‍डम ट्री के कमोडिटी स्ट्रैटेजिस्ट नीतेश शाह का मानना है कि लगातार गिरावट के कारण सोना ओवरसोल्ड जोन में पहुंच गया था, इसी वजह से गुरुवार की बड़ी गिरावट के बाद शुक्रवार को हल्की खरीदारी लौटी. उनके अनुसार, मौजूदा स्तरों पर सोने का मूल्यांकन काफी कम है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसे 3,850 डॉलर प्रति औंस के आसपास एक बेहद मजबूत सपोर्ट मिल रहा है.

सोने की आगे की चाल तय करने में अमेरिकी केंद्रीय बैंक यानी फेडरल रिजर्व का फैसला सबसे अहम भूमिका निभाने वाला है. न्यूयॉर्क फेडरल रिजर्व बैंक के अध्यक्ष जॉन विलियम्स ने गुरुवार को साफ संकेत दिया कि केंद्रीय बैंक महंगाई के ऊंचे स्तर को नीचे लाने के लिए प्रतिबद्ध है और मजबूत अर्थव्यवस्था के बावजूद ब्याज दरों में और बढ़ोतरी की जा सकती है.

कुल मिलाकर आने वाले दिनों में सोने की कीमतें दो विपरीत ताकतों के बीच फंसी नजर आ सकती हैं. एक तरफ जहां दिसंबर में अमेरिकी ब्याज दरें बढ़ने की प्रबल संभावना और मजबूत डॉलर सोने की कीमतों पर दबाव बनाए रखेंगे और इसे बड़ी तेजी से रोकेंगे. वहीं दूसरी तरफ, 3,850 डॉलर प्रति औंस का मजबूत तकनीकी सपोर्ट और घरेलू बाजार में शादियों की सीजनल खरीदारी निचले स्तरों पर सोने को सहारा देगी.



Source link