Last Updated:
Crude Oil Price : ग्लोबल बाजार में क्रूड की कीमतें अभी भले ही बढ़ रही हैं, लेकिन जल्द ही सप्लाई डिमांड से भी ज्यादा होने वाली है. अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी ने कहा है कि चौथी तिमाही में क्रूड की सप्लाई, उसकी डिमांड से ज्यादा रहने वाली है. इसकी वजह ओपेके प्लस देशों की ओर से उत्पादन बढ़ाना है. खाड़ी देशों ने भी क्रूड की सप्लाई बढ़ाकर युद्ध से पूर्व की स्थिति तक पहुंचा दिया है. इसका फायदा घरेलू बाजार में पेट्रोल-डीजल की खुदरा कीमतों को कम करने में भी मिल सकता है.
खाड़ी देशों से क्रूड की सप्लाई युद्ध से पूर्व की स्थिति में पहुंच गई है.
नई दिल्ली. आसमान छूती कच्चे तेल की कीमतें जल्द ही जमीन पर आ सकती हैं. इससे घरेलू बाजार में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी कटौती की संभावना बन सकती है. इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) ने अपनी हालिया रिपोर्ट में बताया है कि ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की सप्लाई चौथी तिमाही में डिमांड से भी ज्यादा पहुंच सकती है. इससे ग्लोबल मार्केट में क्रूड की कीमतों में नरमी आने की संभावना और बढ़ जाएगी.
इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी ने बताया कि अक्टूबर से दिसंबर के बीच ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की सप्लाई औसतन 10.5 करोड़ बैरल प्रतिदिन पहुंच सकती है, जबकि इस दौरान डिमांड सिर्फ 17 लाख बैरल प्रतिदिन रहने की संभावना है. इससे पहले एजेंसी ने चौथी तिमाही में क्रूड की सप्लाई उसकी डिमांड के मुकाबले कम रहने का अनुमान लगाया था. लेकिन, तेल उत्पादक देशों की ओर से लगातार बढ़ रहे उत्पादन के कारण अब सप्लाई सरप्लस रहने का अनुमान लगाया है. एजेंसी का कहना है कि ईरान युद्ध के बाद पहली बार क्रूड की सप्लाई डिमांड के मुकाबले ज्यादा रहने वाली है.
खाड़ी देशों से फिर बढ़ने लगा निर्यात
ईरान युद्ध की वजह से खाड़ी देशों में तेल का उत्पादन कम हो गया था, लेकिन अब दोबारा युद्ध से पूर्व की स्थिति में लौट रहा है. फरवरी के आखिर में अमेरिका-इजराइल के साथ युद्ध शुरू होने के बाद खाड़ी देशों से तेल का निर्यात काफी कम हो गया था. अब ये देश अपना उत्पादन बढ़ाने के लिए दूसरे तरीके अपना रहे हैं. एनर्जी एजेंसी का कहना है कि खाड़ी देशों ने होर्मुज के रास्ते अपने टैंकर भेजने का नया जुगाड़ निकाल लिया है. खाड़ी देश अब डार्क क्रॉसिंग तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं. वे होर्मुज से गुजरते समय अपने ट्रैकिंग सिग्नल बंद कर देते हैं, ताकि हमलों से बचा जा सके.
ओपेक ने कितना बढ़ाया उत्पादन
क्रूड उत्पादक देशों के सबसे बड़े संगठन ओपेक प्लस ने अक्टूबर में अपना क्रूड उत्पादन बढ़ाकर 4.12 करोड़ बैरल प्रतिदिन तक पहुंचा दिया है. यह सितंबर के मुकाबले 20.4 लाख बैरल ज्यादा है और युद्ध के पहले के स्तर का 97 फीसदी पहुंच चुका है. आईईए ने यह भी कहा है कि अगले साल फरवरी के अंत तक सदस्य देशों की ओर से 7.1 करोड़ बैरल तेल उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें 1.5 करोड़ बैरल डीजल भी शामिल है. डीजल की सप्लाई बढ़ने से खुदरा बाजार में इसकी कीमतों पर दबाव कम होगा.
अभी दुनियाभर में घट रही डिमांड
अंतरराष्ट्रीय एनर्जी एजेंसी का कहना है कि अभी ग्लोबल मार्केट में क्रूड का भाव काफी ज्यादा है. यही वजह है कि अभी दुनियाभर में क्रूड की डिमांड कम हो गई है. इसकी वजह से तेल की डिमांड 27 लाख बैरल प्रतिदिन कम हो गई है. साल 2027 में फिर इसमें सुधार आएगा और डिमांड करीब 20 लाख बैरल बढ़ सकती है. तेल की सप्लाई सिर्फ ओपेक प्लस देश ही नहीं बढ़ा रहे, बल्कि अमेरिका, कनाडा, ब्राजील, अर्जेंटीना और गुयाना भी अपना उत्पादन करीब 16 लाख बैरल प्रतिदिन बढ़ा चुके हैं. यही वजह है कि अगले साल क्रूड की सप्लाई बढ़कर 10.81 करोड़ बैरल प्रतिदिन पहुंचने की संभावना है. इससे बाजार में रिकवरी आएगी और तेल की कीमतों पर काबू पाया जा सकेगा.