छठ बाजार में महंगाई की मार! सूप-डाला के दाम बढ़े, जानिए पूजा सामग्री का रेट
Last Updated:
Begusarai Chhath Market Price Ground Report: बिहार में NH-31 बीहट सिमरिया बाजार में छठ पूजा की खरीदारी के लिए पटना, लखीसराय, खगड़िया और बेगूसराय के लोग पहुंच रहे हैं. इस बार सूप-डाला समेत कई पूजन सामग्रियों के दाम बढ़े हैं, लेकिन बिक्री पिछले साल के मुकाबले सामान्य से कम है. जानिए इस बार छठ बाजार में क्या है सामानों का रेट और महंगाई की वजह. Ground Report
Begusarai Chhath Market Price Ground Report: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बाजार सज चुके हैं. व्रती और श्रद्धालु पर्व की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं. बाजारों में सूप, डाला, दौरा, ढकिया और डलिया समेत छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्रियों की खरीदारी हो रही है. लेकिन इस साल छठ बाजार में महंगाई और बिक्री की सुस्ती दोनों देखने को मिल रही है. कहीं पिछले साल की तुलना में सामानों के दाम बढ़े हैं, तो कहीं बिक्री कम होने के कारण दुकानदारों को कीमतों में कमी करनी पड़ रही है. छठ बाजार की ग्राउंड रिपोर्ट बेगूसराय के NH-31 स्थित सिमरिया/बीहट बाजार से है. यह बाजार छठ पूजा की खरीदारी के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जाता है. यहां सड़क के दोनों किनारों पर करीब दो किलोमीटर तक 50 से अधिक दुकानें सजती हैं. इन दुकानों पर बेगूसराय के अलावा पटना, लखीसराय, खगड़िया, बाढ़, बख्तियारपुर और बलिया तक के लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं.
कारीगरों की कमी से बढ़े सूप-डाला के दाम
LOCAL18 पर बताया गया कि बाजार में दुकान लगाने वाले कारोबारियों का कहना है कि इस बार सूप और डाला बनाने वाले कारीगरों की संख्या कम हो गई है. छोटे-मोटे उद्योग और पारंपरिक निर्माण कार्यों में कमी आने से बाजार में सामान की उपलब्धता प्रभावित हुई है. दुकानदार खुद सामान नहीं बनाते, बल्कि कारीगरों से खरीदकर बाजार में बेचते हैं. ऐसे में उन्हें भी बढ़ी हुई कीमत पर सामान खरीदना पड़ रहा है. छठ के दुकानदार रामउदगार तांती बताते हैं कि इस बार महंगाई थोड़ी बढ़ गई है. पहले बड़ी संख्या में लोग सूप और डाला बनाने का काम करते थे, लेकिन अब यह काम करने वाले लोग कम हो गए हैं. दुकानदारों को कारीगरों से सामान खरीदकर लाना पड़ता है. ऐसे में लागत बढ़ने के बाद उन्हें भी कीमत बढ़ानी पड़ती है. उनका कहना है कि ग्राहक बढ़ी हुई कीमत पर सामान खरीदना नहीं चाहते हैं. ऐसे में दुकानदारों की कमाई भी पिछले साल की अपेक्षा कम हो रही है.
जानिए सूप, डाला और ढकिया का क्या है रेट
दुकानदार श्रवण कुमार ने LOCAL18 को बताया कि इस बार छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्रियों के दाम अलग-अलग हैं. बाजार में छोटा डाला करीब 100 रुपये से शुरू हो रहा है, जबकि ढकिया की कीमत 250 से 300 रुपये तक है. सूप की कीमत करीब 80 से 90 रुपये बताई जा रही है. वहीं, सूक्ति की कीमत करीब 40 रुपये है. बताया गया कि कुछ सामग्रियों की कीमत पिछले साल की तुलना में काफी बढ़ गई है. इसकी प्रमुख वजह निर्माण करने वाले मजदूरों और कारीगरों की कमी है. पहले गांवों में भी बड़ी संख्या में लोग बांस और अन्य सामग्रियों से छठ का सामान तैयार करते थे, लेकिन अब यह काम सीमित होता जा रहा है. इससे बाजार में सामान की लागत बढ़ी है.
100 के बदले अब खर्च करने पड़ते हैं 1000 रुपये
छठ बाजार में खरीदारी करने पहुंचे बुजुर्ग ग्राहक आत्माराम महंगाई को लेकर अपनी चिंता जाहिर करते हैं. उनका कहना है कि पहले छठ पूजा की जरूरी सामग्रियों की खरीदारी करीब 100 रुपये में हो जाती थी, लेकिन अब उसी तरह की खरीदारी के लिए लगभग 1000 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि पिछले 10 से 15 वर्षों में महंगाई काफी बढ़ गई है. हालात ऐसे हो गए हैं कि कई लोगों के लिए छठ पर्व की तैयारी करना भी मुश्किल होता जा रहा है. पर्व की परंपरा निभाने के लिए लोगों को पहले की तुलना में काफी अधिक खर्च करना पड़ रहा है.
कुछ दुकानदारों ने बिक्री कम होने पर घटाए सामानों के दाम
हालांकि, बाजार में सभी दुकानदारों की राय एक जैसी नहीं है. दुकानदार सुनील कुमार बताते हैं कि इस साल पिछले साल की तुलना में छठ का बाजार सामान्य रहा है. उनके मुताबिक, बिक्री कम होने का असर कुछ सामग्रियों की कीमतों पर भी पड़ा है. उन्होंने बताया कि पिछले साल जिस ढकिया की कीमत करीब 300 रुपये तक थी, इस बार बिक्री कम होने की वजह से उसकी कीमत घटाकर 250 रुपये कर दी गई है. बता दें कि यहां से बाढ़, बख्तियारपुर, पटना, बेगूसराय, बलिया और खगड़िया तक के लोग छठ की सामग्री लेकर जाते हैं.