Last Updated:
Awanish Sharan IAS Chhath Puja Viral Post: छत्तीसगढ़ कैडर के चर्चित आईएएस अवनीश शरण ने सोशल मीडिया पर छठ महापूजा से जुड़ा पोस्ट शेयर किया है. उनका यह वायरल संदेश समाज, परिवार और संस्कृति को जोड़ने की अनूठी दास्तान बयां करता है. आईएएस अवनीश शरण से समझिए छठ महापर्व के गहरे मायने.
Awanish Sharan IAS: आईएएस अवनीश शरण ने छठ पूजा पर बहुत खूबसूरत पोस्ट शेयर किया है
नई दिल्ली (Awanish Sharan IAS Chhath Puja Viral Post). आईएएस अधिकारी की पहचान केवल फाइल्स निपटाने या ऑफिस चलाने तक सीमित नहीं होती. असली अधिकारी समाज की नब्ज को समझते हैं और अपनी जड़ों से जुड़े रहते हैं. छत्तीसगढ़ कैडर के 2009 बैच के चर्चित आईएएस अधिकारी और वर्तमान में रायपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी (RDA) के सीईओ अवनीश शरण अपनी सादगी और अनूठे विचारों के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने हाल ही में सोशल मीडिया पर छठ पूजा से जुड़ा पोस्ट शेयर किया है.
छठ पूजा के अवसर पर आया आईएएस अवनीश शरण का खास संदेश
आईएएस अवनीश शरण सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं. उन्होंने आईएएस बनने के सफर से लेकर अपनी फिटनेस जर्नी तक, सबकुछ सोशल मीडिया पर शेयर किया है. उन्होंने छठ महापर्व के बहाने समाज का वह सच उजागर किया है, जिसे हम आधुनिकता की दौड़ में पीछे छोड़ते जा रहे हैं. उनके पोस्ट में लिखा है कि छठ सिर्फ धर्म या समाज के किसी एक वर्ग के लिए नहीं है, बल्कि हर उस शख्स के लिए जरूरी है, जो अपनी जड़ों से कट चुका है. यह पर्व बच्चों के घर लौटने का बहाना है.
Awanish Sharan IAS Post: आईएएस अवनीश शरण ने छठ पूजा का महत्व समझाते हुए पोस्ट लिखा है
महानगरों की चकाचौंध और अपनों की तलाश
आज की लाइफस्टाइल में लोग बड़े शहरों के 2 कमरों के फ्लैट में सिमट कर रह गए हैं. ऐसे में छठ जैसा महापर्व बिखरते और टूटते परिवारों को एक सूत्र में पिरोने का काम करता है. यह त्योहार आने वाली पीढ़ी को अहसास कराता है कि जीवन सिर्फ 4 दीवारों और गैजेट्स तक सीमित नहीं है, बल्कि एक बड़ा परिवार, खुला आसमान और कलकल बहती नदियां भी हमारी दुनिया का हिस्सा हैं. जिन बच्चों ने नदियों को सिर्फ किताबों में देखा है, उन्हें अपनी संस्कृति और प्राकृतिक धरोहर के करीब लाने का यह सबसे बड़ा माध्यम है.
समानता, प्रकृति और नारी शक्ति का अनूठा संदेश
अवनीश शरण के इस पोस्ट में इस पर भी जोर दिया गया है कि छठ दुनिया का इकलौता ऐसा पर्व है जो बिना किसी पुरोहित या कर्मकांड के समानता की वकालत करता है. यहां हर कोई समान घाट पर खड़े होकर सिर्फ उगते ही नहीं, बल्कि डूबते सूरज को भी प्रणाम करता है. यह प्रकृति के हर रूप का आदर करना सिखाता है. यह पर्व बांस के सूप, दौरा और मिट्टी के बर्तन बनाने वाले उन मेहनतकश लोगों की आजीविका को भी जीवंत रखता है, जिनके बिना समाज अधूरा है.
आईएएस अवनीश शरण का यह संदेश महिलाओं को कमजोर समझने वाले लोगों को भी करारा जवाब देता है. छठ का कठिन व्रत और अनुशासन नारी शक्ति की असली ताकत बयां करता है.