सर्दियों में ज्यादा गहरे दिख रहे आंखों के काले घेरे, डार्क सर्कल्स कम करने के लिए अपनाएं ये 6 उपाय

सर्दियों में ज्यादा गहरे दिख रहे आंखों के काले घेरे, डार्क सर्कल्स कम करने के लिए अपनाएं ये 6 उपाय


कई बार अच्छी नींद लेने के बाद भी आंखें थकी हुई दिखाई देती हैं. इसका कारण सिर्फ नींद की कमी नहीं, बल्कि सर्दियों में त्वचा का रूखापन, ब्लड सर्कुलेशन में बदलाव और एलर्जी भी हो सकती है. दरअसल, आंखों के नीचे काले घेरे होने की दो प्रमुख वजहें ज्यादा पिगमेंटेशन और पतली त्वचा के नीचे दिखाई देने वाली ब्लड वेसल्स हैं. सर्दियों में नमी की कमी से ये दोनों समस्याएं ज्यादा साफ नजर आने लगती है. इसके अलावा, घर में लगातार हीटर चलाने से भी हवा शुष्क हो जाती है. इसका असर धीरे-धीरे चेहरे की नमी पर पड़ता है और दिन खत्म होते-होते आंखों के नीचे का हिस्सा ज्यादा थका हुआ दिखाई देने लगता है.

इसके अलावा सर्दियों में दिन छोटे होने और धूप कम मिलने से शरीर की नेचुरल बॉडी क्लॉक प्रभावित हो सकती है. इससे थकान और आंखों के नीचे नीलेपन की समस्या बढ़ सकती है. वहीं, आंखों के नीचे ब्लड फ्लो में बदलाव होने से नसें ज्यादा दिखाई दे सकती हैं, जिससे डार्क सर्कल्स गहरे लगते हैं. इसके साथ ही ठंड में नाक बंद होना और एलर्जी की समस्या बढ़ सकती है.इससे आंखों के नीचे ब्लड जमा होने लगता है और कालापन नजर आता है. इतना ही नहीं स्क्रीन टाइम बढ़ना भी डार्क सर्कल्स के गहरे नजर आने का कारण होता है.

डार्क सर्कल्स कम करने के लिए अपनाएं ये 6 उपाय

अंडर आई एरिया को मॉइश्चराइज करने से डार्क सर्कल्स को कम करने में मदद मिलती है. ऐसे में आंखों के नीचे की त्वचा को रूखेपन से बचाने के लिए अच्छी क्वालिटी का मॉइश्चराइजर या पौष्टिक अंडर आई क्रीम लगाएं. इससे त्वचा में नमी बनी रहती है और वो मुलायम दिखाई देती है.

सर्दियों में प्यास कम लगती है, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि शरीर को पानी की जरूरत नहीं होती. दिनभर पर्याप्त पानी पिएं. शरीर में पानी की कमी होने पर आंखों के नीचे की त्वचा भी सुस्त नजर आ सकती है.

हीटर के कारण कमरे की हवा शुष्क हो सकती है. ऐसे में ह्यूमिडिफायर का इस्तेमाल करने से हवा में नमी बनी रहती है और त्वचा का रूखापन कम करने में मदद मिलती है.

हल्के गुनगुने पानी में कपड़ा भिगोकर आंखों के आसपास कुछ देर रखें. इससे आराम मिलता है और ब्लड सर्कुलेशन बेहतर करने में मदद मिलती है. ध्यान रखें कि कपड़ा बहुत गर्म न हो.

सर्दियों में एलर्जी या खुजली होने पर आंखों को रगड़ने की आदत से बचें. इससे आंखों के आसपास की नाजुक त्वचा में जलन और पिगमेंटेशन बढ़ सकता है.

मोबाइल और लैपटॉप पर लगातार काम करने के बजाय बीच-बीच में आंखों को आराम दें. इससे आंखों की थकान कम करने में मदद मिल सकती है.



Source link