रातों को सो नहीं पा रहे किसान…विधायक ऋषि अग्रवाल को अफसरों को फटकारा, कहा-सिर्फ बिजली चाहते हैं

रातों को सो नहीं पा रहे किसान…विधायक ऋषि अग्रवाल को अफसरों को फटकारा, कहा-सिर्फ बिजली चाहते हैं


फतेहगढ़ में बमोरी विधायक ऋषि अग्रवाल ने किसानों की बिजली समस्या को लेकर अधिकारियों से तीखे सवाल किए. कलेक्टर, एसपी और जिले के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को 10 घंटे बिजली देने की बात करती है, लेकिन फतेहगढ़ क्षेत्र में उन्हें चार घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही.

विधायक ने बताई किसानों की परेशानी
विधायक ऋषि अग्रवाल ने कहा कि अभी सिंचाई का समय है और खेतों में किसानों की मोटरें चल रही हैं. कहीं तार टूटने से बिजली बंद है, तो कहीं लो वोल्टेज के कारण मोटरें नहीं चल पा रहीं. उन्होंने सवाल किया कि ऐसे में किसान सिंचाई कैसे करें. शिविर में मौजूद कुछ ग्रामीणों ने बीच में टोकते हुए कहा कि उन्हें केवल दो घंटे बिजली मिल रही है.

ऋषि अग्रवाल ने बताया कि ग्रामीण पिछले 25 दिनों से बिजली कंपनी के अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं. वह खुद भी ग्रामीणों के साथ बिजली कंपनी के कार्यालय पहुंचे थे, जहां उन्हें केवल आश्वासन मिला, लेकिन हालात नहीं बदले. उन्होंने कहा कि एक तरफ ग्रामीण नियमित रूप से बिजली बिल भर रहे हैं, तो दूसरी तरफ उन्हें पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही.

सिंचाई के लिए फुल वोल्टेज के साथ बिजली चाहते हैं
विधायक ने कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल को याद दिलाया कि 25 दिन पहले बिजली आपूर्ति सुधारने का भरोसा दिया गया था, लेकिन अब तक किसानों को राहत नहीं मिली. उन्होंने कहा कि जब समस्या लंबे समय से बनी हुई है, तो उसका स्थायी समाधान क्यों नहीं हुआ. उनके अनुसार किसानों की मांग बहुत बड़ी नहीं है, वे सिर्फ फुल वोल्टेज के साथ आठ घंटे बिजली चाहते हैं ताकि समय पर खेतों में सिंचाई कर सकें.

कलेक्टर से उन्होंने कहा कि सक्सेना जी को आज फ्री हैंड कर दिया जाए, तो वे चुनौती के साथ कह रहे हैं कि 24 घंटे में बिजली व्यवस्था दुरुस्त हो जाएगी. उन्होंने कहा कि सक्सेना जी को पूरे क्षेत्र की अच्छी जानकारी है.

तार टूटने की वजह पूछे जाने पर विधायक ने स्वयं कहा कि इसका कारण लो वोल्टेज है. उन्होंने एक सब-स्टेशन का जिक्र करते हुए कहा कि जब तक वहां टेपिंग नहीं बढ़ाई जाती और कैपेसिटर चालू नहीं किए जाते, तब तक लोगों को बिजली नहीं मिलेगी. विधायक ने बताया कि उन्हें इस क्षेत्र में काम करते हुए 20 साल हो गए हैं और वे विद्युत विभाग की व्यवस्था को अच्छी तरह जानते हैं. उनका कहना था कि बमोरी में इतने सब-स्टेशन होने के बाद भी अगर किसान परेशान हैं, तो यह कहीं न कहीं विद्युत विभाग की खामी है. उन्होंने आरोप लगाया कि गुना स्थित विद्युत विभाग का कार्यालय तार और खंभों से भरा पड़ा है, फिर भी जहां तार खराब हैं वहां उन्हें बदला नहीं जा रहा. इस दौरान उपस्थित लोगों ने बीच में कहा कि गर्मियों में मेंटेनेंस के नाम पर कई बार बिजली काटी गई.

विधायक ने कलेक्टर से यह भी कहा कि किसान रात को सो नहीं पाते और उन्हें रात में दो-दो बजे फोन करते हैं. उन्होंने मांग की कि किसानों को हर हाल में फुल वोल्टेज के साथ आठ घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाए. बीच में तालियां बजने पर उन्होंने कहा कि तालियां बजाने का समय अभी नहीं है, यह समस्या पूरे क्षेत्र की है और अधिकारियों के एक साथ मौजूद होने पर समाधान मौके पर ही होना चाहिए.

शिविर में विधायक ने स्वास्थ्य व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में रात के समय पहुंचने वाली प्रसूताओं को अक्सर यह कहकर हायर सेंटर रेफर कर दिया जाता है कि उनका बीपी बढ़ा हुआ है. उनके अनुसार ऐसे मरीज निजी अस्पताल पहुंचते हैं, जहां नॉर्मल या सिजेरियन डिलीवरी हो जाती है.

विधायक ने कहा कि आईसीयू में बेड खाली न होने और ऑक्सीजन न होने की बात भी बताई जाती है. उन्होंने कहा कि जिस मामले में कलेक्टर से बात हो जाती है, वह सुलझ जाता है. पिछले दो-तीन महीनों में बमोरी के अस्पतालों की व्यवस्था में सुधार के लिए उन्होंने कलेक्टर को धन्यवाद भी दिया. इस दौरान शिविर में मौजूद अन्य लोगों ने भी अपनी बात रखने की कोशिश की.

शिविर में विधायक के साथ विशनवाड़ा, देहरी, छिकारी, बरखेड़ा, निवाड़ी, पुरा और चकरी सहित करीब दो दर्जन गांव जुड़े. कलेक्टर, एसपी सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे. राजस्व, विद्युत, पंचायत, स्वास्थ्य और कृषि विभाग के स्टॉल भी लगाए गए थे.



Source link