Ujjain News: एक दिन में 20 लीटर दूध, उज्जैन की गिर गाय राधा ने रचा इतिहास

Ujjain News: एक दिन में 20 लीटर दूध, उज्जैन की गिर गाय राधा ने रचा इतिहास


Last Updated:

उज्जैन में किसान गौरव रघुवंशी की गिर नस्ल की गाय राधा ने एक दिन में 19.76 लीटर दूध देकर इतिहास रचा है. प्रतियोगिता में इस गाय ने पहला स्थान हासिल किया है और एक लाख रुपए का नगद पुरस्कार जीता है. प्रतियोगिता में सुबह और शाम के दूध की मात्रा के आधार पर विजेता का चयन किया गया है.

Zoom

उज्जैन में गिर गाय ने रचा इतिहास

उज्जैन में किसान गौरव रघुवंशी के घर गिर नस्ल की गाय मौजूद है, जिसका उन्होंने राधा नाम रखा हुआ है. अब इस राधा गाय ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है. राधा ने एक दिन में करीब 20 मीटर लीटर दूध देकर पूरे एमपी में पहला स्थान प्राप्त किया है. राधा गाय ने एक दिन में कुल 19.76 लीटर दूध दिया है. इस उपलब्धि के लिए किसान गौरव रघुवंशी को एक लाख रुपए की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया है.

गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने 30 और 31 अक्टूबर को वृंदावन ग्राम तलोद में दो दिनों की दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता आयोजित की थी. इसमें प्रदेश के 313 विकासखंडों के पशुपालकों ने हिस्सा लिया था. प्रतियोगिता में सुबह और शाम के दूध की मात्रा के आधार पर विजेताओं का चयन किया गया.

गदगद हो गए किसान गौरव रघुवंशी
गौरव रघुवंशी ने बताया कि उन्होंने करीब 90 हजार रुपए में गुजरात से राधा को खरीदा था. वह गाय को परिवार के सदस्य की तरह रखते हैं. खास बात यह है कि कुछ समय पहले राधा गंभीर रूप से बीमार हो गई थी. उसकी हालत इतनी खराब थी कि बचने की उम्मीद भी कम थी, लेकिन गौरव ने हार नहीं मानी और लगातार उसकी देखभाल की. बेहतर खान-पान, हरा चारा और खुले वातावरण में रखने से राधा दोबारा स्वस्थ हुई और आज प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया.

गिर गाय के दूध 60 प्रतिशत हिस्सा बेचते हैं गौरव
गौरव राधा के दूध का करीब 60 प्रतिशत हिस्सा बेचते हैं, जबकि 40 प्रतिशत दूध उसके बछड़े के लिए रखते हैं. उज्जैन में गिर गाय का दूध करीब 90 रुपए लीटर बिकता है. अब एक लाख रुपए की पुरस्कार राशि से गौरव दूसरी गिर गाय खरीदने की तैयारी कर रहे हैं.

मुकेश कुमार परमार की गाय को मिला दूसरा स्थान
प्रतियोगिता में रतलाम के मुकेश कुमार परमार की गाय ने 17.23 लीटर औसत प्रतिदिन दूध उत्पादन के साथ दूसरा स्थान हासिल किया. मुकेश को 50 हजार रुपए का पुरस्कार दिया गया. तीसरे स्थान पर रहे संदीप चौधरी को 25 हजार रुपए मिले.

मुकेश परमार ने कोरोना काल में छोड़ी थी नौकरी
मुकेश परमार की कहानी भी काफी प्रेरणादायक है. बीटेक इलेक्ट्रिकल की पढ़ाई करने के बाद वह पुणे में टेस्टिंग इंजीनियर के रूप में नौकरी करते थे, लेकिन कोरोना काल में नौकरी छोड़कर गांव लौट आए. इसके बाद डेयरी व्यवसाय शुरू किया. आज उनके पास गिर गायों के साथ जाफरावादी और मुर्रा नस्ल की भैंसें भी हैं.

पशुपालन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक गिर नस्ल की गाय मूल रूप से गुजरात की है. बेहतर दूध उत्पादन के लिए संतुलित आहार, हरा चारा और जरूरी मिनरल देना बेहद जरूरी है. प्रदेश में गिर नस्ल को बढ़ावा देने के लिए उन्नत पशुपालन तकनीकों पर भी काम किया जा रहा है. गिर गाय आम तौर पर एक दिन में 10 से 15 लीटर दूध देती है.



Source link