Last Updated:
Jaisalmer News : स्वर्णनगरी जैसलमेर पुलिस ने एक कारोबारी को अगवा करने वाली गैंग को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. इस गैंग में एक नाबालिग और एक महिला समेत ने सात लोग शामिल हैं. आरोपियों ने जैसलमेर के कारोबारी दुलेन्द्र भाटिया से डेटिंग एप पर दोस्ती की और फिर उसे मिलने के बहाने के बुलाकर उसका अपहरण कर लिया है. उत्तर प्रदेश की नोयडा की इस गैंग ने वारदात को अंजाम देने के लिए बीकानेर से कार किराए पर ली थी. पढ़ें क्या है पूरा मामला.
जैसलमेर पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस का पूरे मामले का खुलासा किया.
जैसलमेर. जैसलमेर में सोशल साइट पर दोस्ती कर कारोबारी को अगवा करने और लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोपियों ने पहले कारोबारी से डेटिंग एप पर दोस्ती की. फिर मिलने के बहाने बुलाया और कारोबारी को गाड़ी में बैठाकर अगवा कर ले गए. किडनैपर्स ने करीब डेढ़ घंटे तक चलती गाड़ी में कारोबारी से मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर डेढ़ लाख रुपये ऑनलाइन खातों में ट्रांसफर करवा लिए. वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश कारोबारी की मोबाइल सिम तोड़कर और दूसरी ई-सिम बंद करवाकर उसे ब्रह्मसर तिराहे पर छोड़कर फरार हो गए. लेकिन कारोबारी की सूझबूझ और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पूरी गैंग पुलिस के हत्थे चढ़ गई.
गाड़ी की नंबर प्लेट टी-शर्ट से ढक दी
एसपी शिवहरे ने बताया कि पुलिस को भाटिया के किडनैपिंग की सूचना सोमवार को दोपहर में मिली थी. उसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को दबोच लिया. बदमाशों ने वारदात के लिए बीकानेर से क्रेटा गाड़ी किराए पर ली थी. सोमवार को कारोबारी को मिलने के बहाने बुलाया और करीब 500 मीटर आगे ले जाकर पहले से मौजूद अन्य साथियों के साथ मिलकर उसे दबोचकर गाड़ी में बिठा लिया. आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए गाड़ी की नंबर प्लेट टी-शर्ट से ढक दी थी. लेकिन कारोबारी ने गाड़ी में बैठने से पहले ही उसका नंबर देख लिया था. कारोबारी की यही सूझबूझ बाद में पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुई.
बदमाश कारोबारी को भाटिया मुक्तिधाम से रामगढ़ बायपास की तरफ ले गए. वहां करीब डेढ़ घंटे तक मारपीट कर जान से मारने की धमकियां दी और करीब डेढ़ लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए. बाद में उसके मोबाइल की सिम तोड़ दी और ई-सिम भी बंद करवा दी ताकि कारोबारी किसी से मदद नहीं मांग सके. इसके बाद बदमाश तनोट रोड की तरफ निकले. लेकिन लाणेला टोल नाके पर पकड़े जाने का डर सताया तो गाड़ी वापस घुमा दी और कारोबारी को ब्रह्मसर तिराहे पर छोड़कर भाग गए.
आरोपियों की कार एएसपी की गाड़ी से टकरा गई
बदमाशों की मुश्किल उस समय बढ़ गई जब शहर की तरफ आते हुए उनकी क्रेटा गाड़ी एएसपी सुरेश सांखला की बोलेरो से टकरा गई. पुलिस वाहन को टक्कर लगते ही पुलिस ने जब उनका पीछा शुरू हुआ बदमाश शहर की संकरी गली में घुस गए. लेकिन वहां उनकी क्रेटा फंस गई. इसके बाद बदमाश गाड़ी छोड़कर भागने लगे. लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया. पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है.