Last Updated:
SpiceJet Crisis : स्पाइसजेट के एक्टिव बेड़े में अब केवल 12 विमान ही बच गए हैं. इन 12 में से 3 वेट-लीज पर लिए गए विमानों का भुगतान न होने की वजह से उन्हें ग्राउंडेड कर दिया गया है. इस वजह से एयरलाइन अपने तय शेड्यूल की आधी उड़ानें भी ठीक से ऑपरेट नहीं कर पा रही है.
विमानों की भारी किल्लत और ग्राउंडिंग की वजह से एयरलाइन का पूरा टाइम-टेबल बिखर चुका है.
नई दिल्ली. आपने भी आने वाले दिनों में कहीं सफर करने के लिए स्पाइसजेट (SpiceJet) की टिकट बुक कराई है तो सावधान जरा सवाधान हो जाइये. ऐसा इसलिए है क्योंकि अब स्पाइसजेट की हालत काफी खस्ता हो चुकी है. सीएनबीसी आवाज की एक रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी के बेड़े में अब केवल 12 विमान ही बचे हैं. एयरलाइन की स्थिति इस कदर चरमरा चुकी है कि कंपनी रोजाना कम से कम 25 से 30 उड़ानें रद्द कर रही है. कुछ फ्लाइट्स को तो ऐन मौके पर रद्द किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है.
देश के कई हवाई अड्डों से हाल ही में ऐसे वीडियो सामने अए हैं जिसमें यात्री स्पाइसजेट फ्लाइट अचानक रद्द होने से गुस्से में हैं. कई मामलों में यात्रियों को फ्लाइट कैंसिल होने की सूचना पहले से देने के बजाय आखिरी पलों में दी जा रही है. यात्री बोर्डिंग पास लेकर 3 से 5 घंटे तक टर्मिनल पर इंतजार करते रहते हैं और ऐन वक्त पर घोषणा कर दी जाती है कि उनकी उड़ान रद्द हो चुकी है. पिछले इसी को लेकर मुंबई एयरपोर्ट पर काफी हंगामा हुआ. गोरखपुर जाने वाली फ्लाइट को यात्रियों के विमान में बैठने के बाद रद्द कर दिया गया था.
बेड़े में बचे सिर्फ 12 विमान
एयरलाइन के सामने खड़े इस गंभीर संकट की सबसे बड़ी वजह उसके विमानों के बेड़े (Fleet) का बेहद सीमित हो जाना है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, स्पाइसजेट के एक्टिव बेड़े में अब केवल 12 विमान ही बच गए हैं. इन 12 में से 3 वेट-लीज पर लिए गए विमानों का भुगतान न होने की वजह से उन्हें ग्राउंडेड कर दिया गया है. ऐसे में सीमित विमानों के साथ पूरे देश में उड़ान नेटवर्क संभालना कंपनी के लिए असंभव हो गया है.
शेड्यूल की आधी फ्लाइट्स भी नहीं भर पा रहीं उड़ान
डीजीसीए (DGCA) द्वारा स्वीकृत विंटर शेड्यूल के अनुसार, स्पाइसजेट को रोजाना कम से कम 69 से 80 एयरपोर्ट मूवमेंट (आगमन और प्रस्थान) संचालित करने की अनुमति मिली हुई है. लेकिन ऑपरेशनल डेटा से खुलासा हुआ है कि एयरलाइन अपने तय शेड्यूल की आधी उड़ानें भी ठीक से ऑपरेट नहीं कर पा रही है. विमानों की भारी किल्लत और ग्राउंडिंग की वजह से एयरलाइन का पूरा टाइम-टेबल बिखर चुका है.