Sonia Gandhi on Pranab Mukherjee: मनमोहन सिंह को हटवाकर पीएम बनना चाहते थे प्रणब मुखर्जी, सोनिया गांधी के खुलासे पर शर्मिष्ठा ने पूछा- हैरान क्यों

Sonia Gandhi on Pranab Mukherjee: मनमोहन सिंह को हटवाकर पीएम बनना चाहते थे प्रणब मुखर्जी, सोनिया गांधी के खुलासे पर शर्मिष्ठा ने पूछा- हैरान क्यों


कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ के सामने आने के बाद कांग्रेस की पुरानी सियासत और यूपीए सरकार के दौर के कई अनकहे किस्से एक बार फिर से चर्चा में हैं. अपनी किताब में सोनिया गांधी ने खुलासा किया है कि साल 2010 में पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने एक बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री बनने की अपनी लंबे समय से चली आ रही इच्छा का संकेत दिया था. सोनिया के मुताबिक, इस बात से वह हैरान रह गई थीं. अब प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा है कि आखिर उनके पिता की प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा पर चौंकने जैसी क्या बात थी?

शर्मिष्ठा ने सोनिया गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी राजनेता का प्रधानमंत्री बनने की इच्छा रखना कोई अपराध नहीं है. खासकर ऐसे व्यक्ति के लिए, जिसे राजनीति और शासन का दशकों का अनुभव रहा हो. उन्होंने कहा कि उनके पिता ने अपनी मेहनत, योग्यता और शानदार राजनीतिक समझ के दम पर मुकाम हासिल किया था.

‘हर महत्वाकांक्षी राजनेता का PM बनने का सपना होता है’

शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा कि उन्होंने एक बार अपने पिता से सीधे पूछा था कि क्या वह प्रधानमंत्री बनना चाहते थे? इस पर प्रणब मुखर्जी ने साफ कहा था कि हर ऐसा राजनेता, जिसमें राजनीतिक समझ और महत्वाकांक्षा हो, प्रधानमंत्री बनने की इच्छा रखता है.

शर्मिष्ठा ने कहा कि उनके पिता बेहद साधारण पृष्ठभूमि से आए थे और उन्होंने जीवन में जो कुछ हासिल किया, वह अपनी योग्यता और कड़ी मेहनत के दम पर किया. उन्हें किसी ने परिवार या वंशवादी विरासत के आधार पर पद नहीं सौंपे थे.

उन्होंने सवाल उठाया कि अगर कोई योग्य व्यक्ति प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा रखता है, तो इसमें गलत क्या है? क्या सोनिया गांधी इस बात से हैरान थीं कि गांधी-नेहरू परिवार से बाहर का कोई व्यक्ति भी प्रधानमंत्री बनने का सपना देख सकता है और अपनी यह इच्छा उनके सामने जाहिर कर सकता है?

‘प्रणब ने रखी थी पीएम बनने की इच्छा’

दरअसल सोनिया गांधी ने अपनी किताब में 2010 की एक बातचीत का जिक्र किया है. उनके मुताबिक, उस समय प्रणब मुखर्जी और तत्कालीन वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के बीच गंभीर मतभेद चल रहे थे. एक दिन प्रणब मुखर्जी ने अपनी नाराजगी जाहिर करने के बाद संकेत दिया कि शायद अब नेतृत्व में बदलाव का समय आ गया है.

सोनिया गांधी ने लिखा है कि उन्होंने प्रणब मुखर्जी की इस बात को प्रधानमंत्री बनने की उनकी लंबे समय से चली आ रही इच्छा के संकेत के तौर पर समझा. इस सुझाव ने उन्हें हैरान कर दिया था. हालांकि, उन्होंने बातचीत का रुख धीरे से बदल दिया. सोनिया के मुताबिक, प्रणब मुखर्जी को इससे निराशा हुई हो सकती थी, लेकिन उन्होंने कभी ऐसा महसूस नहीं होने दिया कि वह इस बात को लेकर उनसे नाराज हैं.

इस पर शर्मिष्ठा ने कहा कि उनके पिता ने इस बात को कभी सोनिया गांधी या किसी अन्य के खिलाफ नहीं रखा. उन्होंने अपने पिता को व्यावहारिक सोच वाला और लोगों की मजबूरियों व असुरक्षाओं को समझने वाला व्यक्ति बताया.

2012 में कांग्रेस ने बनाया राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार

सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में यह भी बताया है कि 2012 में कांग्रेस ने प्रणब मुखर्जी को यूपीए का राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया था. चुनाव जीतने के बाद वह देश के राष्ट्रपति बने. सोनिया के मुताबिक, राष्ट्रपति बनने के बाद भी वह उनसे मिलने जाती थीं और उनके साथ बातचीत करना पसंद करती थीं.

सोनिया गांधी ने किताब में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ अपने कामकाज के रिश्ते और सत्ता-साझेदारी के तरीके पर भी विस्तार से लिखा है. उन्होंने कहा कि वह इस बात को लेकर पूरी तरह स्पष्ट थीं कि सरकार का नेतृत्व मनमोहन सिंह करेंगे. कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर वह उन्हें अपनी राय और सुझाव दे सकती थीं या उनसे असहमति जता सकती थीं, लेकिन अंतिम तौर पर प्रधानमंत्री के पद और जिम्मेदारी का सम्मान करना उनका कर्तव्य था.

सोनिया ने इसे प्रधानमंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष के बीच जिम्मेदारियों का एक अघोषित बंटवारा करार दिया. उनके मुताबिक, सरकार की जिम्मेदारी मनमोहन सिंह के पास थी और पार्टी की कमान उनके हाथ में थी. दोनों के बीच तालमेल बनाए रखने के लिए एक कोर ग्रुप बनाया गया था, जिसकी हर सप्ताह प्रधानमंत्री के साथ बैठक होती थी.

इस कोर ग्रुप में प्रणब मुखर्जी के अलावा अर्जुन सिंह, एके एंटनी और अहमद पटेल शामिल थे. इसके अलावा संसद में उठाए जाने वाले मुद्दों पर चर्चा के लिए स्ट्रैटेजी ग्रुप की बैठकें भी नियमित रूप से होती थीं.

‘बैक-सीट ड्राइवर’ के आरोपों पर सोनिया का जवाब

यूपीए सरकार के दौरान बीजेपी और विपक्षी दलों की ओर से अक्सर आरोप लगाया जाता रहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बजाय असली सत्ता सोनिया गांधी के हाथों में थी और वह सरकार को पर्दे के पीछे से चलाती थीं. सोनिया ने अपनी किताब में इन आरोपों को पूरी तरह गलत और दुर्भावनापूर्ण बताया है.

उन्होंने लिखा कि मीडिया में ऐसी खबरें लगातार आती रहीं कि वह प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से फाइलें मंगवाती थीं, प्रशासनिक मामलों में दखल देती थीं और अहम नियुक्तियों को प्रभावित करती थीं. सोनिया के मुताबिक, इन आरोपों ने उन्हें सबसे ज्यादा परेशान किया, क्योंकि वह हमेशा नियमों और संस्थागत मर्यादाओं का पालन करने को लेकर सतर्क रही थीं.

उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी एक बयान जारी कर साफ किया था कि सरकारी फाइलें कभी उन्हें नहीं दिखाई गईं. सोनिया ने मनमोहन सिंह की बेटी उपिंदर सिंह के एक इंटरव्यू का भी हवाला दिया, जिसमें उन्होंने अपने पिता और सोनिया गांधी के रिश्ते को आपसी विश्वास और सम्मान पर आधारित बताया था. उपिंदर ने पूर्व प्रधानमंत्री के एक सहयोगी की किताब को भरोसे के साथ विश्वासघात और अनैतिक प्रयास करार दिया था.

सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में 2004 के लोकसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के फैसले की वजहों पर भी विस्तार से बात की है. यूपीए की जीत के बाद उनके प्रधानमंत्री बनने की चर्चा तेज थी, लेकिन उन्होंने यह पद स्वीकार नहीं किया और मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाया. किताब में इस फैसले से जुड़े अपने अनुभवों और परिस्थितियों का भी जिक्र किया गया है.



Source link