पाली. राजस्थान के पाली जिले में आने वाले देसूरी से महज 43 किलोमीटर की दूरी पर स्थित पिप्लांत्री गांव आज देश-दुनिया के लिए एक अनूठी मिसाल बन चुका है. राजस्थान के इस छोटे से गांव ने अपनी एक ऐसी अनूठी परंपरा से विश्व स्तर पर पहचान बनाई है, जो पर्यावरण संरक्षण और बेटियों के संरक्षण का एक बेजोड़ संगम है. बेटी के जन्म पर 111 पौधे लगाने और उन्हें रक्षा सूत्र बांधने की इस परंपरा ने पिप्लांत्री को देश का सबसे अनूठा गांव बना दिया है.
दरअसल, कुछ साल पहले गांव में पानी की भयंकर कमी और डिहाइड्रेशन के कारण तत्कालीन सरपंच श्याम सुंदर पालीवाल की जवान बेटी किरण का निधन हो गया था. इस असहनीय पारिवारिक दर्द और क्षेत्र के सूखे के संकट ने गांव की तस्वीर ही बदलकर रख दी. तभी से यह तय किया गया कि अब गांव में हर बेटी के जन्म पर 111 पौधे लगाए जाएंगे और उनकी पूरी देखरेख की जाएगी. आज इसी मुहिम का परिणाम है कि ‘कन्या उपवन’ और गांव के चारागाहों में हजारों पेड़ लहलहा रहे हैं, वहीं हर साल रक्षाबंधन पर बहनें इन पेड़ों को भाई मानकर राखी बांधती हैं और उनकी सुरक्षा का संकल्प लेती हैं.
पद्मश्री श्याम सुंदर पालीवाल की पहल
वर्ष 2005 में श्याम सुंदर पालीवाल पिप्लांत्री गांव के सरपंच चुने गए थे. उस समय गांव में पेयजल, बेरोजगारी और सिंचाई के पानी का भारी संकट था, जिसके कारण फसल पैदावार भी प्रभावित होती थी. पालीवाल ने सबसे पहले जल संकट से निपटने के लिए बेरोजगार नौजवानों को साथ लेकर बरसाती पानी को संचित करने हेतु लगभग एक दर्जन स्थानों पर चेक डैम बनवाए. इससे गांव का भू-जल स्तर काफी ऊपर आया. इसके बाद, वर्ष 2008 में उन्होंने अपनी दिवंगत बेटी की याद में प्रकृति और बेटी बचाओ अभियान को जोड़ते हुए इस महाअभियान का आगाज किया.
बेटियों के भविष्य के लिए आर्थिक सुरक्षा की पहल
पिपलांत्री गांव में केवल पौधे ही नहीं रोपे जाते, बल्कि बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की ठोस आर्थिक प्लानिंग भी की जाती है. गांव में लड़की के जन्म पर 111 पौधे लगाने के साथ-साथ पीएम सुकन्या समृद्धि योजना के तहत फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) की व्यवस्था है. इसके तहत बेटी के जन्म के समय उसके माता-पिता से 10,000 रुपए और डोनर व भामाशाहों से 21,000 रुपए जुटाए जाते हैं, कुल मिलाकर 31,000 रुपए की एफडी करवाई जाती है, जो बेटी के वयस्क होने पर परिपक्व होती है. ग्राम पंचायत इसका पूरा रिकॉर्ड रखती है.
मार्बल खनन के संकट के बीच हरीतिमा की वापसी
पिपलांत्री और इसके आसपास के क्षेत्रों में बड़े स्तर पर मार्बल का खनन किया जाता है, जिससे अतीत में पहाड़ और बड़े पैमाने पर पर्यावरण प्रभावित हुआ था. इन सभी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए गांव के लोगों ने चारागाहों पर डेढ़ लाख से अधिक पेड़ उगाने में सफलता हासिल की. इनमें नीम, शीशम, आम और आंवला जैसे पौधे शामिल हैं. इस पूरे बदलाव में गांव की महिलाओं ने विशेष योगदान दिया है. गांव की 95 प्रतिशत महिलाएं नरेगा श्रमिक के रूप में काम करती हैं, जो नर्सरी में गड्ढे खोदने से लेकर पौधों की सुरक्षा और सिंचाई का जिम्मा संभालती हैं.
पर्यावरण महोत्सव और रक्षाबंधन का पर्व
रक्षाबंधन पर्व के कुछ दिन पहले पिप्लांत्री की नर्सरी में एक भव्य पर्यावरण महोत्सव आयोजित किया जाता है. इसमें आसपास के क्षेत्रों से स्कूली छात्राएं और स्थानीय बेटियां बड़े उत्साह के साथ भाग लेती हैं. इस आयोजन में गांव की नई जन्मी बेटियों के परिवारजन भी शामिल होते हैं. बेटियां सज-धज कर पूजा की थाली के साथ नर्सरी पहुंचती हैं और पेड़ों को भाई मानकर राखी बांधती हैं. इस गांव में अन्ना हजारे जैसी प्रसिद्ध शख्सियतें भी आ चुकी हैं और इस मॉडल की खुले दिल से सराहना कर चुकी हैं.
एक अनुशासित और सतत प्रक्रिया
हर साल अगस्त से अगस्त तक गांव की एएनएम के माध्यम से बालिकाओं के जन्म की सूची तैयार कर पंचायत को सौंपी जाती है. इसके बाद परिवार के साथ मिलकर पौधे रोपने की औपचारिकताएं पूरी की जाती हैं. बेटी के जन्म पर मुख्य दिन एक पौधा लगाया जाता है, और शेष 110 पौधे ग्रामीणों व नरेगा श्रमिकों के सहयोग से लगाए जाते हैं. यह अभियान पिछले करीब दो दशकों से बिना किसी रुकावट के लगातार जारी है.
पर्यटक गांव बना पीपलांत्री
पिपलांत्री गांव आज पहचान का मोहताज नहीं है. यह गांव पहाड़ी क्षेत्र में स्थित है और आबादी साढ़े 4 हजार के करीब है. कई देसी-विदेशी पर्यटक यहां आ चुके हैं. पिपलांत्री गांव में प्रकृति से बेटी को जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण व बेटी बचाओ अभियान को अपनी आंखों से देखा है. इस गांव में हर कोई आकर यह सीख लेकर जा रहा है कि एक सरपंच ने अपने स्तर पर पर्यावरण के लिए क्या किया. इस गांव में अन्ना हजारे भी आ चुके हैं और पद्मश्री श्याम सुंदर पालीवाल की तारीफ कर चुके हैं.