दुनिया की सबसे बड़ी चिपमेकर कंपनी NVIDIA के सीईओ जेन्सेन हुआंग इन दिनों एक बड़े विवाद में फंस गए हैं. जेन्सेन ने खुद ये कबूल किया है कि उनका सिंगापुर की एक एग्जीक्यूटिव एलिस हुआंग के साथ एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर चल रहा था. मामले को और गंभीर ये बात बनाती है कि एलिस पर चीनी जासूस होने का शक जताया जा रहा है. इन सबके बीच अब तलाक और एलिमनी को लेकर चौंकाने वाली रिपोर्ट्स सामने आई हैं. कई मीडिया आउटलेट्स में दावा किया जा रहा है कि अगर पत्नी ने बेवफाई का बदला लेने की ठान ली तो जेन्सेन हुआंग को तलाक बहुत महंगा पड़ सकता है और एलिमनी के सब रिकॉर्ड टूट सकते हैं.
धोखा खाने के बाद क्या करने वाली हैं NVIDIA CEO की पत्नी?
पति की इस बेवफाई की खबर सामने आने के बाद जेन्सेन की पत्नी लोरी हुआंग अचानक दुनिया भर की मीडिया में चर्चा का सेंटर बन गई हैं. खबरें हैं कि लोरी अब तलाक लेने का फैसला करती हैं, तो उन्हें मिलने वाला एलिमनी यानी तलाक का सेटलमेंट दुनिया के सारे रिकॉर्ड तोड़ सकता है. हालांकि, लोरी ने अभी तक इस मामले पर कोई बयान नहीं दिया है, इसलिए तलाक की बातें फिलहाल एक संभावना ही हैं, लेकिन आंकड़े बताते हैं कि अगर लोरी ने कदम बढ़ा दिया, तो ये इतिहास की सबसे बड़ी डिवोर्स डील साबित हो सकती है.
75 अरब डॉलर का दांव: क्या टूटेगा बिल गेट्स का रिकॉर्ड?
अटकलें लगाई जा रही हैं कि अगर लोरी हुआंग कोर्ट का रुख करती हैं, तो वो 75 अरब डॉलर या उससे भी ज्यादा की रकम लेकर अलग हो सकती हैं. अगर ऐसा होता है, तो ये दुनिया की अब तक की सबसे महंगी तलाक डील का नया रिकॉर्ड बना देगा.
साल 2021 में जब माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स और उनकी पत्नी मेलिंडा का तलाक हुआ था, तब लगभग 76 अरब डॉलर के संपत्ति बंटवारे का अनुमान लगाया गया था. वहीं, अमेज़ॅन के संस्थापक जेफ बेजोस और मैकेंजी स्कॉट का 2019 का तलाक 38.3 अरब डॉलर का था.
अगर लोरी को 75 अरब डॉलर या उससे ज्यादा का सेटलमेंट मिलता है, तो वो सीधे तौर पर बिल गेट्स और जेफ बेजोस दोनों की डिवोर्स डील को पीछे छोड़ते हुए एलिमनी के सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ देंगी.
कैलिफोर्निया का कानून: क्या लोरी को मिलेगी आधी संपत्ति?
फोर्ब्स के मुताबिक 9 नवंबर 2026 तक जेन्सेन हुआंग की कुल संपत्ति लगभग 155.2 अरब डॉलर आंकी गई है. लोरी को इसमें से कितना हिस्सा मिलेगा, ये पूरी तरह कैलिफोर्निया राज्य के मैरिज और फैमिली लॉ पर निर्भर करता है.
जेन्सेन और लोरी की शादी 1980 के दशक के बीच हुई थी, जबकि जेन्सेन ने NVIDIA की नींव 1993 में रखी थी. यानी कंपनी की पूरी ग्रोथ शादी के बाद ही हुई है और संपत्ती की इसी दौरान बनी है. कैलिफोर्निया फैमिली कोड की धारा 760 के अनुसार, शादी के दौरान जुटाई गई संपत्ति को ‘कम्युनिटी प्रॉपर्टी’ माना जाता है, जिस पर पति और पत्नी दोनों का 50-50 फीसदी का बराबर अधिकार होता है.
हालांकि, कैलिफोर्निया एक ‘नो-फॉल्ट’ स्टेट है. इसका मतलब ये है कि जेन्सेन की बेवफाई या अफेयर की वजह से लोरी को कानूनन कोई अतिरिक्त पेनल्टी या बोनस रकम नहीं मिलेगी. संपत्ति का बंटवारा केवल इस बात से तय होगा कि कौन-सी संपत्ति शादी के दौरान बनी है. अगर दोनों के बीच कोई प्री-नुप्चुअल एग्रीमेंट नहीं हुआ है, जिसकी संभावना एक्सपर्ट्स काफी ज्यादा मान रहे हैं, तो लोरी कुल संपत्ति के आधे हिस्से पर अपना कानूनी दावा ठोक सकती हैं.
60 अरब डॉलर के NVIDIA शेयर्स का गणित
न्यूयोर्क पोस्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार, जेन्सेन हुआंग के पास सीधे तौर पर या उनके लिविंग ट्रस्ट के माध्यम से NVIDIA के लगभग 670 मिलियन शेयर्स हैं. अगर इनका आधा हिस्सा भी लोरी के खाते में जाता है, तो उनके पास करीब 335 मिलियन शेयर्स पहुंच जाएंगे. NVIDIA के हालिया शेयर प्राइस, लगभग $179 प्रति शेयर के हिसाब से इस 50% हिस्से की कीमत करीब 60 अरब डॉलर बनती है.
इसके अलावा, लगभग 140 मिलियन शेयर्स दो अन्य इर्रेवोकेबल ट्रस्टों में रखे गए हैं. अमेरिका के सिक्योरिटीज़ एंड एक्सचेंज कमीशन (SEC) की मई 2026 की फाइलिंग के मुताबिक, जेन्सेन के पास कुल 870.6 मिलियन शेयर्स यानी कंपनी की 3.58% हिस्सेदारी का मालिकाना हक है. इन शेयर्स का कानूनी बंटवारा काफी मुश्किल हो सकता है, लेकिन 60 अरब डॉलर का शुरुआती आंकड़ा भी अपने आप में ऐतिहासिक है.
NVIDIA के गिरते शेयर और संपत्ति पर प्रेशर
लोरी का संभावित तलाक सेटलमेंट पूरी तरह से NVIDIA के शेयर बाजार के प्रदर्शन पर टिका हुआ है. शेयर बाजार में हाल ही में आई गिरावट के चलते NVIDIA का मार्केट कैप अपने अक्टूबर 2026 के ऑल-टाइम हाई से लगभग 27% तक गिर चुका है, जिससे कंपनी की मार्केट वैल्यू में करीब 1.6 ट्रिलियन डॉलर की कमी आई है. जेन्सेन की संपत्ति का बड़ा हिस्सा NVIDIA के शेयरों में होने की वजह से उनकी व्यक्तिगत नेट वर्थ भी दबाव में है.
अगर शेयर बाजार में NVIDIA का शेयर 20% चढ़ता है, तो लोरी के 335 मिलियन शेयर्स की वैल्यू 60 अरब डॉलर से बढ़कर 72 अरब डॉलर हो जाएगी. वहीं, अगर शेयर में 20% की गिरावट आती है, तो ये रकम घटकर 48 अरब डॉलर रह जाएगी. यानी बाजार की हर चाल के साथ लोरी के संभावित सेटलमेंट का आंकड़ा बदलता रहेगा.
क्या NVIDIA के बिजनेस पर पड़ेगा कोई असर?
मार्केट एनालिस्ट्स का मानना है कि जेन्सेन हुआंग के संभावित तलाक से NVIDIA के रोजमर्रा के कामकाज, लीडरशिप या कॉम्पिटिशन पर कोई सीधा असर नहीं पड़ेगा.
पति-पत्नी के बीच शेयरों का ट्रांसफर होना एक निजी कानूनी प्रक्रिया है. जब तक कि अदालत की तरफ से बाजार में शेयर बेचने का आदेश न दिया जाए, तब तक कंपनी के मैनेजमेंट पर इसका कोई निगेटिव असर नहीं पड़ता. आमतौर पर इस स्तर के हाई-प्रोफाइल मामलों में शेयर्स का ट्रांसफर ऑफ-मार्केट और बेहद शांतिपूर्वक पूरा कर लिया जाता है.
इतिहास रचने की दहलीज पर लोरी हुआंग
फिलहाल लोरी हुआंग की तरफ से तलाक की अर्जी या कोई कानूनी कदम नहीं उठाया गया है. लेकिन जेन्सेन की बेवफाई और उस पर लगे जासूसी के आरोपों ने इस मामले को बेहद नाजुक बना दिया है. अगर लोरी तलाक का विकल्प चुनती हैं, तो NVIDIA के शेयरों की मजबूती और कैलिफोर्निया के कम्युनिटी प्रॉपर्टी कानून के दम पर वो दुनिया की सबसे बड़ी एलिमनी हासिल कर इतिहास रच सकती हैं.