बांग्लादेश में चीनी नागरिकों की भारत विरोधी गतिविधियों को लेकर भारत ने सख्त रुख अपनाया है. ढाका के गरीब इलाकों में रहने वाले लोगों के वीडियो बनाकर उन्हें भारत का बताने और भारत की छवि खराब करने वाली टिप्पणियां करने के आरोपों पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने सख्त प्रतिक्रिया दी है. मंत्रालय ने कहा कि उसने इस संबंध में मीडिया रिपोर्ट देखी हैं. किसी देश के बारे में गलत और भ्रामक तरीके से दिखाना दुर्भाग्यपूर्ण है. विदेश मंत्रालय ने उम्मीद जताई कि बांग्लादेश के अधिकारी ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे.
विदेश मंत्रालय ने कहा कि उसने इस मामले से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट देखी हैं. किसी देश के बारे में गलत और भ्रामक तस्वीर पेश करना दुर्भाग्यपूर्ण है. मंत्रालय ने विदेशी तत्वों की ऐसी गतिविधियों पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे खुद उन लोगों की विश्वसनीयता भी कम होती है, जो इस तरह के काम में शामिल हैं. MEA ने कहा कि जिन अधिकारियों के अधिकार क्षेत्र में ऐसे तत्व आते हैं, उनसे उम्मीद है कि वे इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे.
ढाका की गंदी गलियों को बताया जा रहा नई दिल्ली
दरअसल एक बांग्लादेशी अखबार ‘प्रथोम आलो’ की एक जांच में दावा किया गया है कि बड़ी संख्या में चीनी नागरिक ढाका के कुछ इलाकों में वीडियो रिकॉर्ड कर चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइवस्ट्रीम कर रहे हैं. आरोप है कि वे ढाका के गरीब इलाकों को नई दिल्ली बताकर दिखाते हैं और वहां की जीवनशैली को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां करते हैं.
प्रथम आलो की एक जांच के मुताबिक, कम से कम 150 चीनी नागरिक ढाका के टेकपाड़ा और उत्तरा जैसे इलाकों में वीडियो बना रहे थे. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ये लोग वहां की संकरी गलियों, घरों और दुकानों को कैमरे में रिकॉर्ड कर चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव दिखाते थे. आरोप है कि कई बार इन इलाकों को भारत की राजधानी नई दिल्ली बताकर पेश किया गया.
‘यह नई दिल्ली है, यहां के घर गंदे हैं’
बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्ट में चीनी भाषा में की गई टिप्पणियों के अनुवाद का भी जिक्र है. एक लाइवस्ट्रीम में मियांमियां नाम की चीनी महिला कथित तौर पर उत्तरा के टेकपारा इलाके को दिखाते हुए कहती सुनाई दी कि यह नई दिल्ली है और यहां के घर गंदे हैं. वहीं एक अन्य वीडियो में वांग वेई नाम के चीनी नागरिक पर एक चाय की दुकान को फिल्माते हुए चाय को ‘गाय के पेशाब से बनी चाय’ बताया. उसने यह भी कहा कि यह चाय गंदे नदी के पानी से बनाई गई है.
पन्नू के मुकदमे पर भी भारत का जवाब
वहीं खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू से जुड़े मामले पर भी भारतीय विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया दी है. अमेरिका की एक अदालत के निर्देश पर अमेरिकी विदेश विभाग ने पन्नू की ओर से दायर दीवानी मुकदमे में भारत सरकार को राजनयिक माध्यमों से समन भेजा है. ये समन वाशिंगटन डीसी स्थित भारतीय दूतावास के जरिए तामील कराए गए हैं.
पन्नू ने अपने मुकदमे में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और पूर्व रॉ प्रमुख सामंत गोयल समेत कई लोगों को प्रतिवादी बनाया है. उसने आरोप लगाया है कि उसकी हत्या की साजिश रची गई थी और इसमें रॉ की भूमिका थी. उसने इस मामले में हर्जाने की मांग भी की है.
विदेश मंत्रालय ने भारतीय अधिकारियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि वह अपने अधिकारियों के खिलाफ लगाए गए मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण आरोपों तथा निराधार मुकदमों को स्वीकार नहीं करता. मंत्रालय ने यह भी साफ किया कि किसी व्यक्ति को आतंकवादी या किसी संगठन को प्रतिबंधित घोषित करने का अधिकार भारत के नामित सक्षम प्राधिकरणों के पास है. यह अधिकार भारत के कानूनों के तहत निर्धारित है.
भारत सरकार ने गुरपतवंत सिंह पन्नू को आतंकवादी और उसके संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) को गैरकानूनी संगठन घोषित किया हुआ है. संगठन और उससे जुड़े लोग खालिस्तान आंदोलन से जुड़े हैं तथा अमेरिका और कनाडा में सक्रिय रहे हैं.