ISRO Apprentice 2026: अगर आप भी देश के अंतरिक्ष कार्यक्रम से जुड़े संस्थान में काम करने और ट्रेनिंग लेने का सपना देखते हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र (SDSC SHAR) में अप्रेंटिसशिप के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं. खास बात यह है कि इस मौके के लिए सिर्फ इंजीनियरिंग करने वाले युवा ही नहीं, बल्कि बीएससी, बीकॉम, बीए, डिप्लोमा, ITI और वोकेशनल कोर्स करने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं. इस भर्ती के तहत कुल 400 अप्रेंटिस पदों को भरा जाएगा. ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 6 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 26 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं.अगर आप जानना चाहते हैं कि इसरो में अप्रेंटिस के तौर पर ट्रेनिंग लेने के लिए कौन आवेदन कर सकता है, किन विषयों में कितनी सीटें हैं और फॉर्म कहां भरना होगा, तो यहां पूरी जानकारी आसान भाषा में समझिए.
इसरो में अप्रेंटिसशिप के लिए 400 पद, किस कैटेगरी में कितनी सीटें?
ISRO SDSC SHAR की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक अप्रेंटिसशिप के लिए कुल 400 पद रखे गए हैं. इन पदों को अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता और ट्रेनिंग कैटेगरी के हिसाब से बांटा गया है. इंजीनियरिंग ग्रेजुएट अप्रेंटिसशिप के लिए 50 पद हैं. नॉन-इंजीनियरिंग ग्रेजुएट अप्रेंटिसशिप के तहत 60 उम्मीदवारों को मौका मिलेगा.टेक्नीशियन अप्रेंटिसशिप (डिप्लोमा) के लिए 35 पद निर्धारित किए गए हैं. इसके अलावा डिप्लोमा कैटेगरी के लिए 60 पद बताए गए हैं. ट्रेड अप्रेंटिसशिप के लिए सबसे ज्यादा 180 सीटें रखी गई हैं जबकि वोकेशनल अप्रेंटिसशिप के तहत 15 उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा. इस तरह सभी कैटेगरी को मिलाकर कुल 400 पदों पर ट्रेनिंग का अवसर मिलेगा.
इंजीनियरिंग से लेकर ITI तक, कौन कर सकता है आवेदन?
इस अप्रेंटिसशिप के लिए सभी पदों की योग्यता एक जैसी नहीं है. उम्मीदवार जिस कैटेगरी में आवेदन करना चाहते हैं, उन्हें उसी के अनुसार निर्धारित शैक्षणिक योग्यता पूरी करनी होगी.
इंजीनियरिंग ग्रेजुएट अप्रेंटिसशिप: इस कैटेगरी में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित इंजीनियरिंग विषय में BE या BTech की डिग्री होनी चाहिए. डिग्री में कम से कम 60 प्रतिशत अंक होना जरूरी है.
नॉन-इंजीनियरिंग ग्रेजुएट अप्रेंटिसशिप: इस कैटेगरी में बीएससी, बीकॉम या बीए की डिग्री रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं.
टेक्नीशियन अप्रेंटिसशिप (डिप्लोमा): संबंधित विषय में डिप्लोमा होना जरूरी है. इसके साथ उम्मीदवार के कम से कम 60 प्रतिशत अंक होने चाहिए.
डिप्लोमा कैटेगरी: इस कैटेगरी के लिए कुल 60 पद बताए गए हैं. आवेदन से पहले उम्मीदवारों को संबंधित पद की विस्तृत योग्यता और शर्तें आधिकारिक नोटिफिकेशन में देख लेनी चाहिए.
ट्रेड अप्रेंटिसशिप: इस कैटेगरी में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का ITI पास होना जरूरी है.
वोकेशनल अप्रेंटिसशिप: वोकेशनल प्रोग्राम में दो साल का सर्टिफिकेट रखने वाले उम्मीदवार इस कैटेगरी के लिए आवेदन कर सकते हैं.
ISRO Apprentice 2026: कहां और कैसे भरना होगा फॉर्म?
इसरो की अप्रेंटिसशिप के लिए आवेदन ऑनलाइन करना होगा. इसके लिए उम्मीदवारों को NATS या अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी. आवेदन करने के लिए इन वेबसाइटस पर विजिट किया जा सकता है-
– nats.education.gov.in
– apprenticeship.gov.in
सबसे पहले उम्मीदवार को इनमें से संबंधित पोर्टल पर जाना होगा. वेबसाइट के होमपेज पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का विकल्प मिलेगा. उस पर क्लिक करने के बाद मांगी गई जानकारी भरनी होगी. इसमें उम्मीदवार को अपनी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी दर्ज करनी होगी.रजिस्ट्रेशन और आवेदन फॉर्म भरने के बाद जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे. सभी जानकारियां ध्यान से जांचने के बाद फॉर्म सबमिट कर दें. आवेदन पूरा होने पर उसका प्रिंट आउट निकालकर अपने पास रख लें ताकि आगे जरूरत पड़ने पर इसका इस्तेमाल किया जा सके.
26 नवंबर है आवेदन की आखिरी तारीख
ISRO SDSC SHAR Apprentice 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन 6 नवंबर से शुरू हो चुके हैं. उम्मीदवारों को फॉर्म भरने के लिए 26 नवंबर 2026 तक का समय दिया गया है इसलिए जो युवा इसरो के साथ अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग करना चाहते हैं उन्हें अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए.