Last Updated:
Traditional Punjabi Paranda: देहरादून के पलटन बाजार में इन दिनों दादियों के जमाने का परांदा एक बार फिर लड़कियों की पसंद बन गया है. 70 और 80 के दशक का यह पारंपरिक हेयर एक्सेसरी अब नए और आकर्षक डिजाइनों में बाजार में लौट आया है. गोटा, मोती, मिरर वर्क और रंग-बिरंगे धागों से सजे परांदे इस वेडिंग सीजन में खूब पसंद किए जा रहे हैं. दुकानदार अतुल के मुताबिक, बाजार में इसकी कई वैरायटी महज 250 रुपये में मिल रही हैं और पिछले साल के मुकाबले बिक्री भी बढ़ी है.
देहरादून के ऐतिहासिक पलटन बाजार में एक बार फिर से 70 और 80 के दशक का विंटेज फैशन लौट आया है जो इन दिनों देहरादून में सभी की बना हुआ है. कभी जो पारंपरिक परांदे हमारी दादियों की खूबसूरती में चार चांद लगाया करते थे, वे अब बिल्कुल नए और आधुनिक स्टाइल में सजकर तैयार हैं. इस वेडिंग सीजन में लड़कियों के बीच इनका जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है.
दुकानदार अतुल ने बताया कि बाजार में रोज परांदा, गोटा परांदा, बीड्स परांदा और म्यूरल परांदा जैसी आकर्षक वैरायटी महज 250 रुपये की किफायती कीमत पर उपलब्ध हैं. कम कीमत और शानदार डिजाइन की वजह से हर तबके की लड़कियां इन्हें आसानी से खरीद रही हैं. दुकानों पर सुबह से शाम तक लड़कियों की भीड़ लगी रहती है. दुकानदारों का कहना है कि इस बार बिक्री पिछले साल से काफी ज्यादा है.
पुरानी यादों और आधुनिक डिजाइन के इस खूबसूरत मेल ने एक बार फिर पारंपरिक हेयर एक्सेसरीज को फैशन की दुनिया में सबसे आगे लाकर खड़ा कर दिया है. दादियों की संदूक से निकला परांदा अब इंस्टाग्राम रील्स और वेडिंग फोटोशूट की शान बन गया है. पुरानी पीढ़ी इसे अपनी संस्कृति से जोड़कर देख रही है, जबकि नई पीढ़ी इसे स्टाइल स्टेटमेंट मान रही है. यही कॉम्बिनेशन इस ट्रेंड को खास बनाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
परांदे खासकर अलग-अलग चमकीले रंगों के सिल्क धागों, ऊन, गोटा-पट्टी, शीशे यानी मिरर वर्क, मोती और घुंघरूओं को गूंथकर बनाया जाता है. इससे चोटी लंबी, घनी और रंग-बिरंगी दिखाई देती है. जब लड़की चलती है तो घुंघरूओं की छन-छन आवाज सबका ध्यान खींच लेती है. हर परांदा हाथ से तैयार किया जाता है, इसलिए हर डिजाइन में अलगपन और बारीक कारीगरी साफ नजर आती है.
वैसे तो परांदा पंजाबी संस्कृति का प्रतीक है, जिसे महिलाएं और लड़कियां भांगड़ा और गिद्दा जैसे लोक नृत्यों के दौरान पहनती हैं. लोहड़ी, बैसाखी, तीज, शादियों और मेहंदी-संगीत जैसे पारंपरिक अवसरों पर सिख समुदाय की महिलाएं इसे बड़े शौक से पहनती हैं क्योंकि यह सिर्फ बालों की सजावट नहीं, बल्कि खुशी, उत्सव और परंपरा का प्रतीक माना जाता है.
अब हर महिला लहंगे से लेकर सूट तक पर अपने हेयर स्टाइल को अट्रैक्टिव बनाने के लिए इनका इस्तेमाल कर रही हैं. ब्राइडल लुक के लिए हैवी गोटा और बीड्स वाला परांदा पसंद किया जा रहा है तो डेली वियर के लिए हल्का सिल्क वाला परांदा चलन में है. कॉलेज जाने वाली लड़कियां भी प्रोग्राम में सिंपल चोटी के साथ कलरफुल परांदा लगाकर अपने लुक को अलग बना रही हैं. इस तरह यह हर उम्र की पसंद बन गया है.
पहले 70-80 के दशक में महिलाएं सामान्य काली चोटी लगाती थीं, जो सिर्फ बालों को लंबा दिखाने के लिए होती थी. लेकिन आज नए जमाने के साथ इनके डिजाइन और बीड्स में परांदे आ रहे हैं. अब इसमें मिरर, मोती, गोटा और मल्टी कलर धागों का इस्तेमाल हो रहा है. यह बदलाव दिखाता है कि फैशन भले बदल जाए लेकिन परंपरा की जड़ें कभी खत्म नहीं होतीं है. पुराना फैशन नए रूप में फिर से ट्रेंड करता है.
पलटन बाजार में खरीदारी करने आई महिलाओं ने बताया कि परानदों को देखकर उन्हें अपना बचपन याद आ गया. पोतियां दादी से ही परांदा बांधना सीख रही हैं.यह छोटी सी एक्सेसरी दो पीढ़ियों को एक धागे में पिरो रही है. दुकानदारों को उम्मीद है कि आने वाले समय में इसकी मांग और बढ़ेगी.