Last Updated:
Gold Price : अंतरराष्ट्रीय बाजार के मुकाबले भारत में सोने की कीमत में कम गिरावट आई है. जनवरी, 2026 के अपने पीक से गोल्ड वैश्विक बाजार में अब 20 फीसदी से ज्यादा सस्ता हो चुका है. लेकिन, भारत में सोने के दाम करीब 15 फीसदी ही टूटे हैं.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के दाम काफी टूट चुके हैं.
नई दिल्ली. इस साल जनवरी में सोने ने वैश्विक बाजार में अपना ऑल टाइम हाई छुआ था. एक्सिस म्यूचुअल फंड की एक रिपोर्ट के अनुसार, अब गोल्ड अपने रिकॉर्ड हाई से अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 21.4 फीसदी सस्ता हो चुका है. लेकिन, भारतीय बाजार में सोने का रेट केवल 14.9 फीसदी ही गिरा है. आखिर क्यों दुनिया के बाकी देशों के मुकाबले भारत में सोना अब भी महंगा है?
दो ऐसे बड़े कारण है जिन्होंने भारत में सोने की कीमतों को वैश्चिक बाजारों के मुकाबले कम गिरने दिया है. पहला और सबसे बड़ा कारण है डॉलर के मुकाबले कमजोर होते रुपया. दूसरे भारत सरकार ने सोने पर कस्टम ड्यूटी बढ़ा दी थी. इससे भारत में आयातीत सोना महंगा हो गया. साल 2026 के दौरान अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया करीब ₹89 से टूटकर ₹96 के स्तर तक पहुंच गया. जब रुपया कमजोर होता है, तो डॉलर में होने वाले अंतरराष्ट्रीय आयात की लागत रुपये के संदर्भ में बढ़ जाती है.
15 फीसदी इंपोर्ट ड्यूटी
मार्च 2026 में सोने पर आयात शुल्क (Import Duty) को 6 फीसदी से सीधे बढ़ाकर 15 फीसदी कर दिया गया. इस 9 प्रतिशत की अतिरिक्त बढ़ोतरी ने भारत में सोने की लैंडेड कॉस्ट को काफी बढ़ा दिया. इन दोनों कारणों से अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव 21.4% गिरने के बावजूद भारत में सोना ज्यादा सस्ता नहीं हुआ.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्यों सस्ता हुआ सोना?
सोने के भाव में आई इस जोरदार गिरावट के पीछे भी एक नहीं कई कारण हैं-
- मुनाफावसूली और मार्जिन कॉल: रिकॉर्ड ऊंचाई के बाद जैसे ही कीमतें फिसलीं, बड़े निवेशकों के स्टॉप-लॉस ट्रिगर हो गए. लेवरेज्ड पोजीशन बंद होने और मार्जिन कॉल आने से बाजार में बिकवाली का दबाव अचानक तेज हो गया.
- लिक्विडिटी की कमी: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव व खाड़ी देशों में फाइनेंशियल दबाव के कारण सोने में नए निवेश के लिए अतिरिक्त लिक्विडिटी घट गई. इस वजह से कुछ निवेशकों को नकदी जुटाने के लिए अपने पोर्टफोलियो से कुछ सोना बेचना पड़ा.
- मजबूत डॉलर: तेल आपूर्ति में बाधा से महंगाई और ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची रहने की आशंका पैदा हो गई है. नतीजतन, अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड की यील्ड और डॉलर दोनों मजबूत हुए. इन दोनों के बढ़ते ही सोना सस्ता हो जाता है, क्योंकि निवेशक गोल्ड से पैसा निकालकर बॉन्ड और डॉलर में लगाते हैं.
केंद्रीय बैंक जमकर कर रहे खरीदारी
सोने की कीमत में भले ही गिरावट आई है, लेकिन केंद्रीय बैंकों ने सोने की खरीद बंद नहीं की है. 2026 की पहली तिमाही में केंद्रीय बैंकों की खरीदारी घटकर 57 टन रह गई थी, लेकिन दूसरी तिमाही में जोरदार वापसी करते हुए यह 289 टन पर पहुंच गई. पहली छमाही में कुल 345 टन और अकेले अगस्त महीने में 39 टन अतिरिक्त सोना खरीदा गया. सोने खरीदने में पोलैंड, चीन और उज्बेकिस्तान सबसे आगे रहे. केंद्रीय बैंकों की यह निरंतर खरीदारी दर्शाती है कि वे दैनिक उतार-चढ़ाव के बजाय दीर्घकालिक रणनीतिक भंडार के रूप में सोना जोड़ रहे हैं. इससे गोल्ड प्राइस को एक मजबूत फ्लोर प्राइस मिला है.
सोने का दाम आगे घटेगा या बढ़ेगा?
एक्सिस म्यूचुअल फंड का मानना है कि लॉन्ग टर्म में सेाने का रेट मजबूत ही रहेगा. अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरें लगभग 4.25% के आसपास चरम (Peak) पर पहुंच सकती हैं. यदि दरें अनुमान से कम रहती हैं, तो अमेरिकी डॉलर और वास्तविक यील्ड (Real Yields) में नरमी आएगी, जिससे सोने को गति मिलेगी. अमेरिका का बढ़ता राजकोषीय घाटा, भारी कर्जलागत, नीतिगत अनिश्चितता और वैश्विक स्तर पर चल रही डी-डॉलेराइजेशन मुहिम भी सोने को सहारा देगी.