छठ पर घर लौटने का ऐसा जुनून, ट्रेन का टिकट नहीं मिला तो बाइक से तय किया सफर, 8 घंटे में देवघर से पहुंचे दरभंगा

छठ पर घर लौटने का ऐसा जुनून, ट्रेन का टिकट नहीं मिला तो बाइक से तय किया सफर, 8 घंटे में देवघर से पहुंचे दरभंगा


Last Updated:

Deoghar To Darbhanga From Bike: दरभंगा जिले के बहादुरपुर प्रखंड क्षेत्र के देकुली गांव निवासी संजय शर्मा को जब छठ पर घर आने के लिए टिकट नहीं मिला तो वे बाइक से ही निकल पड़े. देवघर से दरभंगा तक की यात्रा उन्होंने करीब 7-8 घंटे में पूरी की पर त्योहार के पहले अपने घर आ गए.

दरभंगा: बिहार और मिथिलांचल में रहने वाले लोगों को लोक आस्था के महापर्व छठ का इंतजार पूरे साल रहता है. खासकर जो लोग दूसरे प्रदेश में रहते हैं, उनके लिए छठ सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि अपने गांव, अपनी मिट्टी और अपने परिवार से मिलने का सबसे बड़ा बहाना होता है. जब छठ नजदीक आता है तो लोग अपनी नौकरी से छुट्टी लेकर बिना किसी की परवाह किए सीधे अपने गांव की ओर यात्रा शुरू कर देते हैं.

टिकट हो जाते हैं हाउसफुल
ऐसे में जब छठ पर्व का समय आता है तो रेलवे से लेकर हवाई जहाज तक के टिकट हाउसफुल हो जाते हैं. खासकर बिहार और मिथिलांचल आने वाली गाड़ियों और फ्लाइट में जगह मिलना मुश्किल हो जाता है. लेकिन इस सब के बावजूद गांव की वह शांति, मिट्टी की खुशबू और छठ महापर्व का त्योहार उन्हें अपनी ओर खींच ही लाता है.

आज हम बात कर रहे हैं दरभंगा जिले के बहादुरपुर प्रखंड क्षेत्र के देकुली गांव निवासी संजय शर्मा की. यह झारखंड के देवघर में नौकरी करते हैं. जैसे ही इन्हें पता चला कि दिवाली और छठ पर्व को लेकर छुट्टी मिल गई है, तो इन्होंने घर आने का प्रयास किया. रेलवे में टिकट नहीं मिला.

भला कैसे ठहरते परदेस में
संजय बताते हैं कि एक तो गांव का प्यार ऊपर से छठ महापर्व का त्योहार, भला ऐसे में कोई कैसे परदेस में ठहर सकता है. जैसे ही छुट्टी मिली, अपनी ड्यूटी पूरी की और जब ट्रेन में टिकट नहीं मिला तो एक दोस्त के साथ मोटरसाइकिल उठाई और अपने गांव की तरफ चल दिए.

घर पहुंचने की बेचैनी और छठ की तैयारी करने का जो जुनून था, वह हौसलों में बदल गया. देवघर से दरभंगा की यात्रा लगभग 7 से 8 घंटे में उन्होंने पूरी की. इसमें आधे से थोड़ा ज्यादा वक्त जमुई में रुककर बिताया, क्योंकि लगातार गाड़ी चलाते-चलाते पूरी तरह से थक चुके थे. बस एक स्टॉपेज और घर का प्यार भरा माहौल, यही सोच उन्हें आगे बढ़ाती रही.

आखिरकार पहुंच गए गांव
आखिरकार वे अपने गांव पहुंच गए. घर पहुंचते ही छठ की तैयारियों में जुट गए. संजय की यह कहानी बताती है कि छठ के लिए बिहार का बेटा किसी भी मुश्किल को पार कर सकता है. फिर चाहे किसी तरह की परेशानी आए पर त्योहार पर घर जाना है तो कोई रुकावट रास्ते की बाधा नहीं बन सकती.



Source link