Last Updated:
Mariana Trench Deepest Place: आपने सुना होगा कि धरती के नीचे पाताल लोक है, जहां अंधकार का राज चलता है. हालांकि आप इसका नाम नहीं जानते हैं, तो चलिए हम आपको एक ऐसी ही दूसरी दुनिया के बारे में बताते हैं, जो सूरज की रोशनी को भी अपने इलाके में घुसने नहीं देती. यहां सिर्फ अंधकार है, जहां रहते हैं कुछ रहस्यमयी जीव.
दुनिया में अब भी बहुत सी ऐसी जगहें हैं, जिनके बारे में हम जानते भी नहीं हैं. एक ऐसी ही जगह है – प्रशांत महासागर में स्थित मारियाना ट्रेंच. ये दुनिया की सबसे गहरी ज्ञात समुद्री खाई है, जो सीधा पाताल पहुंच जाती है. यहां पहुंचते-पहुंचते सूरज की रोशनी भी दम तोड़ देती है और अंधकार में कहीं खो जाती है.
इसकी लंबाई लगभग 2,550 किलोमीटर है. यह इतनी गहरी है कि अगर माउंट एवरेस्ट को इसमें डाल दिया जाए, तो उसकी चोटी भी पानी के नीचे रह जाएगी. इसकी अधिकतम गहराई लगभग 10,900 मीटर यानि 35761 फीट मानी जाती है.
इस खाई का सबसे गहरा हिस्सा चैलेंजर डीप कहलाता है. इसकी गहराई लगभग 10.9 किलोमीटर है. यहां चारों तरफ इतना घना अंधेरा होता है कि सूरज की एक किरण भी नहीं पहुंच सकती. ऐसा लगता है मानो समुद्र के नीचे कोई दूसरी दुनिया छिपी हो, जो हम सबसे अलग है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
यहां पानी का दबाव समुद्र की सतह के मुकाबले लगभग 1,000 गुना होता है. इंसान बिना खास सुरक्षा वाले यंत्र के यहां जीवित नहीं रह सकता. यहां जाने वाली पनडुब्बियों को बेहद मजबूत बनाया जाता है, क्योंकि जरा-सी कमजोरी भी खतरनाक साबित हो सकती है.
सोचिए, इस परिस्थिति में भी कुछ जीव यहां सर्वाइव कर रहे हैं. समुद्र की गहराई में रहने वाली स्नेलफिश इसमें से एक हैं, ये देखने में किसी पारदर्शी टैडपोल जैसी लगती है. इसका शरीर बेहद खास होता है, जो भारी दबाव में भी काम कर सकता है. वैज्ञानिकों ने एक स्नेलफिश को 8,336 मीटर की गहराई पर कैमरे में रिकॉर्ड किया है. यह अब तक देखी गई सबसे गहराई में रहने वाली मछली है.
इस रहस्यमयी दुनिया में कुछ जीव अपने शरीर से रोशनी पैदा करते हैं. इस प्राकृतिक प्रक्रिया को बायोल्यूमिनेसेंस कहते हैं. कोई जीव नीली रोशनी से शिकार को आकर्षित करता है, तो कोई दुश्मन को भ्रमित करता है. घने अंधेरे में इनकी चमक किसी जादुई आकाश जैसी दिखाई देती है.
यहां समुद्री खीरे और जेनोफायोफोर नाम के विचित्र जीव भी मिलते हैं. जेनोफायोफोर वास्तव में एक बड़ी एककोशिकीय जीव संरचना है. कुछ जीव अपने आसपास जमा जैविक कणों से भोजन ले लेते है. सोचिए इतनी गहराई में भी जीवन कितने अनोखे रूपों में मौजूद है.
भू-वैज्ञानिक नजरिये से मारियाना ट्रेंच का निर्माण तब हुआ जब पेसिफिक प्लेट, विशाल मारियाना प्लेट के नीचे धंस गई. इस टेक्टोनिक प्रक्रिया ने लगभग 2550 किलोमीटर लंबा और 69 किलोमीटर चौड़ाई वाला विशाल गड्ढा बना दिया. यह जगह जितनी रोमांचक है प्लास्टिक मिलने के बाद उतनी ही डरावनी भी है. (सभी फोटो- एआई जेनरेटेड/ कैनवा)