लखनऊ : उत्तर प्रदेश की सियासत में अयोध्या एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या को लेकर अपना खास सियासी और विकास का एजेंडा सामने रखा है. उन्होंने वादा किया है कि अगर उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो अयोध्या को ‘सनातन तीर्थाटन की वैश्विक राजधानी’ बनाया जाएगा. इसके लिए मंदिर व्यवस्था में पारदर्शिता से लेकर स्थानीय लोगों को रोजगार, नाविकों की आर्थिक स्थिति सुधारने और जमीन के सौदों की जांच तक का खाका पेश किया है. अखिलेश यादव 12 दिसंबर को सपरिवार अयोध्या पहुंचने वाले हैं. राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह उनकी पहली अयोध्या यात्रा होगी. इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी योजनाएं साझा कर अयोध्या के विकास और स्थानीय लोगों के हितों को लेकर कई बड़े वादे किए हैं.
अखिलेश यादव के अयोध्या प्लान में क्या-क्या है खास?
अखिलेश यादव ने अयोध्या को लेकर केवल धार्मिक पर्यटन बढ़ाने की बात नहीं कही, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और आम लोगों की जरूरतों को भी अपने एजेंडे में शामिल किया है. उनके प्रमुख वादे इस प्रकार हैं :
1. अयोध्या बनेगी सनातन तीर्थाटन की वैश्विक राजधानी
अखिलेश यादव का कहना है कि सपा सरकार बनने पर अयोध्या को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र बनाया जाएगा. उनका जोर विश्वस्तरीय बुनियादी सुविधाएं विकसित करने पर होगा, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें.
2. राम मंदिर की व्यवस्था में पारदर्शिता
सपा प्रमुख ने राम मंदिर की व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और श्रद्धालुओं का विश्वास बहाल करने का वादा किया है. उन्होंने दावा किया कि मंदिर में चोरी की कथित घटना के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में गिरावट आई है, जिसका असर स्थानीय कारोबार पर पड़ा है.
3. जमीन के सौदों और सर्किल रेट की जांच
अखिलेश यादव ने अयोध्या में बाहरी ठेकेदारों पर स्थानीय हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया. उन्होंने जमीन के सौदों और सर्किल रेट से जुड़े कथित घोटाले की जांच कराने की बात कही है. उनका कहना है कि कथित अनियमितताओं से अर्जित संपत्तियों और धन की भी जांच कराई जाएगी.
4. स्थानीय नाविकों को मिलेगा रोजगार
अयोध्या में परंपरागत नौकायन को बढ़ावा देने का भी वादा किया गया है. अखिलेश यादव के मुताबिक, इससे स्थानीय नाविकों को रोजगार और आर्थिक लाभ मिलेगा. उन्होंने भगवान राम और निषादराज के बीच ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख करते हुए इसे सामाजिक जुड़ाव से भी जोड़ा.
5. धार्मिक भावनाओं और सामाजिक सौहार्द की रक्षा
सपा अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी धर्म के आराध्य या महापुरुष का अपमान करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए कड़े प्रावधान किए जाएंगे. उन्होंने ऐसे लोगों को संरक्षण देने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की बात कही.
6. गरीब महिलाओं और बच्चों के सम्मान की सुरक्षा
अखिलेश यादव ने ऐसी व्यवस्था बनाने का वादा किया है, जिसमें किसी गरीब महिला या बच्चे का उत्पीड़न और अपमान न हो सके. उन्होंने सामाजिक सुरक्षा को भी अयोध्या के विकास एजेंडे का हिस्सा बनाया है.
7. राशन में तेल और घी शामिल करने का वादा
सपा प्रमुख ने राशन व्यवस्था में तेल और घी शामिल करने की बात कही है. उनका कहना है कि इससे गरीब परिवारों की पोषण संबंधी जरूरतें पूरी करने में मदद मिलेगी.
12 दिसंबर को सपरिवार अयोध्या जाएंगे अखिलेश यादव
अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अपने परिवार के साथ अयोध्या पहुंचेंगे. इस दौरान वह राम मंदिर और हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे. राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह उनकी पहली अयोध्या यात्रा होगी. अपने दौरे में वह साधु-संतों और महंतों से भी मुलाकात करेंगे.
अयोध्या के बहाने 2027 की सियासत पर नजर?
अखिलेश यादव की अयोध्या को लेकर की गई घोषणाओं को उत्तर प्रदेश की आगामी विधानसभा चुनाव की राजनीति से जोड़कर भी देखा जा रहा है. एक तरफ उन्होंने राम मंदिर की व्यवस्था, धार्मिक पर्यटन और सनातन तीर्थाटन की वैश्विक राजधानी बनाने की बात कही है, तो दूसरी तरफ स्थानीय लोगों, नाविकों, गरीब परिवारों और PDA समाज के हितों को भी अपने एजेंडे में जगह दी है. खास बात यह है कि अखिलेश यादव ने अयोध्या के विकास को धार्मिक पर्यटन तक सीमित नहीं रखा, बल्कि जमीन, रोजगार, सामाजिक सौहार्द और राशन जैसे मुद्दों को भी शामिल किया है. अब देखना होगा कि अयोध्या पहुंचकर वह अपने इस एजेंडे को लेकर क्या संदेश देते हैं.