नागौर. पशुपालन करने वाले किसानों के लिए रिजका की खेती काफी फायदेमंद साबित हो सकती है. रिजका रबी मौसम में उगाई जाने वाली एक बहुवर्षीय दलहनी चारा फसल है. इसकी खास बात यह है कि एक बार बुवाई करने के बाद करीब तीन साल तक इससे हरे चारे का उत्पादन लिया जा सकता है. इसमें सूखा, ठंड और गर्मी सहन करने की अच्छी क्षमता होती है. इसके अलावा रिजके की जड़ों में मौजूद राइजोबियम जीवाणु वायुमंडल की नाइट्रोजन को जमीन में स्थिर करते हैं, जिससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ाने में मदद मिलती है. इसमें करीब 15 प्रतिशत प्रोटीन पाया जाता है, जो पशुओं के पोषण के लिए उपयोगी है.
किसान शंकर जांगू ने बताया कि रिजके की अच्छी पैदावार के लिए खेत का चयन और उसकी तैयारी सही तरीके से करना जरूरी है. इसके लिए अच्छे जल निकास वाली, गहरी, उपजाऊ और नमी धारण करने की क्षमता वाली दोमट मिट्टी सबसे उपयुक्त मानी जाती है. हालांकि इसकी खेती रेतीली दोमट से लेकर चिकनी मिट्टी में भी की जा सकती है. बुवाई से पहले मिट्टी पलटने वाले हल से खेत की गहरी जुताई करनी चाहिए. इसके बाद 3 से 4 बार हैरो चलाकर मिट्टी को भुरभुरा बनाएं और खेत को समतल कर लें. इससे बीजों का अंकुरण अच्छा होता है और फसल का विकास बेहतर तरीके से होता है.
ये हैं रिजके की उन्नत किस्में
एग्रीकल्चर एक्सपर्ट रामनिवास चौधरी ने बताया कि किसान अच्छी पैदावार प्राप्त करने के लिए उन्नत किस्मों का चयन कर सकते हैं. रिजके की प्रमुख किस्मों में आनंद-2, एलएलसी-3, टाइप-9 और आरएल-88 शामिल हैं. इनमें वार्षिक और बहुवर्षीय किस्में उपलब्ध हैं. इसके अलावा हिरसा-8, सिरसा-9, टाइप-8, इन्फी-244, एनडीआरआई सिलेक्शन-1 और एलएलसी-5 भी खेती के लिए उपयोगी किस्में मानी जाती हैं. किसानों को अपने क्षेत्र की जलवायु और कृषि परिस्थितियों के अनुसार किस्म का चयन करना चाहिए.
बुवाई से पहले करें बीजोपचार
रिजके की अच्छी पैदावार के लिए बुवाई से करीब एक महीने पहले खेत में 20 से 25 टन प्रति हेक्टेयर की दर से अच्छी सड़ी हुई गोबर की खाद डालनी चाहिए. इसकी बुवाई के लिए प्रति हेक्टेयर करीब 15 से 20 किलो बीज की आवश्यकता होती है. बीजों को बुवाई से पहले राइजोबियम कल्चर से उपचारित करना चाहिए, जिससे जड़ों में नाइट्रोजन स्थिरीकरण की प्रक्रिया बेहतर हो सके. शुरुआती कटाइयों में अधिक हरा चारा प्राप्त करने के लिए रिजके के बीज के साथ करीब 2 किलो सरसों, 12 किलो मैथी, 2.5 किलो चाइनीज कैबेज या जापानी सरसों के बीज मिलाकर बुवाई की जा सकती है. इससे शुरुआती समय में चारा उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलती है.
संतुलित उर्वरक और सिंचाई से बढ़ेगी पैदावार
रिजके की अच्छी बढ़वार के लिए प्रति हेक्टेयर करीब 100 किलो फॉस्फोरस और 30 किलो पोटाश की आवश्यकता होती है. बहुवर्षीय फसल में प्रत्येक वर्ष अक्टूबर माह में 40 किलो फॉस्फोरस प्रति हेक्टेयर देना चाहिए. वहीं प्रत्येक दूसरी कटाई के बाद सिंचाई के साथ 15 से 20 किलो नाइट्रोजन प्रति हेक्टेयर देने से फसल की बढ़वार में मदद मिलती है. किसानों को मिट्टी की जांच और स्थानीय कृषि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार उर्वरकों का प्रयोग करना चाहिए.
पशुओं के लिए पौष्टिक चारा है बेहतर विकल्प
रिजका पशुओं के लिए पौष्टिक हरे चारे का अच्छा विकल्प है. इसे ज्वार, बाजरा, जई, सरसों और शलजम आदि चारे के साथ मिलाकर पशुओं को खिलाया जा सकता है. इससे पशुओं को बेहतर पोषण देने में मदद मिलती है. ऐसे में किसान रिजके की खेती अपनाकर एक तरफ पशुओं के लिए लंबे समय तक हरे चारे की व्यवस्था कर सकते हैं, वहीं दूसरी तरफ खेत की मिट्टी की उर्वरा शक्ति में भी सुधार कर सकते हैं.