Adani Group Succession Plan : ₹17 लाख करोड़ का अडानी समूह कौन संभालेगा, गौतम अडानी ने बताया वे किसे सौंपेंगे गद्दी

Adani Group Succession Plan : ₹17 लाख करोड़ का अडानी समूह कौन संभालेगा, गौतम अडानी ने बताया वे किसे सौंपेंगे गद्दी


Agency:एजेंसियां

Last Updated:

Adani Group Succession Plan : अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी ने समूह का उत्‍तराधिकार प्‍लान पेश कर दिया है. ₹10.11 लाख करोड़ के मालिक गौतम अडानी अपने 17 लाख करोड़ मूल्‍य वाले बिजनेस एंपायर की कमान किसी एक व्‍यक्ति के हाथ में न सौंपकर एक टीम को देंगे. इस टीम में उनके दोनों बेटों के साथ ही उनके भाईयों के बेटे भी शामिल हैं.

Zoom

गौतम अडानी समूह को अपने और अपने भाईयों के बेटों को सौंपेंगे. (File Photo : Reuters)

नई दिल्‍ली. चार दशक पहले कोयले के बिजनेस से अपना कारोबारी सफर शुरू करने वाले गौतम अडानी ने अब करीब 17 लाख करोड़ के बाजार पूंजीकरण वाला अडानी समूह खड़ा कर दिया है. अब समूह पोर्ट, पावर, सीमेंट, ग्रीन एनर्जी, गैस और एयरपोर्ट्स सहित 24 सेक्‍टरों में सक्रिय है. अडानी समूह की गिनती देश और दुनिया के बड़े कारोबारी घरानों में होती है. फिलहाल समूह की कमान गौतम अडानी के हाथ में ही है. भविष्‍य में समूह को कौन संभालेंगे, इसका खुलासा भी उन्‍होंने कर दिया है. फोर्च्‍युन इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, गौतम अडानी ने कहा है कि वे अडानी समूह को किसी एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि परिवार के चार युवाओं की एक टीम को सौंपेंगे. ‘G2 लीडरशिप’ नाम की इस कोर टीम में उनके दो बेटे करण और जीत अडानी तथा दो भतीजे, प्रणव और सागर अडानी शामिल हैं. प्रणव अडानी गौतम अडानी के बड़े भाई विनोद अडानी के बेटे हैं. सागर अडानी छोटे भाई राजेश अडानी के बेटे हैं.

64 वर्षीय गौतम अडानी का कहना है कि वे आने वाले वर्षों में सही वक्त देखकर पूरे कारोबार का नियंत्रण इस युवा चौकड़ी के सुपुर्द कर देंगे. गौतम अडानी ने कहा, “ अगली पीढी को नेतृत्‍व विरासत में नहीं मिलता, बल्कि उसे नेतृत्‍व की जिम्‍मेदारी मिलती है और उसे अपनी योग्‍यता से इसे हासिल करना होता है. मैं उनसे उम्‍मीद करता हूं कि वे हमारी धारणाओं को चुनौती देंगे, हमसे बड़े स्‍तर पर सोंचे और अधिक तेजी से आगे बढ़ें. साथ ही उनमें ऐसे कारोबार खड़े करने का धैर्य भी होना चाहिए, जिन्‍हें परिपक्‍व होने में कई दशक लग सकते हैं.”

उत्‍तराधिकारियों में ये खूबियां चाहते हैं गौतम अडानी

अपने उत्तराधिकारियों में अपेक्षित खूबियों के बारे में गौतम अडानी ने कहा कि उनमें मुश्किल क्षेत्रों में कदम रखने का साहस, अपने आसपास के लोगों से सीखने की समझ और यह महसूस करने की विनम्रता होनी चाहिए कि कोई भी संस्थान हमेशा किसी व्यक्ति या परिवार से बड़ा होता है. आज अडानी ग्रुप दो दर्जन से अधिक कारोबारी क्षेत्रों में काम कर रहा है. वित्त वर्ष 2026 में ग्रुप का राजस्व करीब 3 लाख करोड़ रुपये रहा. भारतीय शेयर बाजारों में लिस्‍ट उनकी एक दर्जन कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण 17 लाख करोड़ रुपये से अधिक है.

गौतम अडानी का कहना है कि वे चारों युवाओं की टीम को उपयुक्‍त समय पर समूह की कमान सौंप देंगे.

G2 लीडरशिप में शामिल चेहरों को जानिए

जिन चार युवाओं को गौतम अडानी ने अडानी समूह को भविष्‍य को सौंपने का मन बनाया है, वे पहले से ही समूह की अलग-अलग कंपनियों में अहम जिम्‍मेदारियां निभा रहे हैं-

  • प्रणव अडानी: चारों उत्तराधिकारियों में सबसे बड़े 48 वर्षीय प्रणव अडानी सबसे अनुभवी स्तंभ हैं. वह अडानी एंटरप्राइजेज के डायरेक्टर और एग्रो, ऑयल एंड गैस कारोबार के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं. इसके साथ ही वे पूरे अडानी ब्रांड के प्रमुख कस्टोडियन हैं और कम्युनिकेशन व ब्रांडिंग की कमान भी संभालते हैं. 1999 में अडानी विल्मर से सफर शुरू करने वाले प्रणव आज देश की सबसे बड़ी निजी सिटी गैस कंपनी अडानी टोटल गैस और अहमदाबाद, मुंबई, नवी मुंबई व एनसीआर में फैले अडानी रियल्टी के प्रोजेक्ट्स को संभाल रहे हैं. प्रणव ने बोस्टन यूनिवर्सिटी और हार्वर्ड बिजनेस स्कूल से पढाई की है.
  • करण अडानी: गौतम अडानी और डॉ. प्रीति अडानी के बड़े बेटे 39 वर्षीय करण अडानी ग्रुप के बुनियादी इंफ्रास्ट्रक्चर नेटवर्क की रीढ़ हैं. वे अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन (APSEZ) के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं और पोर्ट्स, लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्ट तथा सीमेंट कारोबार को देखते हैं. 2009 में मुंद्रा पोर्ट से करियर शुरू करने वाले करण के नेतृत्व में आज भारत और विदेश मिलाकर 20 बंदरगाहों व टर्मिनलों का नेटवर्क खड़ा है.
  • सागर अडानी: गौतम अडानी के भाई राजेश अडानी के 32 वर्षीय बेटे सागर अडानी ग्रुप के क्लीन एनर्जी विजन के मुख्य चेहरा हैं. वे अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (AGEL) के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं और सोलर व विंड एनर्जी के पूरे पोर्टफोलियो को जमीन पर उतारने का श्रेय उन्हीं को जाता है. AGEL के अलावा वे अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस, अडानी पावर और अडानी न्यू इंडस्ट्रीज की निगरानी करते हैं. सागर ने ब्राउन यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र की पढ़ाई की है.
  • जीत अडानी: गौतम अडानी के छोटे बेटे 29 वर्षीय जीत अडानी अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) के डायरेक्टर हैं. वे ग्रुप के भविष्य-केंद्रित सेक्टर्स जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा सेंटर, डिफेंस, पेट्रोकेमिकल्स और मेटल को लीड कर रहे हैं. 2019 में ग्रुप जॉइन करने के बाद उन्होंने ग्रुप सीएफओ (CFO) दफ्तर में काम किया. जीत अडानी ने यूनिवर्सिटी ऑफ पेंसिल्वेनिया के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड एप्लाइड साइंस से पढाई की है.



Source link