Last Updated:
Sonipat Murder: सोनीपत के ताजपुर गांव में खेत से कैंटर चालक मुकेश का शव मिला. सिर पर चोट के निशान होने से हत्या की आशंका है. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.
सोनीपत. हरियाणा के सोनीपत के गांव ताजपुर के खेत में कैंटर चालक का शव मिलने से सनसनी फैल गई.मृतक की पहचान 35 वर्षीय मुकेश उर्फ मच्छर के रूप में हुई है. मुकेश के सिर पर चोट के गहरे निशान मिले हैं.
शुरुआती जांच में सिर पर वार कर हत्या किए जाने की आशंका है.घटनास्थल के पास एक डंडा भी बरामद हुआ है. परिजनों ने गांव के ही दो युवकों पर हत्या का शक जताया है. सूचना मिलते ही मुरथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
जानकारी के अनुसार गांव ताजपुर निवासी मुकेश उर्फ मच्छर कैंटर चालक थे. बताया जा रहा है कि वह बीती देर रात गांव के ही दो युवकों के साथ था और आज सुबह उसका शव गांव के खेत में पड़ा मिला. मुकेश के सिर पर चोट के गहरे निशान थे, जिससे उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई गई. घटनास्थल के पास एक लकड़ी का डंडा भी बरामद हुआ है.
शव मिलने की सूचना फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. परिजनों ने दो युवकों पर हत्या का शक जताया है. हालांकि, हत्या की असली वजह क्या रही और वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा.
एसीपी जसपाल ने बताया कि खेत में युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी. युवक के सिर पर वार कर उसकी हत्या की गई है. घटनास्थल के पास से एक डंडा बरामद हुआ है. परिवार ने दो युवकों पर शक जताया है. वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल सोनीपत भिजवा दिया गया है.परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
चार बच्चे पीछे छूट गए
मुकेश उर्फ मच्छर की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उनके परिवार में पत्नी मंजू और चार बच्चे शंकर, प्रिया, प्रियांशी और सावन हैं. पिता की हत्या के बाद चारों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है. पत्नी मंजू और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, इस वारदात के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है. फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल आरोपियों का पता लगाने में जुटी है.