Last Updated:
Rishikesh News: शादी-ब्याह का सीजन शुरू होते ही बाजारों में सोने की ज्वेलरी की मांग बढ़ने लगी है. शादी हो या कोई खास पारिवारिक समारोह, इस मौके पर हर महिला की चाहत होती है कि वह खूबसूरत और सबसे अलग नजर आए. पहले जहां भारी और बड़े गहनों को ज्यादा पसंद किया जाता था, वहीं अब लोगों की पसंद धीरे-धीरे बदल रही है.
ऋषिकेश: शादी-ब्याह का सीजन शुरू होते ही बाजारों में सोने की ज्वेलरी की मांग बढ़ने लगी है. शादी हो या कोई खास पारिवारिक समारोह, इस मौके पर हर महिला की चाहत होती है कि वह खूबसूरत और सबसे अलग नजर आए. पहले जहां भारी और बड़े गहनों को ज्यादा पसंद किया जाता था, वहीं अब लोगों की पसंद धीरे-धीरे बदल रही है.
लोकल 18 के साथ बातचीत के दौरान ऋषिकेश में स्थित भोला ज्वेलर्स के मालिक अश्वनी कुमार भोला ने बताया कि शादी-ब्याह और फेस्टिव सीजन के चलते इन दिनों पहाड़ी क्षेत्र में पारंपरिक सोने की ज्वेलरी की काफी मांग है. खासकर गुलबंद, पहाड़ी नथ और हसली जैसे डिजाइन लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं. हसली में चांद के आकार वाले पैटर्न के सेट भी इन दिनों पसंद किए जा रहे हैं. वहीं, फैंसी ज्वेलरी के मुकाबले पारंपरिक गहनों की मांग ज्यादा देखने को मिल रही है.
कॉकटेल रिंग्स और गोल डिजाइन वाली अंगूठियां की जा रही है पसंद
अंगूठियों की बात करें तो लड़कियों के बीच कॉकटेल रिंग्स और गोल डिजाइन वाली अंगूठियां पसंद की जा रही हैं. वहीं, लड़कों के लिए मीडियम और छोटे आकार की बैंड स्टाइल रिंग्स की मांग है. इयररिंग्स में भी झुमकियों का क्रेज बना हुआ है. इसके साथ ही ऐसे डिजाइन पसंद किए जा रहे हैं, जिन्हें जरूरत के हिसाब से अलग-अलग तरीके से पहना जा सके. इनमें स्टड और लटकन को अलग करने की सुविधा होती है. यानी एक ही जोड़ी इयररिंग्स को अलग-अलग अंदाज में इस्तेमाल किया जा सकता है.
मंगलसूत्र में पुराने डिजाइन के बजाय छोटे पेंडेंट और ब्लैक बीड्स
ज्वेलरी के ट्रेंड में इन दिनों कुछ नए पैटर्न भी देखने को मिल रहे हैं. खासकर गोल्ड में फ्लोरल डिजाइन, ज्योमेट्रिक पैटर्न और बारीक नक्काशी वाले गहने पसंद किए जा रहे हैं. मंगलसूत्र में भी अब पुराने डिजाइन के बजाय छोटे पेंडेंट और ब्लैक बीड्स के साथ गोल्ड का कॉम्बिनेशन देखने को मिल रहा है. वहीं, चूड़ियों में कर्व डिजाइन, टेक्सचर वर्क और कड़े के नए पैटर्न महिलाओं को आकर्षित कर रहे हैं. इसके अलावा कानों में पहनने के लिए हूप्स और छोटे ईयर कफ भी फैशन का हिस्सा बन रहे हैं. इन डिजाइनों की खासियत है कि ये पारंपरिक और मॉडर्न दोनों तरह के पहनावे के साथ अच्छे लगते हैं.