Last Updated:
Bareilly News: सर्दियों की आहट के साथ ही बरेली के बाजारों में गर्म कपड़ों की रौनक बढ़ने लगी है. ठंड से बचने के लिए लोग अभी से रजाई, कंबल और गर्म कपड़ों की खरीदारी करने बाजारों का रुख कर रहे हैं. शहर के सिविल लाइंस स्थित गांधी उद्यान (कंपनी गार्डन) और बरेली क्लब के पास कैंट रोड पर लगने वाली मौसमी रजाई-कंबल मार्केट भी सजकर तैयार हो गई है.
बरेली: सर्दियों की आहट के साथ ही बरेली के बाजारों में गर्म कपड़ों की रौनक बढ़ने लगी है. ठंड से बचने के लिए लोग अभी से रजाई, कंबल और गर्म कपड़ों की खरीदारी करने बाजारों का रुख कर रहे हैं. शहर के सिविल लाइंस स्थित गांधी उद्यान (कंपनी गार्डन) और बरेली क्लब के पास कैंट रोड पर लगने वाली मौसमी रजाई-कंबल मार्केट भी सजकर तैयार हो गई है. यहां रंग-बिरंगे डिजाइन, आकर्षक वैरायटी और किफायती कीमतों पर मिलने वाले कंबल ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं.
इस बाजार में दुकान लगाने वाले दुकानदार जुबैर हुसैन बताते हैं कि उनके पास ग्राहकों के लिए डबल बेड और सिंगल बेड के कंबलों से लेकर रजाई तक की कई वैरायटी उपलब्ध हैं. खास बात यह है कि यहां मिलने वाले ब्लैंकेट हल्के वजन के साथ बेहद सॉफ्ट फैब्रिक में तैयार किए गए हैं. जुबैर के मुताबिक, उनके यहां बेहतरीन क्वालिटी के ब्लैंकेट लगभग 1,200 रुपये तक में उपलब्ध हैं. जबकि इसी तरह के उत्पाद दूसरी दुकानों पर 3 से 4 हजार रुपये तक में मिल सकते हैं. इन गर्म कंबलों की प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग पानीपत में होती है, जहां से विशेष वैरायटी बरेली के बाजार तक पहुंचती हैं.
15 वर्षों से लग रही मौसमी बाजार
उनका कहना है कि यह कोई स्थायी बाजार नहीं, बल्कि करीब 15 वर्षों से अधिक समय से लगने वाला मौसमी बाजार है. सर्दियों के लगभग तीन महीनों तक यहां व्यापारी अपनी दुकानें सजाते हैं. अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले व्यापारी गर्म कपड़े, शॉल, जैकेट, मफलर और तरह-तरह के कंबल लेकर पहुंचते हैं. बदलते समय के साथ हल्के और आकर्षक ब्लैंकेट की मांग भी तेजी से बढ़ी है. अब लोग पारंपरिक रुई की रजाई के साथ-साथ आधुनिक डिजाइन वाले रेडीमेड कंबल भी पसंद कर रहे हैं.
रेडीमेड कंबलों की मांग
उन्होनें बताया कि समय के साथ लोगों की पसंद में भी बदलाव आया है. पहले जहां सर्दियों में पारंपरिक रुई की रजाइयों का अधिक इस्तेमाल होता था. वहीं, अब रेडीमेड कंबलों की मांग तेजी से बढ़ रही है. खासकर हल्के वजन, मुलायम फैब्रिक और आकर्षक डिजाइन वाले ब्लैंकेट लोगों को पसंद आ रहे हैं. कुल मिलाकर, सर्दियों की शुरुआत के साथ ही बरेली की इस मौसमी मार्केट में कारोबार की गर्माहट दिखाई देने लगी है. आने वाले दिनों में जैसे-जैसे ठंड बढ़ेगी, वैसे-वैसे रजाई और कंबलों की खरीदारी में भी तेजी आने की उम्मीद है.