Last Updated:
वाराणसी कैंट विधानसभा सीट पर श्रीवास्तव परिवार का राजनीतिक दबदबा इस कदर है कि पिछले 35 साल से एक ही परिवार के बीच यह सीट रहती है. कभी पिता विधायक रहे, तो कभी मां विधायक रहीं और अब उस परिवार के बेटे ने उस सीट को अभेद्द किला बनाकर रखा है.
वाराणसी कैंट विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक सौरभ श्रीवास्तव.
वाराणसीः उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाला है. ऐसे में राजनीतिक दल अपना सियासी समीकरण साध रहे हैं. वहीं भावी प्रत्याशी भी अपनी तैयारियों में लगे हुए हैं. टिकट के साथ-साथ क्षेत्र में भी इस कदर सक्रिय हैं कि अगर कल चुनाव हो जाए तो उनको कोई गुरेज नहीं होगा. जाहिर है, हर कोई पार्टी से टिकट लेकर चुनाव लड़ना चाहता है और जीतना चाहता है. लेकिन यूपी विधानसभा की एक ऐसी सीट है, जहां दशकों से किसी उम्मीदवार की उम्मीद पूरी नहीं हुई. उस सीट पर एक ही परिवार का दबदबा है और उसी परिवार के लोग बारी-बारी से चुनाव जीतते हुए आ रहे हैं. कभी मां तो कभी पिता और अब बेटे ने उस सियासी किले को पूरी तरह से अपने कंट्रोल में कर रखा है. दरअसल, हम बात कर रहे हैं वाराणसी जिले की कैंट विधानसभा सीट की, जहां पर श्रीवास्तव परिवार का दबदबा पिछले 35 सालों से है.
श्रीवास्तव परिवार को कैसे मिला दीक्षित घराना का नाम
बता दें कि श्रीवास्तव परिवार में जिन्होंने सबसे पहले राजनीतिक नींव रखी थी, वह थे बाबू हरिश्चंद्र श्रीवास्तव. इस घराने की एक अनूठी बात यह भी है कि यह परिवार भले ही जाति से श्रीवास्तव है, लेकिन वाराणसी में इन्हें दीक्षित घराना भी कहा जाता है. इसके पीछे की कहानी हरिश्चंद्र श्रीवास्तव से जुड़ी हुई है. बाबू हरिश्चंद्र श्रीवास्तव कायस्थ परिवार से आते थे. काशी की जनता और उनके समर्थकों ने उन्हें आदर से हरिश्चंद्र दीक्षित या दीक्षित जी कहकर पुकारना शुरू कर दिया. वाराणसी के लोगों से ऐसा कनेक्शन है कि पिछले 8 विधानसभा चुनाव से इस परिवार का कब्जा कैंट सीट पर बना हुआ है.
कौन थे हरिश्चंद्र श्रीवास्तव
हरिश्चंद्र श्रीवास्तव का जन्म 21 फरवरी 1925 को वर्तमान संतकबीर नगर जिले के मानिकपुर गांव में हुआ था. उन्होंने अपनी राजनीति जनता पार्टी से शुरू की. सिद्धार्थनगर की बांसी विधानसभा सीट से दो बार विधायक बने. 1977 में यूपी की रामनरेश यादव की सरकार में पहली बार मंत्री बने. हालांकि बाद में बाबू हरिश्चंद्र श्रीवास्तव वाराणसी शिफ्ट हो गए.
1991 में पहली बार परिवार को मिली जीत
साल 1991 के विधानसभा चुनाव में हरिश्चंद्र श्रीवास्तव की पत्नी ज्योत्सना श्रीवास्तव पहली बार वाराणसी कैंट से भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज कीं. 1993 के विधानसभा चुनाव में भी उन्हें जीत मिली. हालांकि 1996 के चुनाव में वाराणसी कैंट से खुद बाबू हरिश्चंद्र श्रीवास्तव मैदान में उतरे और जीत हासिल की. 2002 के चुनाव में भी उन्हें जीत मिली. इसके बाद ज्योत्सना श्रीवास्तव की फिर से राजनीतिक वापसी हुई और 2007 व 2012 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कीं. इसके बाद जिम्मेदारी उठाई, उनके बेटे सौरभ श्रीवास्तव ने. सौरभ श्रीवास्तव 2017 और 2022 के चुनाव में जीतकर विधायक बने और इस तरह से पिछले तीन दशक से वाराणसी कैंट सीट इस परिवार का अभेद्द किला बना हुआ है.
सरकार किसी की भी, जीत श्रीवास्तव परिवार की
हरिश्चंद्र श्रीवास्तव का परिवार वाराणसी कैंट विधानसभा सीट पर अपना दमखम हर समय दिखाता रहा है. सूबे में सरकार भले ही सपा की हो या बसपा की. लेकिन कैंट विधानसभा से जीत श्रीवास्तव परिवार की तय रहती है. साल 2015 के 18 जनवरी को हरिश्चंद्र श्रीवास्तव का निधन हो गया.