‘पुलिस से शिकायत करूंगी…’ इतना सुनते ही ट्रेन में महिला पर टूट पड़ा शख्स
Last Updated:
केरल में ट्रेन से सफर कर रही 25 साल की महिला के साथ कथित यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है. विरोध करने और पुलिस में शिकायत की बात कहने पर आरोपी ने महिला की पिटाई कर दी. आखिर ट्रेन में क्या हुआ और कैसे लोगों ने आरोपी को पकड़ा? जानिए पूरी घटना.
ट्रेन में महिला से छेड़छाड़
तिरुवनंतपुरम: रोज की तरह ट्रेन में सफर कर रहे हैं और अचानक कोई आपके साथ बदसलूकी करने लगे. पहले आप भीड़ समझकर नजरअंदाज करते हैं, लेकिन जब विरोध करते हैं तो मामला और बिगड़ जाता है. केरल में एक महिला के साथ कुछ ऐसा ही हुआ. ट्रेन में कथित यौन उत्पीड़न का विरोध करने पर आरोपी ने उसे पीटा और प्लेटफॉर्म पर गिरा दिया. महिला की आवाज सुनकर वहां मौजूद लोग आगे आए और आरोपी को पकड़ लिया. अब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है.
केरलम में मंगलवार को मालाबार एक्सप्रेस ट्रेन में एक व्यक्ति ने 25 वर्षीय महिला का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया और पुलिस से शिकायत करने की बात कहने पर उसकी पिटाई कर दी.
थंपानूर रेलवे थाने के एक अधिकारी ने बताया कि 39 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 74 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से उस पर हमला करना या आपराधिक बल का प्रयोग करना), 75 (यौन उत्पीड़न), 115 (जानबूझकर चोट पहुंचाना) और 125 (गलत तरीके से रोकना) के तहत मामला दर्ज किया जाएगा.
पुलिस ने बताया कि महिला तिरुवनंतपुरम शहर में अपने कार्यस्थल जाने के लिए रोज की तरह चिरायिनकीझु से ट्रेन में सवार हुई थी और यात्रा के दौरान आरोपी उसे लगातार अनुचित तरीके से छूता रहा. पुलिस के अनुसार, शुरू में महिला को लगा कि अत्यधिक भीड़ के कारण ऐसा हो रहा है, लेकिन बाद में उसने आरोपी के व्यवहार पर आपत्ति जताई.
उसने बताया कि महिला ने पेट्टा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय आरोपी से कहा कि वह उसकी शिकायत पुलिस से करेगी. पुलिस ने बताया कि शिकायत करने की बात सुनकर आरोपी गुस्से में आ गया और उसने महिला की पिटाई कर दी, जिससे वह प्लेटफॉर्म पर बेहोश होकर गिर पड़ी. यह देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद अन्य लोगों ने हस्तक्षेप किया और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
राजधानी के एक प्रमुख अस्पताल के जनसंपर्क विभाग में काम करने वाली महिला ने पत्रकारों को बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर उसके चेहरे पर वार किया और उसे ट्रेन से धक्का देकर प्लेटफॉर्म पर गिरा दिया. उसने कहा कि वह उसे लात मारने वाला था, तभी वहां मौजूद लोगों ने उसे रोक दिया.महिला ने कहा, ‘उसने मुझे अपशब्द भी कहे.’ पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अटिंगल में मारपीट का एक अन्य मामला भी दर्ज है.