Last Updated:
पाकिस्तान के पंजाब की मंत्री मरियम औरंगजेब ने दिवाली के बाद भारत के कई शहरों का बढ़ा हुआ AQI शेयर करते हुए दावा किया है कि पूर्वी हवाओं के कारण लाहौर की हवा जहरीली हो रही है. अपनी स्थानीय प्रदूषण समस्याओं और कुप्रबंधन से ध्यान भटकाने के लिए हर बार की तरह इस बार भी पाकिस्तानी नेताओं ने अपनी नाकामी का ठीकरा भारत के सिर फोड़ने का पुराना हथकंडा अपनाया है.
पाकिस्तान ने अपनी गलती का ठीकरा भारत पर फोड़ा. (pic-X/Marriyum Aurangzeb )
पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान की पुरानी आदत रही है अपनी गलतियों का ठीकरा भारत पर फोड़ने की. जब अपनी नाकामी से पूरा देश गैस चैंबर बन जाए, तो सीधे भारत की तरफ उंगली उठा दो. पाकिस्तान पंजाब सरकार की मंत्री मरियम औरंगजेब ने सोशल मीडिया पर एक ऐसा ज्ञान बांटा जिसे देखकर हंसी भी आती है और गुस्सा भी. साहिबा ने बाकायदा मिडनाइट डेटा जारी करके यह रोना रोया है कि दिवाली के बाद भारत के शहरों से उठने वाला धुआं और पूर्वी हवाएं लाहौर की हवा को जहरीला बना रही हैं.
हद तो तब हो गई जब उन्होंने अमृतसर से लेकर फरीदकोट तक के AQI का हिसाब किताब निकालकर यह साबित करने की कोशिश की कि लाहौर में जो सांसें घुट रही हैं, उसके पीछे दीये और पटाखे हैं. अरे मैडम, साल के बाकी 365 दिन लाहौर दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में टॉप पर क्यों रहता है? क्या तब भी भारत के पटाखे फूटते रहते हैं? अपनी लोकल फैक्ट्रियों, पराली जलाने और भयानक एडमिनिस्ट्रेटिव फेलियर पर पर्दा डालने का यह सबसे क्लासिक और बचकाना तरीका है. पाकिस्तान की सरकारें अपनी जनता को बेवकूफ बनाने के लिए हर साल ठंड आते ही यही पुराना स्क्रिप्टेड नाटक प्ले करना शुरू कर देती हैं.
AQI के भारी-भरकम आंकड़े और फिक्स इल्जाम
मरियम औरंगजेब साहिबा ने अपने ऑफिशियल हैंडल से बाकायदा मिडनाइट डेटा जारी किया है. ट्वीट के मुताबिक, खेमकरण में AQI 631, अमृतसर में 514, बठिंडा में 1032 और फरीदकोट में तो सीधे 1588 तक पहुंच गया. साथ ही दिल्ली का AQI 537 कोट किया गया है. उनका रोना यह है कि पूरब से पश्चिम की ओर चलने वाली सुस्त हवाएं इस सारे प्रदूषण को उठाकर सीधे पाकिस्तान के लाहौर शहर में पटक रही हैं. मतलब मौसम की मजबूरियों का पूरा ठीकरा त्योहार और भारत की छाती पर मढ़ दो.
अपना घर जल रहा, पड़ोसी को दोष
यह पूरी तरह से अपनी गलती छिपाने का क्लासिक तरीका है. पाकिस्तान के कई शहरों में सालभर पराली जलाने, पुराने वाहनों के धुएं, और कंस्ट्रक्शन डस्ट से प्रदूषण का लेवल हमेशा ‘हेल’ (Hazardous) जोन में रहता है. जब लाहौर खुद दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में टॉप पर रहता है, तब अचानक से दिवाली के पटाखों का बहाना याद आ जाता है. भाई, हवाएं बॉर्डर देखकर पासपोर्ट थोड़ी चेक करती हैं, लेकिन पाकिस्तानी मंत्रियों का ड्रामा जरूर हर सीजन में बॉर्डर पार कर जाता है.
मौसम का रोना और क्रॉस-बॉर्डर एक्सक्यूज
मंत्री मैडम के ट्वीट में यह भी ज्ञान दिया गया है कि रात और सुबह के वक्त हवा जहरीली रहेगी और दोपहर बाद विंड डायरेक्शन बदलने पर थोड़ी राहत मिलेगी. अरे मैडम, जब क्लाइमेट और ज्योग्राफी दोनों तरफ एक जैसी है, तो साल के बाकी 300 दिन लाहौर गैस चैंबर क्यों बना रहता है? वहां कौन से पटाखे फूटते रहते हैं? साफ है कि अपनी जनता को यह दिखाने के लिए कि सरकार पॉल्यूशन कंट्रोल करने में क्यों फेल हो रही है, एक रेडीमेड विलेन (भारत) की जरूरत हमेशा बनी रहती है.