Last Updated:
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की पूर्व पत्नी रेणु देसाई ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर लोगों से मुश्किल दौर से गुजर रहे लोगों के प्रति दयालु बनने की अपील की है.
पवन कल्याण ने रेणुका देसाई से दूसरी शादी की थी. (फोटो साभार: Instagram@renuudesai)
नई दिल्ली: आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और तेलुगु अभिनेता पवन कल्याण की पूर्व पत्नी-अभिनेत्री रेणु देसाई ने 10 नवंबर को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा किया. उन्होंने लोगों से दयालु बनने की अपील की और कहा कि जो लोग पहले से ही मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं, उन्हें अपशब्द कहना नैतिक रूप से सही नहीं है. रेणु देसाई ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ‘जब कोई व्यक्ति मुश्किल दौर से गुजर रहा हो, तो उसे और अधिक कोसना नैतिक रूप से सही नहीं है. जो इंसान पहले ही गिर चुका है, उसे और कुचलना अमानवीय है!’
रेणु देसाई ने आगे कहा, ‘वे चाहे किसी भी स्थिति में हों, हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि वे भी इंसान हैं. किसी की संतान, किसी के माता-पिता या किसी के भाई-बहन. जब हम खुद कांच के ऐसे घरों में रहते हैं जो पूरी तरह सुरक्षित नहीं हैं, तो दूसरों के घरों पर पत्थर नहीं फेंकने चाहिए!’ उन्होंने लोगों से दयालु और संवेदनशील होने की अपील करते हुए लिखा, ‘हम सभी इंसान हैं और एक इंसान कहलाने के लिए सबसे पहली और बुनियादी जरूरत है कि दूसरों के प्रति संवेदना और दया! सिर्फ इसलिए कि मैंने ये बातें लिखी हैं, आप लोग बेतुके कयास लगाना शुरू न कर दें. मेरा सच में मानना है कि एक समाज के रूप में हम बेहतर कर सकते हैं. मुझे दयालु और समझदार होने के लिए कोई पैसे नहीं मिले हैं. यह बस चीजों को देखने का मेरा अपना नजरिया है, जो एक सेहतमंद दिमाग के साथ आता है.’
(फोटो साभार: Instagram@renuudesai)
रेणु देसाई की पोस्ट ने मचाई हलचल
रेणु देसाई की पोस्ट ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी, क्योंकि यह पोस्ट ऐसे समय में आई है जब आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और तेलुगु अभिनेता पवन कल्याण और उनकी तीसरी पत्नी अन्ना कोनिडेला ने अलग होने का फैसला किया है. पवन कल्याण ने सितंबर 2013 में हैदराबाद के सब-रजिस्ट्रार ऑफिस में ‘स्पेशल मैरिज एक्ट’ के तहत रूसी नागरिक अन्ना लेझनेवा से शादी की थी. इस कपल के दो बच्चे पोलेना अंजना पवनोवा और मार्क शंकर पवनोविच हैं.
पवन-अन्ना का साझा बयान
कपल ने एक बयान में कहा, ‘अपने जीवन का एक लंबा हिस्सा एक साथ बिताने के बाद हमने आपसी समझ और सम्मान के साथ अलग होने का फैसला किया है. भले ही हमारी शादी खत्म हो गई है, लेकिन हम अच्छे दोस्त बने रहेंगे और अपने प्यारे बच्चों के लिए समर्पित माता-पिता रहेंगे. बच्चों की खुशी और भलाई हमेशा हमारी साझा प्राथमिकता रहेगी.’ उन्होंने अपने बयान के अंत में कहा, ‘जीवन के इस बदलाव के दौर में हम आपसे समझदारी, दया और हमारी प्राइवेसी का सम्मान करने की उम्मीद करते हैं. हम उन सभी लोगों का दिल से आभार जताते हैं जो इस सफर में हमारे साथ खड़े रहे.’