आल्हा-उदल की धरती पर दिवाली का अनोखा रंग, लाठियों के दांव-पेंच से जीवंत है बुंदेलखंड की दिवारी

आल्हा-उदल की धरती पर दिवाली का अनोखा रंग, लाठियों के दांव-पेंच से जीवंत है बुंदेलखंड की दिवारी


Last Updated:

उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड में दीपावली के अवसर पर खेली जाने वाली लट्ठमार ‘दीवारी’ का रोमांच देश भर में मशहूर है. महोबा, हमीरपुर, बाँदा और अन्य जिलों में धनतेरस से भाई दूज तक चलने वाले इस पारंपरिक लोकनृत्य में नौजवान ढोलक की थाप पर लाठियों के अचूक वार और जिमनास्टिक जैसे अद्भुत करतब दिखाते हैं. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाने के बाद ग्वालों ने विजय जश्न के रूप में इसे शुरू किया था. हिंदू-मुस्लिम एकता और आत्मरक्षा की मिसाल यह वीर रस से भरी परंपरा आज भी पूरी भव्यता के साथ जीवित है.

Zoom

बुंदेलखंड में दिवाली पर खेली जाती है लट्ठमार दिवारी

बरसाने की लट्ठमार होली की धूम तो आपने खूब सुनी होगी, लेकिन उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र में दीपावली के पर्व पर खेली जाने वाली ‘लट्ठमार दीवारी’ का रोमांच एकदम अलग और अद्भुत है. बुंदेलखंड के महोबा, हमीरपुर, बांदा, जालौन, चित्रकूट, झांसी और ललितपुर जैसे जिलों में धनतेरस से लेकर भाई दूज तक इस वीर रस से भरे पारंपरिक लोकनृत्य (Diwari Dance) की धूम पूरे देश में एक अनूठी मिसाल पेश करती है. इन दिनों गांव-गांव और गली-मोहल्लों में सजी टोलियों के बीच यह नृत्य किसी जंग के मैदान जैसा प्रतीत होता है.

जब इस पारंपरिक दीवारी नृत्य की टोलियां मैदान में उतरती हैं, तो उनका जोश और पहनावा देखते ही बनता है. युवा रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधान पहनते हैं, अपनी कमर में फूलों की झालर और घुंघरू बांधते हैं. हाथों में मजबूत और भारी लाठियां थामे ये नौजवान ढोलक की तेज थाप और वीर रस से भरपूर गीतों के बीच एक-दूसरे पर अचूक वार करते हैं और फुर्ती के साथ बचाव भी करते हैं. उनके जिमनास्टिक जैसे अद्भुत करतब और पैंतरे देखकर बच्चों से लेकर बूढ़ों तक हर कोई दांतों तले उंगली दबा लेता है और थिरकने पर मजबूर हो जाता है.

द्वापर युग और भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ा है इसका इतिहास
दीवारी के इस रोमांचक लोकनृत्य का इतिहास द्वापर युग से जुड़ा हुआ बताया जाता है. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, जब भगवान श्रीकृष्ण ने गोकुलवासियों की रक्षा के लिए और देवराज इंद्र के अहंकार को तोड़ने के लिए विशाल गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर उठा लिया था, तब ब्रज के ग्वालों ने उस विजय के जश्न के रूप में इस कला का प्रदर्शन किया था. बुंदेलखंड के लोग इस नृत्य को भगवान कृष्ण द्वारा ग्वालों को सिखाई गई आत्मरक्षा (Self-Defense) की युद्ध-कला के रूप में मानते हैं. इसके अलावा, यहाँ के दीवारी उत्सवों में महोबा के वीर योद्धाओं ‘आल्हा-उदल’ की वीरता की झलक भी साफ तौर पर दिखाई देती है.

हिंदू-मुस्लिम एकता और शारीरिक सौष्ठव की अनूठी मिसाल
महोबा शहर के भटीपुरा इलाके में दीवारी खेलने वाले अकरम खान बताते हैं कि वह पिछले 40 वर्षों से इलाके के नवयुवकों को लट्ठमार दीवारी का प्रशिक्षण दे रहे हैं. इस आयोजन की सबसे बड़ी खूबसूरती यह है कि इसमें हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के युवा पूरी भागीदारी और उत्साह के साथ शामिल होते हैं और द्वापर युग में भगवान कृष्ण की लीलाओं को याद करते हुए दीवारी खेलते हैं.



Source link