Last Updated:
Indore News: इंदौर के गौतमपुरा में 100 साल से ज्यादा पुरानी परंपरा के तहत हिंगोट युद्ध का आयोजन हुआ. तुर्रा और कलंगी दल के योद्धाओं के बीच करीब 3 घंटे तक बारूद का मुकाबला चला. इस ऐतिहासिक और रोमांचक युद्ध को देखने हजारों की संख्या में लोग पहुंचे. युद्ध के दौरान 20 से ज्यादा लोग घायल हुए.
रिपोर्ट: मिथिलेश गुप्ता
इंदौर के गौतमपुरा में ऐतिहासिक और परंपरागत हिंगोट युद्ध का आयोजन किया गया. यह करीब 100 साल से ज्यादा पुरानी परंपरा है. स्थानीय लोगों द्वारा आज भी इस ऐतिहासिक परंपरा को पूरे उत्साह के साथ निभाया गया.
इस आयोजन में मैदान के भीतर तुर्रा दल और कलंगी दल के बीच बारूद का मुकाबला हुआ. दोनों दलों के योद्धा ढाल लेकर मैदान में उतरे. दोनों पक्षों के बीच यह मुकाबला करीब 3 घंटे तक चला.
मुकाबले के दौरान दोनों दलों के योद्धाओं ने एक-दूसरे पर आग से दहकते हुए हिंगोट बरसाए. आसमान में चारों तरफ उड़ते आग के गोलों से युद्ध का मैदान बेहद रोमांचक नजारा बन गया. ढाल लेकर मैदान में उतरे योद्धाओं और आग के गोलों के बीच अद्भुत रोमांच देखने को मिला.
इस ऐतिहासिक युद्ध को देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे थे. इस बारूदी युद्ध के दौरान दुर्घटना भी हुई. हिंगोट युद्ध में 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए. घटना के तुरंत बाद सभी घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. वहीं, युद्ध के दौरान एंबुलेंस भी तैनात रही.