Last Updated:
Who is BJP CM Candidate in UP Elections: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की हलचल के बीच मुख्यमंत्री पद की दावेदारी पर बीजेपी की ओर से एक और बड़े नेता का बयान आया है. प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा है कि बीजेपी में चुनाव के बाद मुख्यमंत्री पद का चुनाव होता है. वहीं सीएम पद के लिए खुद की दावेदारी पर पंकज चौधरी ने कहा कि उनकी नजर मछली की आंख की तरह केवल 2027 के चुनाव में जीत दर्ज करने को लेकर है. इससे कुछ दिन पहले उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जाहिर की थी.
यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सीएम पद के लिए खुद की दावेदारी पर गोलमोल जवाब दिया है.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की तरफ से उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की ओर से मुख्यमंत्री पद की इच्छा जाहिर करने के बाद अब प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपनी दावेदारी को लेकर बेहद सधा जवाब दिया है. हिंदी अखबार दैनिक भास्कर की ओर से लिए गए इंटरव्यू में पंकज चौधरी ने पूछा गया कि क्या वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं, इसके जवाब में उन्होंने बेहद राजनीतिक तरीके का बयान दिया है. प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी दावेदारी पर पहली बार कुछ बयान दिया है.
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष से पहला सवाल पूछा गया कि उत्तर प्रदेश में कुर्मी समाज के नेता को मुख्यमंत्री बनाने की मांग हो रही है. ऐसे में क्या वह खुद को मुख्यमंत्री पद की रेस में मानते हैं? इसपर पंकज चौधरी ने कहा- ‘उत्तर प्रदेश में जो लोग केवल जाति की राजनीति करते हैं, यह केवल उनका विषय हो सकता है। बीजेपी सबका साथ सबका विकास की राह पर काम करती है. हम समाज के सभी लोगों की पार्टी हैं. हमारे यहां चुनाव होने के बाद तय होता है कि मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा? हमारा लक्ष्य संगठन को मजबूत करना है, सिर्फ इतना ही है.’
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा है कि बीजेपी में चुनाव के बाद सीएम तय होता है.
इसके बाद पंकज चौधरी ने सीधे पूछा गया- आप इतने लंबे समय से सांसद हैं, केंद्र सरकार में मंत्री का पद भी संभाल रहे हैं, क्या आपकी इच्छा नहीं होती है कि उत्तर प्रदेश जैसे राज्य का मुख्यमंत्री पद संभालूं? इसके जवाब में पंकज चौधरी ने कहा- ‘मैं खुद को केवल बीजेपी का एक कार्यकर्ता मानता हूं। मुझे मेरी पार्टी ने पहले से भारत सरकार में मंत्री पद दे रखा है. यानी पार्टी ने मुझे पहले से एक जिम्मेदारी दे रखी है. फिलहाल मेरी नजर मछली की आंख की तरह सिर्फ एक ही लक्ष्य पर है कि कैसे 2027 में बीजेपी की सरकार बने?’
CM पद के लिए सीएम योगी का नाम लेने से बचे पंकज चौधरी
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बीजेपी में मुख्यमंत्री पद के लिए कोई भी बड़ा नेता CM योगी आदित्यनाथ का नाम खुलकर नहीं बोलते दिख रहे हैं. पहले उपमुख्यंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कुछ दिन पहले रिपोर्टर के सवाल पर कहा कि जिस तरह आप अपने न्यूज चैनल में संपादक बनना चाहते हैं, ठीक उसी तरह मैं भी मुख्यमंत्री बनना चाहता हूं, लेकिन यह केवल मेरे चाहने मात्र से नहीं होगा. इसकी एक प्रक्रिया है, चुनाव में जीत मिलने के बाद विधायक दल की बैठक होती है, विधायक दल के नेता का चुनाव होता है. हमारा केंद्रीय नेतृत्व इस पर अंतिम मुहर लगाते हैं.
अब प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा है कि बीजेपी में चुनाव के बाद मुख्यमंत्री का चेहरा तय होता है. हाल ही में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह या रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी लखनऊ दौरे पर सीएम योगी आदित्यनाथ के 2027 के चुनाव के बाद मुख्यमंत्री बनने को लेकर कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया था. याद करें तो 2022 के विधानसभा चुनाव से करीब एक साल पहले से ही राजनाथ सिंह सरीखे नेता ने ऐलान कर दिया था कि योगी आदित्यनाथ ही अगले मुख्यमंत्री होंगे. सीएम पद के लिए उत्तर प्रदेश में कोई वैकेंसी नहीं है.