दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में शामिल एनवीडिया (Nvidia) के CEO जेंसन हुआंग इन दिनों एक विवाद में फंसे हुए हैं. कंपनी के बोर्ड ने एक संदिग्ध चीनी महिला जासूस के साथ उनके करीबी रिश्ते को लेकर जांच शुरू की है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसी दौरान हुआंग ने अफेयर की बात स्वीकार की है. हालांकि, इस मामले में रिश्ते और उससे जुड़ी दूसरी जानकारियां अभी पूरी तरह साफ नहीं हैं. यह मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है, क्योंकि महिला पर चीन की खुफिया एजेंसी के लिए काम करने का संदेह जताया गया है. अमेरिकी अधिकारियों की जांच में यह बात सामने आई कि वह एनवीडिया के प्रमुख से जुड़ी जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही थीं. ऐसे में यह विवाद केवल एक कारोबारी की पर्सनल लाइफ तक सीमित नहीं है. इसका संबंध अमेरिका-चीन के बीच एआई तकनीक और एडवांस चिप्स को लेकर चल रहे तनाव से भी जुड़ गया है.
एनवीडिया के बोर्ड ने इस पूरे मामले की जांच के लिए समिति बनाने का फैसला किया है. कंपनी के मुताबिक, जांच में बाहरी कानूनी सलाहकारों की मदद भी ली जाएगी. बोर्ड ने कहा है कि फिलहाल उसके पास ऐसा कोई कारण नहीं है, जिससे लगे कि कंपनी की गोपनीय जानकारी या अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी सूचनाओं के साथ समझौता हुआ है. जेंसन हुआंग ने जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही है. लेकिन इस विवाद के बीच सबसे ज्यादा चर्चा उस महिला की हो रही है, जिनसे उनका नाम जुड़ा है. आखिर कौन हैं एलिस हुआंग और एनवीडिया CEO के साथ उनके रिश्ते को लेकर इतना विवाद क्यों हो रहा है?
कौन हैं एलिस हुआंग और कैसे जुड़ा मामला?
एलिस हुआंग चीन की नागरिक हैं और सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड की पूर्व वरिष्ठ अधिकारी रह चुकी हैं. उनका नाम हुआंग ले के तौर पर भी सामने आया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह पहले चीन में टीवी पत्रकार के रूप में काम कर चुकी हैं. इसके बाद उन्होंने वित्तीय और निवेश से जुड़ी कंपनियों में भी जिम्मेदारियां निभाई है. हालांकि, उनके पुराने कामकाज और पेशेवर पहचान से जुड़ी सभी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
NVIDIA CEO Jensen Huang अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं.
जेंसन हुआंग और एलिस हुआंग के बीच रिश्ता कब शुरू हुआ और कितने समय तक चला, यह अभी स्पष्ट नहीं है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जून 2024 में ताइपेई के एक बार में दोनों को साथ देखा गया था. उस समय वहां गीगाबाइट और नेटथंडर जैसी कंपनियों के अधिकारी भी मौजूद थे. मई 2025 में भी अलीस को ताइपेई के एक रेस्तरां के बाहर जेंसन हुआंग के पास देखा गया था. इसी दौरान मेगास्पीड और एनवीडिया के कारोबारी संबंधों पर अमेरिकी अधिकारियों की नजर बढ़ने लगी थी.
जासूसी के आरोप और चिप कारोबार का कनेक्शन
अमेरिकी अधिकारियों की जांच से जुड़ी एक गोपनीय रिपोर्ट के हवाले से मीडिया में दावा किया गया कि चीन के स्टेट सिक्योरिटी मंत्रालय ने एलिस हुआंग को जेंसन हुआंग से जानकारी जुटाने के लिए तैयार किया था. आरोप है कि उनका फोकस एनवीडिया के प्रमुख से जुड़ी जानकारी चीन तक पहुंचाना और कंपनी की एडवांस AI चिप्स चीन को बेचने की कोशिशों को प्रभावित करना था. हालांकि, इन आरोपों को अभी जांच के दायरे में ही देखा जाना चाहिए.
इस मामले में मेगास्पीड की भूमिका भी अहम है. रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी ने पिछले दो सालों में एनवीडिया से 4.8 अरब डॉलर से ज्यादा की AI चिप्स खरीदीं. अमेरिकी अधिकारियों को संदेह था कि मेगास्पीड के जरिए कुछ एडवांस चिप्स उन जगहों तक पहुंचाई जा सकती हैं, जहां उनका निर्यात प्रतिबंधित है. अमेरिका ने राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए चीन को अत्याधुनिक चिप्स की बिक्री पर कई पाबंदियां लगा रखी हैं. बाइडेन प्रशासन के दौरान ये नियम सख्त किए गए थे. वहीं, डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद जेंसन हुआंग ने चिप निर्यात पर लगी कड़ी पाबंदियों में ढील देने की मांग की थी.
ट्रंप और अमेरिकी अधिकारियों ने क्या कहा?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने जेंसन हुआंग से इस बारे में बात नहीं की है. उन्होंने एनवीडिया CEO की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने कंपनी को आगे बढ़ाने में शानदार काम किया है. इससे पहले ट्रंप ने इस मामले को बेहद अलग बताया था और कहा था कि प्रशासन इस पर ध्यान देगा. विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी पहले इस विषय पर कमेंट करने से परहेज किया था.
एनवीडिया पर क्या पड़ सकता है असर?
एनवीडिया आज AI तकनीक के विकास में इस्तेमाल होने वाली सबसे अहम चिप्स बनाने वाली कंपनियों में शामिल है. दुनिया भर की टेक कंपनियां AI मॉडल और डेटा सेंटर तैयार करने के लिए इसके प्रोसेसर पर निर्भर हैं. कंपनी ने पिछले कुछ सालों में AI की बढ़ती मांग के कारण शानदार कारोबार किया है. अगस्त में खत्म हुई तिमाही में एनवीडिया ने 59.69 अरब डॉलर का मुनाफा दर्ज किया था. ऐसे में CEO से जुड़ा यह विवाद कंपनी की छवि, निवेशकों के भरोसे और अमेरिका-चीन के बीच तकनीकी कारोबार पर असर डाल सकता है. हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि एलिस हुआंग के कथित संबंधों का कंपनी के कामकाज या नेशनल सुरक्षा पर कितना असर हुआ है.