North Korea Destroyer News: मिसाइलों के बाद समंदर में दबदबा बना रहे किम जोंग उन, युद्धपोत बनाने में अमेरिका को पछाड़ा

North Korea Destroyer News: मिसाइलों के बाद समंदर में दबदबा बना रहे किम जोंग उन, युद्धपोत बनाने में अमेरिका को पछाड़ा


North Korea News: उत्तर कोरिया की पहचान अब तक परमाणु हथियारों और मिसाइलों के लिए रही है, लेकिन अब किम जोंग उन की नजर समुद्र में अपनी ताकत बढ़ाने पर है. उत्तर कोरिया ने बड़े युद्धपोत बनाने का अपना कार्यक्रम तीन शिपयार्ड तक फैला दिया है. नवंबर 2026 में जारी सैटेलाइट तस्वीरों के मुताबिक, देश के नाम्फो, चोंगजिन और राजिन में युद्धपोत बनाने से जुड़ा काम चल रहा है. सबसे ज्यादा चर्चा 10 हजार टन के एक नए डिस्ट्रॉयर की है, जिसका आकार अमेरिकी नौसेना के अर्ले बर्क क्लास डिस्ट्रॉयर से भी बड़ा बताया जा रहा है. उत्तर कोरिया के पास तीन शिपयार्ड हैं, जबकि अमेरिका के पास दो हैं.

मिलिट्री वॉच मैगजीन की रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर कोरिया की यह तैयारी इसलिए भी अहम है, क्योंकि अमेरिका अपने अर्ले बर्क क्लास के डिस्ट्रॉयर बनाने के लिए मुख्य रूप से दो शिपयार्ड पर निर्भर है. वहीं, उत्तर कोरिया तीन जगहों पर युद्धपोत निर्माण से जुड़ा काम कर रहा है. हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि तीनों जगहों पर अलग-अलग डिस्ट्रॉयर बनाए जा रहे हैं या राजिन में चोंगजिन में तैयार किए गए बड़े हिस्सों को जोड़ने का काम हो रहा है.

हर साल दो डिस्ट्रॉयर बनाने का लक्ष्य

उत्तर कोरिया की सरकार पहले ही अगले पांच साल तक हर साल दो डिस्ट्रॉयर बनाने की योजना की पुष्टि कर चुकी है. इस लक्ष्य की शुरुआत 2025 में हुई थी, जब देश ने अपने पहले दो 5,000 टन वाले चोए ह्योन क्लास डिस्ट्रॉयर लॉन्च किए थे. रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर कोरिया का जहाज निर्माण उद्योग अब हर साल दो डिस्ट्रॉयर बनाने की क्षमता हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है. तुलना करें तो अमेरिका ने औसतन हर साल 1.6 डिस्ट्रॉयर बनाए हैं. इस मामले में चीन सबसे आगे बताया गया है, जो हर साल करीब 6 से 10 डिस्ट्रॉयर तैयार कर रहा है.

किम जोंग उन ने खुद किया युद्धपोत का निरीक्षण

उत्तर कोरिया के बड़े युद्धपोत निर्माण कार्यक्रम का सबसे अहम केंद्र नाम्फो शिपयार्ड है. देश के पश्चिमी तट पर स्थित इस शिपयार्ड में पहला चोए ह्योन क्लास डिस्ट्रॉयर बनाया गया था. अब यहां बड़े युद्धपोत बनाने की क्षमता बढ़ाई जा रही है. 2 नवंबर 2026 को उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने नाम्फो का दौरा किया. उन्होंने वहां बन रहे एक नए युद्धपोत का निरीक्षण किया. उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया के मुताबिक, यह जहाज पिछले साल तैयार किए गए डिस्ट्रॉयर से काफी बड़ा है. दौरे के दौरान जारी तस्वीरों में एक विशाल जहाज का ढांचा दिखाई दिया.

अमेरिका के अर्ले बर्क डिस्ट्रॉयर से कितनी अलग होगी ताकत?

अमेरिका के अर्ले बर्क क्लास डिस्ट्रॉयर दो प्रमुख शिपयार्ड में बनाए जाते हैं. इनमें मेन स्थित बाथ आयरन वर्क्स और मिसिसिपी स्थित इंगॉल्स शिपबिल्डिंग शामिल हैं. ये जहाज आधुनिक रडार, एजिस युद्ध प्रणाली और मिसाइल लॉन्च करने की तकनीक से लैस होते हैं. अर्ले बर्क क्लास के एक डिस्ट्रॉयर का वजन करीब 9,600 टन होता है. इसमें 96 वर्टिकल लॉन्च सेल हैं. इनसे अलग-अलग तरह की मिसाइलें दागी जा सकती हैं. उत्तर कोरिया का नया 10 हजार टन वाला युद्धपोत आकार में इससे बड़ा हो सकता है. हालांकि, सिर्फ आकार बड़ा होने का मतलब यह नहीं है कि उसकी युद्ध क्षमता भी अमेरिकी जहाज से ज्यादा होगी.

डिस्ट्रॉयर क्या होता है और समुद्र में क्यों अहम है?

डिस्ट्रॉयर आधुनिक नौसेना का एक बड़ा और बहुउद्देशीय युद्धपोत होता है. इसका काम सिर्फ दुश्मन के जहाजों पर हमला करना नहीं है. यह एयरक्राफ्ट कैरियर्स और दूसरे बड़े जहाजों की सुरक्षा भी करता है. इसके अलावा पनडुब्बियों का पता लगाने, हवाई हमलों से बचाव करने और दूर तक मिसाइल दागने में भी इसका इस्तेमाल होता है. इन जहाजों में शक्तिशाली रडार, मिसाइल लॉन्च करने की व्यवस्था, तोपें और कई बार हेलीकॉप्टर भी होते हैं. आसान भाषा में कहें तो समुद्र में यह एक ऐसा युद्धपोत है, जो निगरानी से लेकर हमले और सुरक्षा तक कई जिम्मेदारियां निभा सकता है.

मिसाइलों के मामले में उत्तर कोरिया की अलग तैयारी

रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी अर्ले बर्क क्लास डिस्ट्रॉयर की बड़ी ताकत उसकी मिसाइल रक्षा प्रणाली है. इनमें SM-2, SM-3 और SM-6 जैसी मिसाइलें होती हैं, जो अलग-अलग तरह के हवाई और मिसाइल हमलों से बचाव करती हैं. इन जहाजों में टॉमहॉक क्रूज मिसाइलें भी इस्तेमाल की जाती हैं, जिनसे जमीन पर दूर स्थित ठिकानों को निशाना बनाया जा सकता है.

उत्तर कोरिया के चोए ह्योन क्लास डिस्ट्रॉयर में प्योंगे-6 लंबी दूरी की वायु रक्षा प्रणाली का नौसैनिक रूप इस्तेमाल किए जाने का अनुमान है. हालांकि, यह अमेरिकी जहाजों की तरह खास तौर पर मिसाइल रक्षा के लिए तैयार नहीं मानी जाती. दूसरी तरफ, उत्तर कोरिया के युद्धपोतों में हाइपरसोनिक क्रूज मिसाइलें लगाए जाने की संभावना है, जिससे समुद्र में दूसरे जहाजों को निशाना बनाने की उनकी क्षमता बढ़ सकती है.



Source link