Last Updated:
प्रयागराज में मेट्रो का इंतजार बहुत जल्द खत्म होने वाला है. क्योंकि इसके निर्माण से पहले डीपीआई तैयार कर राज्य सरकार को भेज दी गई है. अब राज्य सरकार से अनुमति मिलने के बाद इसे केंद्र सरकार को भेजा जाएगा और फिर वहां से परमिशन मिलते ही काम शुरू हो जाएगा. बताया जा रहा है कि प्रयागराज मेट्रो का काम दो कॉरिडोर में होगा.
प्रयागराज में जल्द दौड़ेगी मेट्रो. (एआई इमेज)
प्रयागराजः संगम नगरी प्रयागराज के लोगों के लिए एक अच्छी खबर है. प्रयागराज में मेट्रो ट्रेन दौड़ने के लिए डीपीआर यानी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कर ली गई है. रेलवे की तकनीकी परामर्शदाता संस्था राइट्स ने मेट्रो ट्रेन चलाने के लिए नया डीपीआर यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन को सौंप दिया है. इसके बाद अब मेट्रो रेल परियोजना को मंजूरी दिलाने की कवायद तेज हो गई है. शासन से डीपीआर को हरी झंडी मिलने के बाद इसे केंद्र सरकार को भेजा जाएगा. केंद्र से स्वीकृति मिलने पर परियोजना को जमीन पर उतरने का रास्ता साफ हो जाएगा.
दो कॉरिडोर में होगा तैयार
प्रयागराज में पहले लाइट मेट्रो ट्रेन चलाने का डीपीआर बनाया गया था. इसके बाद शासन के निर्देश पर राइट्स ने मेट्रो लाइट का डीपीआर तैयार किया था. मेट्रो लाइट की डीपीआर के स्टेशन छोटे किए गए. उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के सुझाव पर एक बार फिर से राइट्स ने पूर्ण मेट्रो के डीपीआर बनाने का सर्वे किया. नई डीपीआर में भी मेट्रो ट्रेन के संचालन के लिए पूर्व की तरह दो कॉरिडोर प्रस्तावित किए गए हैं. पहला कॉरिडोर शांतिपुरम से नैनी के छिवकी तक बनेगा और दूसरा कॉरिडोर झूंसी से एयरपोर्ट एयरोसिटी क्षेत्र को जोड़ेगा. मेट्रो ट्रेन के लिए प्रयागराज विकास प्राधिकरण को नोडल एजेंसी बनाया गया है.
12 हजार करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट
प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ऋषिराज के मुताबिक नए डीपीआर में झूंसी बमरौली रूट को एयरपोर्ट तक बढ़ाया गया है. इसके साथ ही परेड में दोनों मेट्रो रूट का जंक्शन बनाया गया है. जहां पर रोप-वे स्टेशन को भी शामिल किया गया है. उनके मुताबिक शासन से 12 हजार करोड़ की मेट्रो ट्रेन परियोजना को हरी झंडी मिलने के बाद इसे केंद्र सरकार को भेजा जाएगा. केंद्र सरकार द्वारा मेट्रो ट्रेन के लिए बजट जारी होने के बाद इस पर निर्माण भी शुरू होगा.
मेट्रो शुरू होने से मिलेंगे कई लाभ
संगम नगरी प्रयागराज में मेट्रो का निर्माण होने पर जहां ग्रेटर प्रयागराज की परिकल्पना साकार होगी. वहीं पब्लिक कन्वेन्स को लेकर लोगों को काफी सहूलियत होगी. मेट्रो शुरू होने पर सड़क पर भी वाहनों का दबाव कम होगा और लोगों को जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी. खास बात यह है कि प्रयागराज जैसे शहर में मेट्रो की शुरुआत होने से लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने में सुविधा मिलेगी.