Mathura-Vrindavan New Highway : नो एंट्री और जाम से आजादी, मथुरा-वृंदावन के बीच बनेगा 4-लेन हाईवे, चेक करें रूट

Mathura-Vrindavan New Highway : नो एंट्री और जाम से आजादी, मथुरा-वृंदावन के बीच बनेगा 4-लेन हाईवे, चेक करें रूट


Last Updated:

Mathura-Vrindavan New Highway : मथुरा और वृंदावन के बीच एक नया हाईवे बनाया जाएगा. दो चरणों में बनने वाले इस फोरलेन सड़क को यूपी सरकार से सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है. 12 किलोमीटर लंबे इस हाईवे के बनने से दोनों शहरों में आना-जाना आसान हो जाएगा.

Zoom

मथुरा-वृंदावन हाईवे को रेलवे ट्रैक के साथ-साथ बनाया जाएगा. (Photo : AI)

नई दिल्‍ली. मथुरा और वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं को संकरी सड़कों पर रेंगते वाहन और जाम से बहुत परेशानी होती है. अब इसी समस्‍या का समाधान करने के लिए मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण ने (MVDA) ने दोनों शहरों के बीच यातायात को सुगम बनाने के लिए 12 किलोमीटर लंबा फोरलेन हाईवे बनाने की योजना बनाई है. उत्‍तर प्रदेश सरकार से इस योजना को सैद्धांतिक मंजूरी भी मिल चुकी है. इस वैकल्पिक मार्ग के शुरू होने से न केवल त्‍योहारों बल्कि वीकेंड पर लगने वाले जाम से भी मुक्ति मिलेगी और दोनों धार्मिक शहरों में कुछ मिनटों में आया-जाया जा सकेगा.

मथुरा-वृंदावन फोरलेन हाईवे की कागजी प्रक्रिया और तकनीकी सर्वे को अंतिम रूप दिया जा रहा है. प्राधिकरण के अनुसार, इस पूरे 12 किलोमीटर लंबे फोरलेन और एलिवेटेड रोड की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) इसी महीने के अंत तक राज्‍य सरकार को सौंप दी जाएगी. शासन स्तर से वित्तीय स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी.

मथुरा-वृंदावन हाईवे रूट

टाइम्‍स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, मथुरा-वृंदावन हाईवे को रेलवे ट्रैक के साथ-साथ बनाया जाएगा. यह 12 किलोमीटर लंबा फोरलेन हाईवे मथुरा के केंद्र से शुरू होकर वृंदावन के प्रमुख हिस्सों तक जाएगा. यह मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मस्थान से लेकर वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर और आसपास के अन्य प्रमुख मंदिरों को को कनेक्‍ट करेगा. इससे भारी वाहनों और बाहरी शहरों से आने वाले पर्यटकों की गाड़ियों को शहर के बाजारों में प्रवेश किए बिना सीधे वृंदावन की ओर निकलने का बाईपास मिल जाएगा. भविष्य में ब्रज क्षेत्र में लाइट मेट्रो की भी येाजना है.

दो चरणों में होगा निर्माण

मथुरा-वृंदावन हाईवे का निर्माण दो चरणों में होगा-

  • पहला चरण: फेज-1 में मथुरा के मछली फाटक से मसानी चौराहे के बीच लगभग 4 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा. जमीन से ऊपर बनने वाला यह एलिवेटेड हिस्सा मथुरा शहर के सबसे व्यस्त और जाम वाले हिस्से को सीधे बाईपास कर देगा.
  • दूसरा चरण: मसानी से आगे वृंदावन तक के शेष हिस्से को फोरलेन सड़क के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे वाहन बिना किसी ट्रैफिक सिग्नल या रुकावट के सीधे वृंदावन सीमा में दाखिल हो सकेंगे.

ट्रैफिक मैनेजमेंट होगा हाईटेक

मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण का कहना है क यह सिर्फ एक सड़क नहीं बल्कि पूरे ब्रज क्षेत्र के ट्रैफिक सिस्टम की कायापलट करने वाली लाइफलाइन बनेगी. वीकेंड, पूर्णिमा, एकादशी, जन्माष्टमी और होली जैसे बड़े पर्वों पर जब लाखों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ते हैं, तब प्रशासन को शहर में नो-एंट्री लागू करनी पड़ती है.

इस फोरलेन कॉरिडोर के अस्तित्व में आने से स्थानीय दुकानदारों, यात्रियों और दूसरे राज्यों से निजी गाड़ियों या बसों से आने वाले तीर्थयात्रियों को अलग-अलग लेन मिल सकेगी. इससे मुख्य मार्गों पर वाहनों का अनावश्यक दबाव 70 फीसदी तक घट जाएगा.



Source link