Last Updated:
Jaipur Cafe Operator Attack: जयपुर के वैशाली नगर में कैफे बंद कर घर लौट रहे संचालक मयंक गोपालिया पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया. बाइक और स्कूटी पर सवार हमलावरों ने उन्हें रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा. सिर पर गंभीर चोट लगने से मयंक सड़क पर गिर पड़े, लेकिन बदमाश बेसुध होने के बाद भी उन्हें पीटते रहे. युवक को मरा हुआ समझकर आरोपी मौके से फरार हो गए. पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. मयंक के सिर का ऑपरेशन करना पड़ा है. प्रारंभिक जांच में कैफे की महिला कर्मचारी के दोस्त से विवाद को हमले की वजह माना जा रहा है. पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है.
जयपुर के वैशाली नगर में कैफे बंद कर घर लौट रहे संचालक पर बदमाशों ने किया जानलेवा हमला
जयपुर. राजधानी जयपुर में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं. वैशाली नगर थाना क्षेत्र में कैफे बंद कर घर लौट रहे एक संचालक पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया. बाइक और स्कूटी पर सवार होकर आए हमलावरों ने युवक को रास्ते में घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. हमलावरों ने युवक के सिर पर इतने वार किए कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. हैरानी की बात यह है कि युवक के बेसुध होने के बाद भी बदमाश उस पर लाठियां बरसाते रहे. इसके बाद उसे मरा हुआ समझकर आरोपी मौके से फरार हो गए. पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है.
घायल कैफे संचालक मयंक गोपालिया के सिर में गंभीर चोट आई है और उन्हें ऑपरेशन करवाना पड़ा. पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि मयंक गोपालिया वैशाली नगर इलाके में कैफे संचालित करते हैं. वारदात के समय वह अपना कैफे बंद कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में बाइक और स्कूटी पर सवार होकर आए बदमाशों ने उन्हें घेर लिया. इससे पहले कि मयंक कुछ समझ पाते, हमलावरों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. बदमाशों ने युवक को संभलने का मौका तक नहीं दिया और लगातार वार करते रहे.
सिर पर वार से सड़क पर गिरा कैफे संचालक
हमले के दौरान बदमाशों ने मयंक के सिर को निशाना बनाकर लाठियों से कई वार किए. सिर में गंभीर चोट लगने से वह सड़क पर गिर पड़े और बेसुध हो गए. इसके बावजूद हमलावरों का दिल नहीं पसीजा. वे जमीन पर पड़े युवक को भी बेरहमी से पीटते रहे. इसके बाद जब उन्हें लगा कि युवक की मौत हो गई है तो वे मौके से फरार हो गए. घटना के बाद घायल मयंक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सिर की गंभीर चोट को देखते हुए उनका ऑपरेशन करना पड़ा.
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
इस हमले का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बदमाश युवक को घेरकर लाठी-डंडों से पीटते दिखाई दे रहे हैं. फुटेज के आधार पर पुलिस हमलावरों की पहचान करने में जुटी है. प्रारंभिक जांच में कैफे की एक महिला कर्मचारी के दोस्त के साथ हुए विवाद को हमले की संभावित वजह माना जा रहा है. हालांकि, हमले के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है. पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है.