Last Updated:
Motihari Police Raid: डॉक्टर की पर्ची पर लिखी कैप्सूल आमतौर पर जिंदगी बचाती है, लेकिन भारत-नेपाल सीमा पर जो मिला, वे जीवन बचाने वाली नहीं बल्कि जवानी को डंसने वाली ‘जहरीली’ दवाएं थीं. पूर्वी चंपारण के महुआवा थाना की पुलिस ने एक सनसनीखेज कार्रवाई करते हुए सीमा पार से आ रही ‘मौत के सामान’ की एक बड़ी खेप को नाकाम कर दिया है, जो बिहार के नौजवानों के खून में नशा घोलने के लिए सरहद पार से लाई जा रही थीं. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.
पूर्वी चंपारण में भारत-नेपाल सीमा पर महुआवा पुलिस ने 30 लाख के 52 हजार नशीले कैप्सूल बरामद किए
मोतिहारी. दिखने में बिल्कुल दवा जैसी, लेकिन अंदर मौत का सामान! पूर्वी चंपारण के भारत-नेपाल सीमा के महुआवा थाना की पुलिस ने ऐसी ही एक जहरीली खेप को पकड़ लिया है. पुलिस ने तकरीबन 30 लाख रुपये के 52,000 नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं. दो युवक इस जहर को भारतीय सीमा में लेकर आ रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें धर दबोचा. अगर यह खेप बाजार में पहुंच जाती तो न जाने कितने घरों की खुशियां उजड़ जातीं. कितनी युवा पीढ़ी नशे की दलदल में धंस जाती. पुलिस ने समय रहते इस जहरीली खेप को रोक लिया.
52 हजार ‘जहरीले’ कैप्सूल और दो सौदागर धरे गए
जानकारी के अनुसार, महुआवा थाना पुलिस को भनक लगी थी कि दो शातिर तस्कर नेपाल की तरफ से भारतीय सीमा में घुसने की फिराक में हैं. जैसे ही दोनों संदिग्धों ने कदम आगे बढ़ाए, पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया. जब उनके पास मौजूद सामान की तलाशी ली गई, तो अधिकारियों की आंखें फटी की फटी रह गईं. उनके पास से एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 52,000 पीस प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल बरामद हुए. अंतरराष्ट्रीय ब्लैक मार्केट में इन दवाओं की कीमत तकरीबन 30 लाख रुपये आंकी गई है.
दर्द मिटाने वाली दवा को बनाया जवानी का दुश्मन
बता दें कि यह कोई आम नशा नहीं है, बल्कि यह वह ‘सूखा नशा’ है जो आज की युवा पीढ़ी को भीतर ही भीतर दीमक की तरह चाट रहा है. जिन दवाओं का इस्तेमाल गंभीर बीमारियों में दर्द से राहत के लिए होता है, तस्कर उनका अवैध रूप से ओवरडोज तैयार कर नशे के बाजार में बेच रहे हैं. चंद रुपयों के मुनाफे के लिए नेपाल से चलकर यह खेप बिहार के अलग-अलग जिलों के युवाओं की नसों को खोखला करने के लिए भेजी जा रही थी, जिसे महुआवा पुलिस ने समय रहते दबोच लिया.
कैसे बिछाया गया सरहद पर पुलिस का जाल?
बता दें कि नेपाल से सटे इन रास्तों पर पुलिस लगातार अलर्ट मोड पर है. महुआवा पुलिस को जैसे ही इनपुट मिला कि ड्रग्स के पेडलर्स भारतीय सीमा में दाखिल होने वाले हैं, पुलिस ने बिना वक्त गंवाए एक सीक्रेट ऑपरेशन प्लान किया. सादे लिबास में तैनात जवानों ने तस्करों को भागने का कोई मौका नहीं दिया. यह कार्रवाई इस बात का सबूत है कि सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां अब इन ‘सफेद जहर’ के सौदागरों के खिलाफ आर-पार के मूड में आ चुकी हैं.
अब असली ‘आकाओं’ की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस की गिरफ्त में आए दोनों आरोपियों से बंद कमरे में कड़ी पूछताछ की जा रही है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नेपाल में बैठा वह कौन सा बड़ा सिंडिकेट है, जो बिहार में इस जहरीले नेटवर्क को ऑपरेट कर रहा है. इसके साथ ही, स्थानीय स्तर पर इन कैप्सूलों को स्कूल-कॉलेज के छात्रों तक पहुंचाने वाले कूरियर और पेडलर्स की भी लिस्ट तैयार की जा रही है ताकि इस पूरे गैंग की रीढ़ की हड्डी तोड़ी जा सके.