Business Success Story: कभी ₹4500 की नौकरी करती थीं खुशबू, आज खुद की फैक्ट्री की मालकिन, विदेशों तक पहुंचा दिया कारोबार

Business Success Story: कभी ₹4500 की नौकरी करती थीं खुशबू, आज खुद की फैक्ट्री की मालकिन, विदेशों तक पहुंचा दिया कारोबार


ग्रेटर नोएडा: सफलता की कहानी हमेशा बड़े संसाधनों या कारोबारी परिवार से शुरू नहीं होती. कई बार एक छोटा-सा अवसर भी जिंदगी की दिशा बदल देता है. ऐसी ही कहानी आर्या फैशन की सीईओ खुशबू की है. परिवार में दूर-दूर तक कोई कारोबारी नहीं था. सभी लोग नौकरी और सर्विस सेक्टर से जुड़े थे. इसके बावजूद खुशबू ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर हैंडीक्राफ्ट के क्षेत्र में अलग पहचान बनाई. कभी 4,500 रुपये महीने की नौकरी करने वाली खुशबू आज अपनी फैक्ट्रियों के माध्यम से हैंडीक्राफ्ट फैशन ज्वेलरी और बैग का विदेशों में निर्यात कर रही हैं. उनकी इकाई का पूरा उत्पादन निर्यात के लिए होता है.

चार-पांच कारीगरों के हुनर ने बदल दी जिंदगी
खुशबू ने बताया कि उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से अंग्रेजी में ऑनर्स की पढ़ाई की और सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग भी की. उनकी इच्छा आईटी सेक्टर में करियर बनाने की थी. इसके लिए उन्होंने प्रयास भी किए, लेकिन नौकरी नहीं मिल सकी. इसी दौरान अखबार में एक छोटी-सी नौकरी का विज्ञापन देखकर वह एक ऐसी जगह पहुंचीं, जहां चार-पांच कारीगर मोती और माला बनाने का काम करते थे. उस समय उन्हें हैंडीक्राफ्ट के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी.

वहां उन्होंने कंप्यूटर ऑपरेटर के तौर पर काम शुरू किया. इस नौकरी के लिए उन्हें 4,500 रुपये महीने मिलते थे. हालांकि, वहां काम करने वाले कारीगरों के हुनर को देखकर उनकी सोच बदल गई. यही उनकी जिंदगी का टर्निंग पॉइंट बना. उन्होंने आईटी क्षेत्र छोड़कर हैंडीक्राफ्ट की दुनिया में आगे बढ़ने का फैसला किया.

2017 में बेटी के नाम पर शुरू की कंपनी
उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में उन्होंने आर्या फैशन की शुरुआत की. कंपनी का नाम उन्होंने अपनी बेटी आर्या के नाम पर रखा. नोएडा के सेक्टर-18 में उन्होंने पहली बार कंपनी शुरू की थी. उस समय उनके पास सीमित संसाधन थे. शुरुआत में दो कर्मचारियों के साथ काम शुरू किया और फैक्ट्री का किराया 25 हजार रुपये महीने था.

कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने कारीगरों के साथ मिलकर मेहनत की. शुरुआत में कई चुनौतियां आईं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. खुशबू के मुताबिक, करीब एक-दो साल के भीतर ही एक कमरे से तीन मंजिल की बिल्डिंग तक का सफर तय किया. इसके बाद नोएडा के सेक्टर-6 में तीन मंजिला फैक्ट्री लीज पर ली. कारोबार बढ़ने के चौथे साल उन्होंने ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 में अपनी तीन मंजिला फैक्ट्री स्थापित की.

यूरोप, यूके और ऑस्ट्रेलिया तक पहुंच रहे उत्पाद
खुशबू ने बताया कि उनकी कंपनी में बनने वाली हैंडीक्राफ्ट फैशन ज्वेलरी और बैग का 100 प्रतिशत निर्यात किया जाता है. यूरोप, यूके और ऑस्ट्रेलिया समेत अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उनके उत्पाद पहुंचते हैं. इस कारोबार में उनकी सबसे बड़ी ताकत कारीगरों का हुनर है. उन्होंने उत्तर प्रदेश के करीब 10 से 12 गांवों की महिलाओं को अपने उत्पादन कार्य से जोड़ा है. इनमें जारचा और मेरठ के आसपास के गांव भी शामिल हैं. उनके अनुसार, करीब 2,500 महिलाएं इस काम से जुड़ी हुई हैं. कंपनी महिलाओं को प्रशिक्षण देने के साथ उन्हें स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर भी देती है.

महिलाओं के लिए शुरू किया सशक्त
महिला संगठन कहा कि कारोबार शुरू करने के दौरान उन्होंने महिलाओं और नए उद्यमियों को आने वाली परेशानियों को करीब से समझा. किसी को अपना उद्यम शुरू करना हो तो उसे लाइसेंस, विभागीय प्रक्रिया, योजनाओं और प्राधिकरण से जुड़ी जानकारी के लिए काफी भटकना पड़ता है. कई बार सही मार्गदर्शन नहीं मिल पाता. इसी अनुभव के आधार पर उन्होंने सशक्त महिला संगठन की शुरुआत की.

उनका उद्देश्य महिलाओं को सरकारी योजनाओं, उद्यम शुरू करने की प्रक्रियाओं और जरूरी जानकारियों से अवगत कराना है. वह चाहती हैं कि संगठन उद्यमियों और प्राधिकरण, प्रशासन और संबंधित विभागों के बीच एक सेतु का काम करें. उनका कहना है कि सरकार महिलाओं के लिए कई योजनाएं लाती है, लेकिन जागरूकता की कमी के कारण बहुत सी महिलाएं इनका लाभ नहीं उठा पातीं.

इकोटेक-11 में भी स्थापित की नई फैक्ट्री
खुशबू ने बताया कि दो कमरों के घर से शुरू हुआ उनका सफर आज अपनी फैक्ट्रियों तक पहुंच चुका है. हाल ही में उन्होंने ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-11 में भी एक नई फैक्ट्री ली है, जिसका आकार उनकी पहले की इकाई से करीब तीन गुना बड़ा है. उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने कारीगरों और आर्टिजन्स के साथ बेहतर तालमेल को दिया. उनका कहना है कि वह कर्मचारियों को केवल पेशेवर रिश्ते तक सीमित नहीं रखतीं, बल्कि व्यक्तिगत रूप से जुड़कर उनके साथ काम करती हैं.

महिलाओं को दिया आगे बढ़ने का संदेश
उन्होंने कहा कि किसी भी महिला को अपने संकल्प पर अडिग रहना चाहिए. वह छोटा या बड़ा कोई भी कारोबार शुरू करना चाहती है तो उसे छोटा नहीं समझना चाहिए. उनके मुताबिक, किसी भी महिला के लिए उसका आत्मविश्वास, अंतरात्मा और दृढ़ निश्चय ही सबसे बड़ा सहारा है. रास्ते में कितनी भी चुनौतियां आएं, उन्हें देखकर हार नहीं माननी चाहिए, बल्कि उनका सामना करते हुए आगे बढ़ना चाहिए.



Source link