Last Updated:
मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र में एक कबाड़ी की दुकान में भीषण आग लग गई. सड़क पर पटाखे फोड़ रहे युवकों की चिंगारी दुकान में जा गिरी थी. इससे दुकान का सारा सामान जलकर खाक हो गया. मौके पर भारी अफरा-तफरी मच गई. दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
मुजफ्फरपुरः बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक बड़ी दुर्घटना सामने आई है. यहां पटाखे की एक चिंगारी की वजह से कबाड़ की दुकान में भीषण आग लग गई. इस अचानक हुई घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. आग इतनी भयानक थी कि दुकान में रखा सारा सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया.
यह पूरी घटना मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र की है. मंझोलिया रेलवे गुमटी के पास यह कबाड़ की दुकान स्थित थी. स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, कुछ युवक सड़क पर खड़े होकर पटाखे फोड़ रहे थे. इसी दौरान पटाखे से निकली एक चिंगारी उड़कर पास की कबाड़ की दुकान में जा गिरी.
कबाड़ दुकान में ऐसे पकड़ी आग
चिंगारी गिरते ही दुकान के भीतर पड़े कचरे और कबाड़ के सामान ने आग पकड़ ली. देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि आसपास के लोग घबरा गए. आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर से ही साफ दिखाई दे रहा था.
आग की भीषणता को देखकर आसपास के लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई. लोग अपनी जान बचाने और आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े. गनीमत यह रही कि समय रहते लोगों ने इस बात की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दे दी.
सूनचा मिलते ही दमकल विभाग एक्टिव
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम एक्टिव हो गई. दमकल की दो बड़ी गाड़ियां तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुईं. मौके पर पहुंचकर दमकल कर्मियों ने बिना समय गंवाए आग बुझाने का मोर्चा संभाला.
आग इतनी तेज थी कि उस पर काबू पाना आसान नहीं था. दमकल कर्मियों को आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. कई घंटों की लंबी जद्दोजहद के बाद आखिरकार दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया.
इस घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने मीडिया को पूरी जानकारी दी. इस दर्दनाक अगलगी की घटना से दुकान मालिक को बहुत बड़ा झटका लगा है. शुरुआती अनुमान के मुताबिक, दुकान मालिक को इस हादसे में लाखों रुपये का भारी नुकसान हुआ है. गनीमत यह रही कि इस भयानक हादसे में किसी भी तरह के जान-माल के बड़े नुकसान की कोई खबर सामने नहीं आई है.