Last Updated:
मां की जिंदगी बची तो बेटे ने अनोखा संकल्प लिया है. बेटा 236 दिनों से दौड़ रहा है. वह 12 ज्योतिर्लिंग और चारधाम की यात्रा पर है. बेटा बिहार का रहने वाला है और दौड़ते हुए उज्जैन पहुंचा. बाबा महाकाल के दर्शन किए और मन्नत पूरी होने की प्रार्थना की.
उज्जैन. मां के प्रति प्रेम और भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था इंसान से क्या कुछ नहीं करवा सकती, इसकी मिसाल बिहार के पटना निवासी मोनू राज पेश कर रहे हैं. मां की जिंदगी बचाने के लिए भगवान महादेव से मांगी गई मन्नत पूरी करने के उद्देश्य से मोनू ने ऐसी कठिन धार्मिक यात्रा शुरू की है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है. वे पिछले 236 दिनों से लगातार दौड़कर 12 ज्योतिर्लिंग और चारधाम की यात्रा कर रहे हैं. इसी संकल्प के साथ वे बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया.
मोनू राज ने बताया कि कुछ साल पहले उनकी मां के साथ अचानक एक ऐसी घटना हुई, जिसने पूरे परिवार को चिंता में डाल दिया था. मां भोजन कर रही थीं, तभी मछली का कांटा उनके गले में फंस गया. इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. इलाज में परिवार की काफी रकम खर्च हो गई और आर्थिक स्थिति भी कमजोर होने लगी. मां की परेशानी देखकर मोनू ने भगवान शिव की शरण लेने का फैसला किया. वे अपने गांव से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित बाबा सिद्धेश्वर नाथ मंदिर पहुंचे और महादेव के सामने मन्नत मांगी कि यदि उनकी मां स्वस्थ हो जाती हैं तो वे 12 ज्योतिर्लिंग और चारधाम की यात्रा करेंगे.
मोनू ने बताया, भगवान से प्रार्थना करने के बाद उनकी मां की तबीयत में सुधार होने लगा. एक साल तक उन्हें दोबारा ऐसी परेशानी नहीं हुई. इसके बाद मोनू ने अपनी मन्नत पूरी करने का संकल्प लिया और 15 मार्च 2026 को दौड़ते हुए धार्मिक यात्रा की शुरुआत कर दी.
236 दिन में सात ज्योतिर्लिंगों के दर्शन
मोनू बताते हैं कि इस यात्रा में अब तक वे सात ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर चुके हैं. आठवें ज्योतिर्लिंग बाबा महाकाल के दर्शन के लिए वे उज्जैन पहुंचे हैं. उनकी दिनचर्या भी किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है. वे सामान्य तौर पर प्रतिदिन 40 से 50 किलोमीटर दौड़ते हैं, जबकि जरूरत पड़ने पर एक दिन में 70 से 80 किलोमीटर तक का सफर तय कर लेते हैं.
इस कठिन सफर में उनके साथ दो अन्य साथी भी चल रहे हैं. यात्रा के दौरान रास्ते में मिलने वाले श्रद्धालु उनके भोजन, पानी और दूसरी जरूरतों में सहयोग करते हैं. मोनू का कहना है कि महाराष्ट्र से मध्य प्रदेश तक लोगों ने उन्हें खूब प्यार और सम्मान दिया है. अनजान लोगों का यह सहयोग उनकी हिम्मत बढ़ा रहा है.
अब इन धार्मिक स्थलों तक पहुंचेगी यात्रा
उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन के बाद मोनू की यात्रा सोमनाथ, नागेश्वर, द्वारकाधीश, केदारनाथ, बद्रीनाथ और काशी विश्वनाथ सहित अन्य धार्मिक स्थलों की ओर आगे बढ़ेगी. उनका लक्ष्य 12 ज्योतिर्लिंगों के साथ चारों धाम की यात्रा पूरी करना है. मोनू खुद को ‘मोनू राज ब्लैक पैंथर’ के नाम से पहचानते हैं. उन्होंने बताया कि उन्होंने महादेव से एक और मन्नत मांगी है. यदि उनकी यह इच्छा पूरी होती है तो वे अपनी मां को साथ लेकर दोबारा बाबा महाकाल के दर्शन करने उज्जैन आएंगे. उनका कहना है कि यह यात्रा सिर्फ उनकी मां के लिए नहीं, बल्कि देश की सभी माताओं के सम्मान, युवाओं को संकल्प की शक्ति का संदेश देने और धर्म के प्रति अपनी आस्था समर्पित करने का प्रयास है.